Saturday, February 26, 2022

छत्तीसगढ़ के रंग देखो मेरे संग अंक 3 : प्रकृति की गोद में बसा नगर केसकाल

 प्रकृति की गोद में बसा नगर केसकाल

 रहस्य, रोमांच तथा प्रागैतिहासिक साक्ष्यों से भरी घाटी का सौन्दर्य

 छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से लगभग 170 किलोमीटर तथा कांकेर से 29 किलोमीटर दूर स्थित कोंडागांव जिले का गाँव केसकाल अपने प्राकृतिक सौन्दर्य के कारण सम्पूर्ण प्रदेश में प्रसिद्द है।  राष्ट्रीय राजमार्ग 30 पर स्थित केसकाल की लगभग 5 किलोमीटर घाटी अपने 12 घुमावदार सड़क तथा प्राकृतिक सुन्दरता के लिए प्रदेश के हर पर्यटन प्रेमी की पहली पसंद है।  केसकाल घाटी को प्रदेश में तेलिन घाटी तथा बस्तर का प्रवेश द्वार के नाम से भी जाना जाता है। इस घाटी के मध्य में तेलिनसती माता का मंदिर स्थित है, इस मंदिर में घाटी से गुजरने वाले सभी यात्री एवं वाहन रूककर माता का दर्शन लाभ लेते है तथा माता का प्रसाद रूपी आशीर्वाद ग्रहण कर अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान करते हैं।

केसकाल नगर को प्रकृति ने अपना प्यार, दुलार एवं ढेर सारा आशिर्वाद दिया है l केसकाल में एक पर्यटक को आकर्षित करने वाले सभी कारण हैं l दूर-दूर तक फैली हुई हरी-भरी घाटियाँ, कल-कल करते झरने, रहस्यमयी गुफाएं, भित्ति चित्र तथा इनसे जुडी लोमहर्षक कहानियां केसकाल को एक सम्पूर्ण पर्यटन ग्राम के रूप में स्थापित करती हैं l आज के अंक में हम चर्चा करेंगें केसकाल की घाटियों के शीर्ष पर स्थित टाटामारी, मांझिनगढ़, तथा लहू हाथा

टाटामारी से घाटी का विहंगम दृश्य 


वन विभाग द्वारा निर्मित विश्राम गृह 
ईको पर्यटन केन्द्र, टाटामारी

केशकाल घाटी के ऊपरी पठार पर 02 कि.मी. की दूरी पर स्थित टाटामारी प्राकृतिक सौंदर्य से आच्छादित पर्यटन स्थल है जो कि डेढ सौ एकड़ जमीन पर फैला हुआ है। टाटामारी पठार से घाटी की ऊंची चोटियों का विहंगम दृष्य देखते ही बनता है, यह स्थल नैसर्गिक रूप से मनोहरी है। हरियाली से आच्छादित  पहाड़ो के मध्य स्थित टाटामारी पौराणिक मान्यताओ  अनुसार अखंड ऋषि का  तपोवन माना जाता है। यहाँ कई वर्षो से दीपावली लक्ष्मीपूजा के दिन श्रद्धालुगण विधि विधान से पूजा अर्चना करते हैं |

टाटामारी ईको पर्यटन केन्द्र में पर्यटकों के रूकने के लिये सर्व सुविधायुक्त 04 कॉटेज, तथा  04 डोरमेट्री की व्यवस्था है। टाटामारी ईको पर्यटन केन्द्र में जंगल में टैकिंग, साईक्लिंग, आरचेरी (तीर-घनुष), नाईट कैंपिंग आदि की सुविधा उपलब्ध है। टाटामारी से पर्यटक मारी क्षेत्रा में भ्रमण कर जल प्रपातों का आनंद ले सकते हैं। टाटामारी से लगे मारी क्षेत्र में छोटे-बड़े लगभग 17 जलप्रपात हैं ।

टाटामारी ईको पर्यटन केन्द्र के संरक्षण के लिये स्थानीय बेराजगार युवाओं को जोड़कर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराये गये हैं, जिसमें छिन्दगढ़ के युवा मुख्य रूप से जुड़े हुए हैं, जो पूर्व में शिकार जैसे अपराधों में लिप्त रहे हैं, परन्तु विभाग की जागरूकता एवं प्रयास से अब इको पर्यटन पर कार्य कर रहे हैं । इस परिवर्तनवादी बदलाव से इन युवाओं के जीवन में अमूल-चूल सुधार हुआ है। वर्तमान में टाटामारी ईको पर्यटन केन्द्र में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से प्रतिदिन 150 से 200 पर्यटकों का आवागमन होता है।

