छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग: भटगांव की ग्राम देवी माता हिंगलाज
मानव ने अपने विकास क्रम में सबसे पहले प्रकृति की शक्ति को स्वीकार तथा उसके विभिन्न रूपों की उपासना करना प्रारंभ किया या कह सकते हैं कि आदिकाल से ही मानव द्वारा प्रकृति की उपासना की परंपरा चली आ रही है। आदिमानवों द्वारा अलग अलग समूहों में रहते हुए अदृश्य तथा सर्वशक्तिमान प्रकृति के प्रतिनिधियों के विविध स्वरूपों की पूजा अर्चना का क्रम प्रारंभ हुआ जिन्हें कालांतर में ग्राम देवी अथवा ग्राम देवता के नाम से जाना गया। आदिमानवों के प्रत्येक दल, समूह अथवा कबीले के एक आराध्य हुआ करते थे (कहीं कहीं अभी भी अस्तित्व में हैं) जो समूह की अनेक विपत्तियों से रक्षा करते हैं ।
ग्राम देवी देवताओं की परिकल्पना कदाचित संकट के समय में ग्राम समाज की रक्षा करने तथा सभी सामाजिक कार्यों के निर्विघ्न संपन्न करने की मनोकामना के आधार पर की गयी। विभिन्न क्षेत्रों में ग्राम देवताओं का अस्तित्व विभिन्न प्रायोजन हेतु माना जा सकता है जैसे महामारी से रक्षा के लिए, दुर्भिछ या अकाल से रक्षा के लिए, अच्छी फसल के लिए, संतान प्राप्ति के लिए, अनुकूल वर वधु की प्राप्ति के लिए आदि।
ग्राम देवी-देवताओं के साथ विशिष्ट रीति रिवाजों, मान्यताओं एवं टोटकों का भी गहरा सम्बन्ध रहा है जो कालांतर में एक अलिखित संविधान की तरह संस्कृति का एक अभिन्न हिस्सा बन गए।छत्तीसगढ़ के कुछ प्रसिद्द ग्राम देवताओं में ठाकुरदेव, बाना देवता, बुढादेव, बरम बावा आदि शामिल हैं तथा ग्राम देवियों में जेरा दाई, बंजारी माता, मौली माता आदि प्रमुख हैं।
ऐसे ही एक मेरे पैतृक गाँव भटगांव की ग्राम देवी हैं जेरा दाई या जेवरा दाई जिन्हें माता हिंगलाज का स्वरुप माना जाता है। माता का मंदिर भटगांव नगर से लगभग तीन किलोमीटर दूर दक्षिण में देवसागर नामक स्थान पर एक पठार में कदम्ब के पेड़ के नीचे स्थित है, आश्चर्य का विषय है कि इस पथरीले पठार में दूर दूर तक कोई पेड़ नहीं है केवल माता के मंदिर में एक पेड़ है जो हमेशा हरा भरा रहता है। यहाँ प्रतिवर्ष चैत्र पूर्णिमा के दिन एक दिवसीय भव्य मेला लगता है । धरनीहीन महिलाएं (जो जमीन पर लेट कर जमीन नापते हुए) माता के दर्शनार्थ जाती हैं एवं पूर्णिमा के पूर्व रात्रि में मंदिर परिसर में पहुंच कर जमीन पर ही लेटे रहती हैं, अगली सुबह सूर्योदय से पूर्व भटगांव के जमींदार परिवार द्वारा माता की पूजा के पश्चात् श्रद्धालु महिलाओं को हल्दी मिश्रित पानी का छीटा देकर उठाया जाता है फिर धरनीहीन महिलाओं द्वारा देवी की विधि विधान से पूजा अर्चना की जाती है। माना जाता है कि माता की इस प्रकार उपासना करने से निःसंतान माताओं सूनी गोद भर जाती है तथा आगामी वर्ष माताएं अपने नवजात शिशु के साथ माता का दर्शन करने एवं आशीर्वाद लेने आती हैं।
यहाँ माता की स्थापना के सम्बन्ध में अनेक मान्यताएं एवं किंवदँतियाँ प्रसिद्द हैं जिसके अनुसार
"एक बार सारंगढ़ के राजा द्वारा देवी की मूर्ति को रात्रि के समय अपने राज्य ले जाने का प्रयास किया जा रहा था तभी भटगांव के जमींदार को माता ने स्वप्न में आकर इसकी जानकारी दी तब जमींदार क्षेत्र के कुछ ग्रामीणों के साथ देवसागर पहुंचे जहां उन्होंने देखा कि सारंगढ़ के राजा द्वारा माता हिंगलाज की मूर्ति को ले जाने का प्रयास किया जा रहा है। भटगांव जमींदार तथा ग्रामीणों के विरोध के बाद राजा देवी की मूर्ति वहीँ छोड़ वापस अपने राज्य सारंगढ़ चले गए। तब जमींदार ने वहां माता की स्थापना की तथा तब से यहाँ प्रतिवर्ष मेले का आयोजन जमींदार परिवार द्वारा किया जाता है। स्थानीय लोगों के मध्य यह मेला "चैतराई मेले" के नाम से प्रसिद्द है। श्रद्धालुओं की मान्यता है कि चैत्र पूर्णिमा की रात माता अपने दल बल सहित भ्रमण को निकलती हैं जिन्हें साधारण इंसान को देखने की पुर्णतः मनाही है, यही कारण है कि लाखों की संख्या में उपस्थित श्रद्धालु साँझ होते ही लौट जाते हैं और रात्रि 8 बजे के बाद यह स्थान पूरी तरह सुनसान हो जाता है। अंचल में माता के भक्तों की संख्या दिनों दिन बढती जा रही है । सर्दियों में इस क्षेत्र के वनक्षेत्रों में स्थानीय लोग बड़ी संख्या में पिकनिक मनाने जाते हैं । इस पुरे क्षेत्र में ईको पर्यटन की अनंत संभावनाएं हैं ।
मित्रों आप भी माता के दर्शन को सपरिवार जाएँ एवं स्थानीय लोगों के मध्य बैठकर माता के चमत्कार के किस्से जरुर सुनें ।
मिलते हैं अगले पड़ाव में
तब तक जय जोहार
























