छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग अंक 29: वेताल रानी घाटी
अद्भुत सौंदर्य लोमहर्षक कहानियां
नमस्कार मित्रों
अगस्त का महीना अनेक तीज त्योहारों एवं राष्ट्रीय पर्व के नाम रहा और इसका असर ये हुआ कि इस शृंखला की निरंतरता बाधित हुई। पिछले सप्ताहांत एक गुमनाम सी (मेरे लिए यह नाम नया था) मगर बेहद खूबसूरत घाटी को देखने का निमंत्रण प्राप्त हुआ, उद्देश्य था "बेताल रानी घाटी में इको पर्यटन की संभावनाएं तलाशना" । बहरहाल शनिवार की सुबह 6 बजे हम अपनी यात्रा पर थे और गूगल भाई के अनुसार यह स्थान रायपुर से धमधा, गंडई व्हाया छुईखदान होते हुए कुल 118 किलोमीटर में स्थित था। घोर आश्चर्य हुआ और अपनी घुमक्कड़ी पर प्रश्न चिन्ह भी लग गया कि इतनी शानदार जगह सिर्फ 3 घंटे के रास्ते में और मैं अब तक अनजान ? खैर भारी बारिश और तमाम अनिश्चितताओं के बाद भी हम सरपट अपने गंतव्य की ओर बढ़ चले। लगभग 3 घंटे के सफर के बाद (जिसमें रास्ते में सुबह की चाय एवं स्वल्पाहार के लिए लिया गया विश्राम शामिल है) हम गंडई से पेलीमेटा, बेलगांव होते हुए उस घाटी के छोर पर पहुँच चुके थे जहाँ से घाटी शुरुआत होनी थी। रास्ते में 2 निर्माणाधीन नालों ने कुछ देर के लिए ही सही हमें भयभीत कर दिया, परन्तु कहते हैं जहाँ चाह वहां राह। हम घाटी में प्रकृति के सौंदर्य पर मंत्रमुग्ध आगे बढ़ते रहे। घाटी के तीक्ष्ण घुमावदार मोड़ पार करते हुए जैसे ही हम घाटी से शीर्ष पर पहुंचे हमें वहां एक ऊँचे टीलेनुमा स्थान से लोग घाटी की सुंदरता को निहारते, सेल्फी लेते दिखे। हमने भी यात्रा को विराम देकर अवलोकन करने का निर्णय लिया। आह... अप्रतिम... ऊपर से घाटी का मनोरम दृश्य सिर्फ आँख बंद कर महसूस किया जा सकता है वर्णन करना मुश्किल है। हमने भी कुछ फोटोज लिए और आगे बढ़ गए
अपनी यात्रा से विराम लेकर जब हम रात्रि विश्राम के लिए रुके तब हमारी मुलाकात विश्राम गृह में रुके एक सज्जन से हुयी। चर्चा में उन्होंने बहुत संक्षिप्त में हमें बेताल रानी घाटी के नाम का रहस्य एवं एक लोमहर्षक घटना के बारे में बताया।
घटना का मुख्य बिंदु प्रेम प्रसंग ही था।
जनश्रुति के अनुसार धमधा के राजा हरिश्चंद्र ने इसी घाटी में अपनी अर्धांगिनी बेताल रानी को उनके अन्यत्र प्रेम प्रसंग होने की जानकारी मिलते ही मौत के घाट उतार दिया था। कहते हैं बेताल रानी के प्राचीन मंदिर में अब भी रानी का खंडित शरीर शिला रूप में विद्यमान है। मौसम की बेरुखी और अनिश्चितता के कारण हमें इस प्राचीन मंदिर का दर्शन लाभ नहीं मिला परन्तु शीघ्र ही यह अधूरी यात्रा पूर्ण की जाएगी

तो मित्रों आप भी बारिश से बचकर, कुछ सप्ताह रूककर वेताल रानी घाटी की लॉन्ग ड्राइव पर जरूर जाएँ , और हाँ धमधा, गंडई व्हाया छुईखदान होते हुए जाएँ इस मार्ग पर सड़कें अच्छी हैं।
मिलते हैं अगले पड़ाव में
तब तक अपना ख्याल रखें और घूमने का प्लान जरूर बनाते रहें ।
सप्ताहांत में घुमक्कड़ी के स्थान चयन को लेकर संशय हो तो मेरे ब्लॉग पर जाकर अपनी पसंद की जगह चुन सकते हैं। यह पूरी तरह निःशुल्क है।
TheGyantalk.blogspot.com
जय जोहर