छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग अंक 39:
अतीत के गर्भ में छिपा रहस्य “ताला गाँव का पुरातत्व भाग -2 ”
नमस्कार मित्रों
पिछले अंक में आपने बिलासपुर जिला मुख्यालय से लगभग 30 किलोमीटर दूर मनियारी नदी के तट पर स्थित एक प्राचीन ग्राम तालागाँव तथा वहां स्थित प्राचीन देवरानी-जेठानी मंदिर के सम्बन्ध में जाना।
दोनों मंदिरों के आसपास बिखरे अवशेषों को अध्ययन करने पर आपको इसके स्वर्णिम इतिहास की अनेक कहानियां मिलेंगी। मंदिरों के वर्तमान स्वरुप को देखकर इसकी भव्यता का आंकलन करना असंभव नहीं है। हमने इन बिखरे हुए साक्ष्यों के मध्य कुछ समय व्यतीत किया और उन कहानियों को सुनने तथा जानने का प्रयत्न किया। इनका अवलोकन करते हुए हम उस काल खंड में जा पहुंचे जब (4 -5 वीं शताब्दी) इनका निर्माण हुआ था।
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार एक बार माता पार्वती तथा भगवान शिव साथ साथ कैलाश पर्वत पर बैठे मंत्रणा कर रहे थे तभी माता ने भगवान् शिव से अपनी क्षुधा निवारण हेतु अनुरोध किया जिसे भगवान् शिव ने ध्यान नहीं दिया, बार-बार अनुरोध करने के पश्चात् भी जब भगवान् शिव ने उस ओर ध्यान नहीं दिया तब माता ने रुष्ट होकर महादेव को ही निगल लिया। समस्त ब्रह्मांड में हाहाकार मच गया चारों तरफ अँधेरा छा गया । समस्त देवी देवताओं ने माता के शरणागत होकर आग्रह किया कि वे भगवान शिव को मुक्त करें तब माता ने भगवान शिव को मुक्त किया। शिव को मुक्त करने के लिए देवी ने धरती को हथेलियों से थाम लिया और शिव देवी के सिर से निकल गए। जेठानी मंदिर में धूमावती देवी की इसी स्वरुप में मूर्ति देखने को मिलती है।
मंदिर परिसर से प्राप्त धूमावती देवी की प्रतिमा अत्यंत दुर्लभ एवं अद्भुत है। देवी की आंखें बड़ी बड़ी हैं, उसके सुंदर केश आभूषणों से अलंकृत हैं। कानों में कुंडल एवं गले में हार सुशोभित है। देवी अपने कंधों को झुकाए दोनों हाथों की हथेली को जमीन से स्पर्श कर रही है। प्रतिमा के सिर पर पद शिल्प शिव जी का पैर है, जिसके ऊपर का भाग खंडित है। मूर्ति की आंखें पैरों के दबाव से वेदना से भरी हुई लगती हैं। धूमावती देवी का कोई स्वामी नहीं है इस कारण इन्हें विधवा कहा गया है। तंत्र ग्रंथों व शिव पुराण में धूमावती देवी को उग्रतारा देवी कहा गया है। धुएं से आवृत्त होने के कारण ध्रूमा एवं धूमावती कहलाई। खुले केशों वाली यह चंडिका, उग्र रूप धारण करने वाली हैं, विधवा भी हैं। कागध्वज वाले रथ पर आरूढ़ हो, हाथ में सूप धारण किए हुए, भूख से व्याकुल, निर्मम आंखों वाली उग्रतारा हैं।
टीप: उक्त मत को सर्वसम्मति नहीं मिली है, पुरातत्ववेत्ताओं के अनुसार इस मूर्ति का नाम भारवाहक है । .
मंदिर का निर्माणकाल
1985- 86 के दौरान देवरानी जेठानी मंदिर के टीले की सफाई की गई। उत्खनन में शरभपुरीय, कलचुरी कालीन, गुप्तकालीन के अलावा नवपाषाण युग वस्तुएं प्राप्त हुई हैं। देवरानी जेठानी मंदिर से मिली सामग्रियों के अनुसार पुराविदों ने मंदिर को 475 ईसवी से 625 ईसवी के मध्य निर्मित माना है।
References:







