छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग: बारनवापारा अभ्यारण्य
छत्तीसगढ़ राज्य का सबसे लोकप्रिय अभ्यारण्य ।
मित्रों आज आपको लेकर चलता हूँ प्रदेश के सबसे लोकप्रिय अभ्यारण्य बारनवापारा की सैर पर।
राजधानी रायपुर से पूर्व दिशा में राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 53 जो पूर्व में राष्ट्रीय राजमार्ग 06 हुआ करता था , पर लगभग 100 किलोमीटर दूर स्थित बारनवापारा अभ्यारण्य अनेक अर्थों में विशिष्ट है। 244 .66 वर्ग किलोमीटर में फैले इस अभ्यारण्य का नाम यहां स्थित 2 वन्य ग्रामों बार तथा नवापारा के नाम पर रखा गया है। बारनवापारा अभ्यारण्य चहुँओर से प्रागैतिहासिक एवं पूराकालीन धरोहरों, स्मारकों, धार्मिक महत्व के स्थलों से घिरा हुआ है। इनमें से प्रमुख कल्चुरिकालीन राजधानी सिरपुर का लक्ष्मण मंदिर, तीवरदेव विहार, गंधेश्वर महादेव, बुद्ध विहार, सुरंग टीला, राम वनगमन पथ का पड़ाव महर्षि वाल्मीकि का आश्रम तुरतुरिया, गोंड राजा सिंघा धुर्वा का सिंहासन एवं गुफा, नागार्जुन गुफा आदि प्रमुख हैं।
जानकारों की मानें तो इस अभ्यारण्य में बाघ की अंतिम दहाड़ सन 2006 -07 में देवगढ़ घाट में तक सुनाई दी थी, फिर ना जाने क्या हुआ और अब बाघ की उपस्थिति एक किंवदंती बनकर रह गई। बारनवापारा अभ्यारण्य को करीब से देखते हुए कई बरस बीत गए, इस दौरान मुझे इसकी हालत परिवार के उस मुखिया के तरह लगती है जो अपने कुनबे की उम्मीदों का बोझ ढोते ढोते थक कर चूर हो जाता है पर उसके चेहरे पर कभी मायूसी नहीं आती। चाहे जितनी भी परेशानियां आएं पर बारनवापारा अभ्यारण्य आपका स्वागत बाहें फैलाकर करता है। ये आपको कभी निराश नहीं करता।
जंगल सफारी के दौरान यहां आपको गौर अर्थात भारतीय बायसन के झुंड बेहद करीब से देखने को मिलेंगे। चित्तीदार हिरण, भालू, नीलगाय एवम भेड़िए यहां प्रमुखता से दिखाई देंगे। कभी इस अभ्यारण्य से विलुप्त हो चुके काले हिरणों को यहां पुनर्वासित किया गया है, वर्तमान में इन्हें अपने शावकों के साथ कुलांचें भरते देखना सुखद आश्चर्य था। वर्तमान में बारनवापारा में भारतीय तेंदुओं को अच्छी संख्या है यदि आपकी किस्मत ने साथ दिया तो आप तेंदुओं के साथ भी कुछ समय बिता सकते हैं।
यह चिड़ियों की अनेक प्रजातियों का प्राकृतिक रहवास है जिनमें मोर, तोते, धनेश, हरिल, नवरंगा, जंगली मुर्गे, तीतर, बटेर, बगुले आदि प्रमुख हैं।
बारनवापारा अभ्यारण्य अपने सुन्दर भू- भाग एवं जैव विविधता के कारण पर्यटकों के मध्य अत्यंत लोकप्रिय है।यहाँ पहुंचकर पर्यटक मंत्रमुग्ध हो जाते हैं। अभ्यारण्य के मध्य भाग से प्रवाहित होने वाली नदियों महानदी तथा बालमदेही से यहाँ जल आपूर्ति एवं प्रवाह लगभग वर्षभर बना रहता है।
सर्दियों में अभ्यारण्य की सफारी का आनंद दुगुना हो जाता है जब सुबह की धूप के साथ वन्यजीवो का धमाचौकड़ी दिखाई देने लगती है। बारनवापारा अभ्यारण्य में रात्रि विश्राम का शानदार विकल्प है पर्यटन ग्राम। यह वन विभाग की सहायता से स्थानीय लोगों द्वारा संचालित एक शानदार रिसोर्ट है जहाँ रुकने के लिए अनेकों विकल्प हैं। बार ग्राम के मध्य चौराहे पर स्थित हेरिटेज हाउस में आपको पुराने राजा महाराजाओं के ठाट बाठ का अनुभव देता है जहाँ आप अग्रिम आरक्षण कर सपरिवार रुकने का आनंद ले सकते हैं।
तो गर्मी की छुट्टियों में घूम आइये बारनवापारा अभ्यारण्य ! फिर मिलते हैं यहाँ के कुछ और रोचक किस्सों के साथ
जय जोहर








.jpeg)

.jpeg)
