छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग अंक 43: छत्तीसगढ़ की पुण्य धरती राजिम
नमस्कार मित्रों,
पवित्र “माघ” का मास चल रहा है, माघ का महीना हमारे राज्य में मड़ई - मेलों के लिए प्रसिद्द है ।माघ मास का राज्य में ऐतिहासिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व है। माघ मास की पूर्णिमा तिथि पर राज्य के अनेक धार्मिक स्थलों में भव्य मेलों का आयोजन होता है, स्थानीय भाषा में इस आयोजन को “पुन्नी मेला” कहते हैं। ग्रामीण अंचलों में आयोजित होने वाले इन मेलों का बहुत अधिक सामाजिक एवं सांस्कृतिक महत्व है। ग्रामीण संस्कृति में वर्ष में एक बार आयोजित होने वाले इस सालाना जलसे का महत्व इस दौरान होने वाली महत्वपूर्ण गतिविधियों से समझा जा सकता है।
पुरातनकाल से चली आ रही परम्परानुसार पुन्नी मेला वह समय होता है जब किसान वर्षा ऋतु एवं बसंत ऋतु के मध्य अपना कृषि कार्य संपन्न कर लेते हैं, और यही समय होता है सामाजिक गतिविधियों का जैसे परिवार की कुंवारी कन्याओं के लिए वर तलाशना, सम्बन्धियों से मेल मिलाप करना तथा आगामी विवाह के लिए आवश्यक सामग्रियां जैसे बर्तन, गहने आदि खरीदना। इस अवसर पर ब्याही गयीं बेटियां अपने मायके आती हैं और अपने परिवार के संग हंसी ख़ुशी से कुछ समय व्यतीत करती हैं।
छत्तीसगढ़ राज्य
में “शिवरीनारायण तथा राजिम” का पुन्नी मेला प्राचीनकाल से ही प्रसिद्द है ।
वर्तमान में इन मेलों का आयोजन माघ पूर्णिमा से महाशिवरात्रि तक चलता है।
मित्रों, आज चलते
हैं छत्तीसगढ़ राज्य के गरियाबंद ज़िले में महानदी के तट पर स्थित भगवान राजीव
लोचन की नगरी राजिम । यह प्रदेश के प्रसिद्द तीर्थस्थलों में एक है, यहाँ महानदी, पैरी नदी तथा सोंढुर नदी का संगम होने के कारण इसे
छत्तीसगढ़ का त्रिवेणी संगम तथा "छत्तीसगढ़ का प्रयाग" भी कहते हैं। राजिम
आदिकाल से शैव, वैष्णव, साक्त, जैन और बौद्ध सम्प्रदाय का केंद्र रहा है जिसका प्रमाण यहाँ प्राप्त
मूर्तियों, अवशेषों, अभिलेखों तथा साहित्यों में मिलता है।
राजिम में भगवान विष्णु को समर्पित प्रसिद्द राजीव लोचन का मंदिर है तथा त्रिवेणी संगम में कुलेश्वर महादेव का विशाल मंदिर स्थित है। मान्यताओं के अनुसार वनवास काल में मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम ने इसी स्थान पर अपने कुलदेवता भगवान शंकर की पूजा की थी। संगम में अस्थि विसर्जन तथा संगम किनारे पिंडदान, श्राद्ध एवं तर्पण आदि किया जाता है।
वर्तमान में राजिम नगरी में “पुन्नी मेला” पूरे जोर शोर के साथ चल रहा जो कि आगामी महाशिवरात्रि तक चलेगा । सूर्यास्त के बाद महानदी की रेत पर दूर तक फैले मेला क्षेत्र में जगमगाती रौशनी का विहंगम दृश्य दिखाई देता है । यहाँ निर्मित लक्ष्मण झूले का स्वरुप भी अत्यंत ही आकर्षक लग रहा है। आप सभी मित्रों से आग्रह है कि यथा संभव इस ऐतिहासिक मेले में अपने परिवार एवं ईष्ट मित्रों संग अवश्य जाएँ तथा दर्शन पूजन कर पुण्य के भागी बनें ।
मिलते हैं अगले पड़ाव में
तब तक आप सभी को जय जोहार