टाटामारी ईको पर्यटन केन्द्र के पठार क्षेत्रा में वन्य प्राणी संरक्षण एवं विकास का कार्य किया जा रहा है ताकि भविष्य में पर्यटकों को जंगल सफारी का भी आनंद प्राप्त हो सके। साथ ही साथ निकट भविष्य में टाटामारी ईको  पर्यटन केन्द्र क्षेत्र में पैराग्लाईडिंग एडवेंचर एक्टिविटी के साथ-साथ अन्य रामांचक गतिविधियों जिसमें रॉक क्लाईम्बिंग, रैंपलिंग, टायर वाक, रात्रि उपग्रह दर्शन, कैम्प फायर आदि प्रस्तावित है। केशकाल में टाटामारी, मांझीनगढ़ के मारी क्षेत्र को संयुक्त रूप से टूरिज्म सर्किट के रूप में विकसित किये जाने का प्रयास किया जा रहा है। इस परियोजना से प्रदेश ही नहीं बल्कि देश-विदेश के पर्यटकों को इस क्षेत्र में पर्यटन का आनंद प्राप्त हो सकेगा तथा स्थानीय बेरोजगार युवाओं को ईको पर्यटन केन्द्र से जोड़कर स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन किया जा सकेगा l इको पर्यटन के माध्यम से बस्तर की संस्कृति को देश-विदेश तक पहुँचाया जा सकें, इस दिशा में वन विभाग सतत् प्रयासरत है।

वर्तमान में विभाग  द्वारा यहां समितियों का कुशलता प्रशिक्षण, रसोईघर (कैंटीन) तथा तितली संरक्षण क्षेत्र का विकास किया जा रहा है।

मांझीनगढ़

टाटामारी से मांझीनगढ़ 30 कि.मी. की दूरी पर स्थित है तथा टाटामारी की ही भांति एक अन्य पहाड़ी क्षेत्र है l मॉँझिनगढ़ में प्रागैतिहासिक काल के शैलचित्रों से क्षेत्र के वनवासियों के सांस्कृतिक वैभव का पता चलता है। दुर्गम वनक्षेत्र में पहाड़ियों की कंदराओं में अनेक भित्तिचित्र तथा रहस्य आज भी विद्यमान हैं l

जनश्रुति के आधार पर इन गुफाओं में उइका अर्थात मानव भक्षी बौने लोग रहा करते थे जो वनों में जीवन यापन करने वाले तथा भटक-कर यहाँ आने वाले मनुष्यों को मारकर खा जाते थे। माँझिनगढ़  के शैल चित्रों में उस काल के व्यक्तियों चित्त की व्यापकता प्रदर्शित होती है | पूर्वाभिमुख गुफा के ऊपर छत पर पंजो के असंख्य निशान बने हुए है, ये शैलचित्र 5 से 8 इंच के अकार में चटक लाल रंग के बने है तथा गुफा की 20 से 25 फीट की छत पर इन शैलचित्रों की श्रृंखला है|

एक बार घाटी में रहने वाले एक मांझी युवक ने उन नरभक्षी उइकाओं से लड़ने का मन बनाया और मॉँझिन गढ़ में भटकते हुए कहीं गायब हो गया तब से इस स्थान का नाम माझी गढ़ तथा कालांतर में माझिनगढ़ पड़ा। चारों ओर विशाल पहाड़ियों से घिरे मॉँझिन गढ अपने सनसेट पॉइंट के लिए भी पर्यटकों के मध्य प्रसिद्द है।


माझिनगढ़ का सनसेट पॉइंट 



लहूहाथा  

भटके हुए लोग व् ग्रामीण अंचल से अपहरण कर लाये व्यक्तियों को इस स्थल पर बलि चढाने के बाद उसके खून में हाथ रंग कर इस गुफा के छत पर पंजो के निशान लगा देते थे यही कारण है कि इस स्थान का नाम लहुहाथा पड़ा | लहुहाथा गुफा तक पहुचने के पूर्व रक्साखोह नाला के समीप  किरकाची नामक  गुफा है | जिसका प्रवेश द्वार अत्यंत छोटा है लेकिन गुफा के अन्दर विशाल सभा कक्ष है , जहा लगभग चार सौ लोगो के बैठने के योग्य स्थान है | ग्रामीण इसे तंत्र साधना का स्थल मानकर इसे तांत्रिक गुफा भी कहते है | गुफा के अन्दर छोटा तालाब था , जो वर्तमान में सूख गया है| किरकाची गुफा के पास हे रक्साखोह नाला के पत्थरों पर मानव पैर व् घुटनों के निशान बने हुए है जो की ग्रामीणों को इस बात का विशवास  दिलाता है कि इस स्थल पर राक्षसों जैसे आदि मानवों का निवास स्थल था | संभवतः इसी विश्लेषण के आधार पर इस स्थान का नाम रक्साखोह पड़ा है|

आगामी अंक में

गढ़धनोरा का गोबरहीन शिव मंदिर तथा जोड़ा शिवलिंग

मिलते हैं अगले अंक में तब तक जय जोहार 


  

Sunday, February 20, 2022

छत्तीसगढ़ के रंग देखो मेरे संग अंक 2: वन चेतना केंद्र शहीद वीर नारायण सिंह कोडार जलाशय

 छत्तीसगढ़ के रंग देखो मेरे संग 

वन चेतना केंद्र शहीद वीर नारायण सिंह कोडार जलाशय 

सप्ताहांत में परिवार संग पिकनिक पर जाना हो अथवा जलाशय तट पर प्रकृति की गोद में रात्रि विश्राम करना हो, कम खर्च में "वन चेतना केंद्र" एक शानदार विकल्प है।   

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से पूर्व की ओर लगभग 65 किलोमीटर की दूरी पर कोडार ज़लाशय  स्थित है,  जिसका नाम शहीद वीर नारायण सिंह के नाम पर रखा गया है | राज्य के सुन्दर एवं दर्शनीय स्थलों में से एक यह जलाशय  राष्ट्रीय राजमार्ग 53 पर स्थित है।  यह राजमार्ग छत्तीसगढ़ से ओड़िशा तथा पश्चिम बंगाल को जोड़ता है तथा इसी मार्ग से राज्य के दो प्रमुख पर्यटन स्थल सिरपुर एवं बारनवापारा अभ्यारण्य स्थित हैं।  वन विभाग द्वारा कोडार जलाशय के तट पर "वन चेतना केंद्र" का शुभारंभ दिनांक 25 नवंबर 2021 को किया गया। प्रदेश में हरित पर्यटन के विकास एवं विस्तार का यह एक सुन्दर उदाहरण है। 


"वन चेतना केंद्र" कुहरी में पर्यटकों के लिए पारंपरिक भोजन, रुकने तथा विश्राम करने के लिए कैंप उपलब्ध हैं। यहाँ जलाशय में नौका विहार,  तथा अन्य खेलकूद की सुविधा उपलब्ध है। "वन चेतना केंद्र" का सञ्चालन स्थानीय समिति के सदस्यों द्वारा सफलतापूर्वक किया जा रहा है।  भविष्य में यहाँ पर्यटकों के लिए मचान का निर्माण कराया जाना प्रस्तावित है।  इको कैंप से पर्यटकों को वनक्षेत्र के तट पर स्थित जलाशय में सूर्योदय तथा सूर्यास्त का विहंगम दृश्य दिखाई देता है। 

राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित होने के कारण यहाँ पर्यटकों की संख्या में दिनों दिन बढ़ोत्तरी हो रही है। 

मिलते हैं अगली कड़ी में तब तक जय जोहर







Sunday, February 13, 2022

पर्यटन छत्तीसगढ़ अंक - 01

पर्यटन छत्तीसगढ़  अंक - 01 

🛕 नारायणपुर का प्राचीन शिव मंदिर: महानदी तट की अनकही विरासत
"पर्यटन छत्तीसगढ़ के  प्रथम अंक में आप सभी पाठकों का स्वागत है।  इस श्रृंखला में  हम पाठकों को राजधानी रायपुर के आसपास स्थित सप्ताहांत बिताने (Weekend Destinations) के लिए उपयुक्त स्थानों से लेकर 2 - 3  दिनों के लिए छुट्टियों का  आनंद लेने के लिए नैसर्गिक, धार्मिक तथा हरित पर्यटन स्थलों के सम्बन्ध में विस्तार से अवगत कराएँगे।  यदि हम अपनी यात्रा राजधानी रायपुर से प्रारम्भ  करते हैं तो इसके चारों ओर अनेक ऐसे स्थान हैं जो अपनी ओर आकर्षित करते हैं।  इस कड़ी  में सबसे पहले चलते हैं सिरपुर से कसडोल मार्ग पर नारायणपुर ग्राम में स्थित नारायण विहार के दर्शन के लिए।"  

 


    छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में बहती पवित्र महानदी के तट पर स्थित ग्राम नारायणपुर एक अद्भुत ऐतिहासिक और धार्मिक धरोहर को संजोए हुए है। यहाँ स्थित 10वीं शताब्दी का प्राचीन शिव मंदिर न केवल आस्था का केंद्र है, बल्कि अपनी स्थापत्य कला और रहस्यमयी कथाओं के कारण भी अत्यंत आकर्षक स्थल है।

पूर्वाभिमुखी शिवलिंग की अनूठी विशेषता

इस मंदिर की सबसे बड़ी विशेषता इसका पूर्वाभिमुखी शिवलिंग है, जो छत्तीसगढ़ में अत्यंत दुर्लभ माना जाता है। प्राचीन मान्यताओं के अनुसार पूर्व दिशा को ऊर्जा और आध्यात्मिक जागरण का प्रतीक माना जाता है, जिससे इस मंदिर का महत्व और बढ़ जाता है। दूर-दूर से श्रद्धालु इस अनोखे शिवलिंग के दर्शन हेतु यहाँ पहुंचते हैं।

बलुआ पत्थर से निर्मित इस भव्य मंदिर की दीवारों पर उकेरी गई मूर्तियां प्राचीन शिल्पकला का उत्कृष्ट उदाहरण हैं। यहाँ की मैथुन कला की मूर्तियां प्रसिद्ध भोरमदेव मंदिर और खजुराहो मंदिर समूह की कलाकृतियों की याद दिलाती हैं। पुरातत्व विभाग द्वारा इन मूर्तियों को संरक्षित कर एक सुरक्षित कक्ष में रखा गया है, जिससे इस धरोहर का संरक्षण सुनिश्चित हो सके।


📜 ऐतिहासिक पृष्ठभूमि (10वीं–11वीं शताब्दी)

इतिहासकारों के अनुसार यह मंदिर 10वीं–11वीं शताब्दी में निर्मित हुआ था। खरौद में प्राप्त 1181 ई. के शिलालेख से संकेत मिलता है कि उस समय हयवंशी राजाओं ने इस क्षेत्र में एक भव्य उद्यान का निर्माण कराया था, जिससे इस मंदिर की प्राचीनता और महत्व स्पष्ट होता है।

🌙 रहस्यमयी निर्माण की लोककथा

स्थानीय मान्यताओं के अनुसार इस मंदिर का निर्माण रात्रि के समय लगभग छह महीनों में किया गया।

किंवदंती के अनुसार, मंदिर के प्रधान शिल्पी नारायण जनजातीय समुदाय से थे, जिनके नाम पर ही इस गांव का नाम पड़ा। कहा जाता है कि वे रात में निर्वस्त्र होकर मंदिर निर्माण करते थे और उनकी पत्नी उन्हें भोजन देने आती थी। एक दिन उनकी पत्नी की जगह उनकी बहन भोजन लेकर आ गई। इस घटना से लज्जित होकर नारायण ने मंदिर के कंगूरे से कूदकर प्राण त्याग दिए।

👉 इसी कथा के कारण आज भी स्थानीय परंपरा में भाई-बहन एक साथ मंदिर दर्शन नहीं करते।

🏗️ अधूरा मंदिर और कलश का रहस्य 

हिंदू मंदिरों में शिखर पर कलश स्थापना पूर्णता का प्रतीक होती है, लेकिन इस मंदिर में लंबे समय तक कलश स्थापित नहीं हो पाया था। हाल के वर्षों में कलश स्थापना कर पूजा प्रारंभ की गई, फिर भी मंदिर के पास स्थित एक अन्य संरचना आज भी अधूरी है—जहाँ न तो मूर्ति स्थापित हुई और न ही कलश।

मान्यता है कि शिल्पी की मृत्यु के कारण यह मंदिर अधूरा रह गया।

🎉 वार्षिक मेला और सांस्कृतिक महत्व

हर वर्ष चैत्र शुक्ल त्रयोदशी से पूर्णिमा तक यहाँ तीन दिवसीय भव्य मेले का आयोजन होता है। यह मेला स्थानीय संस्कृति, आस्था और परंपराओं का जीवंत संगम है, जहाँ श्रद्धालु, पर्यटक और शोधकर्ता बड़ी संख्या में भाग लेते हैं।


कैसे पहुंचे ?

राजधानी रायपुर से नारायण विहार की दूरी इस प्रकार है 
1. रायपूर से सिरपुर - 85 किलोमीटर 
2. सिरपुर से नारायणपुर 41  तथा 
3. रायपुर से नारायण विहार (नारायणपुर) की  दूरी 126 किलोमीटर है।   


ज्ञानेंद्र पाण्डेय 




Saturday, February 12, 2022

छत्तीसगढ़ के रंग देखो मेरे संग : ज्ञानेंद्र पाण्डेय

 छत्तीसगढ़ के रंग देखो मेरे संग : ज्ञानेंद्र पाण्डेय 


वैश्विक महामारी के दौरान हम सबने क्या कुछ नहीं सहा, क्या कुछ नहीं देखा।  हजारों की संख्या में हुई असामयिक मौतें, जीवन मृत्यु से जूझते घरों में कैद परिवार, आय के साधन छिन जाने से परिवार की रोजी रोटी की चिंता में दिन रात तिल तिल कर मरती उम्मीदें।  पुरे मानव जाति के लिए इस भयावह समय को भूल पाना आसान नहीं है। धीरे धीरे जिंदगी आगे बढ़ रही है और लोग बुरी यादों से बाहर निकलकर आगे बढ़ने की कोशिश कर रहे हैं।  कोरोना महामारी ने पूरे मानव समाज को एक बात तो समझा दिया है कि जिंदगी कभी भी थम सकती है, इसलिए जरुरी है कि हम खुल कर जियें, अपने सपने पुरे करें और अपने सामर्थ्य के अनुसार घूमें और दुनिया देखें। इस भयावह विपत्तिकाल में सबसे अधिक नुकसान जिन क्षेत्रों को हुआ  पर्यटन उनमें से एक है। दुनिया में घूमने अर्थात पर्यटन से सुन्दर दूसरी कोई चीज नहीं है।  नयी नयी जगहों पर जाना, विविध संस्कृति एवं खान पान का स्वाद लेना और खूबसूरत वादियों में खो जाना हर दर्द की दवा है। तो आइये, चलिए  मेरे संग और देखिये भारत के हृदयस्थल में स्थित छत्तीसगढ़ के जाने अनजाने पर्यटन स्थलों को।           

44.21 प्रतिशत वनक्षेत्र से घिरे देश के 26 वे राज्य छत्तीसगढ़ हिन्दू धर्म के दो ऐतिहासिक महाकाव्य रामायण तथा महाभारत में कोसल नाम का उल्लेख मिलता है, जिसका एक हिस्सा कालांतर में दक्षिण कोसल (छत्तीसगढ़) कहलाया। छत्तीसगढ़ प्रदेश एक कृषि प्रधान राज्य है। यहाँ धान की 20 हजार से भी अधिक प्रजातियां पाई जाती हैं यही कारण है कि विश्व भर में छत्तीसगढ़ को "धान का कटोरा" कहा जाता है। धान का कटोरा कहलाने का एक कारण यह भी है कि चारों तरफ़ मैकल की पहाड़ियों से मध्य का मैदानी क्षेत्र घिरा होने ने के  कारण कटोरा सदृश दिखना l 

छत्तीसगढ़ राज्य अपने रंग बिरंगी जन- जातीय संस्कृति, हस्तशिल्प तथा नैसर्गिक सुंदरता के लिए प्रसिद्ध है।  कलकल करती नदियों, गगनचुम्बी झरनों, प्रागैतिहासिक गुफाओं, भित्तिचित्रों, ऐतिहासिक एवं पुराकालीन अवशेषों, प्राचीन मठ मंदिरों तथा धार्मिक स्थलों के लिए हमारा प्रदेश विश्वभर में प्रसिद्द है।

आगामी रविवार से प्रारम्भ होने वाली इस श्रृंखला में हम छत्तीसगढ़ में पर्यटन के विभिन्न प्रकार जैसे हरित पर्यटन, कृषि तथा ग्रामीण पर्यटन, जन-जातीय पर्यटन तथा प्रदेश की    जैव विविधता, सांस्कृतिक विरासत एवं विभिन्न व्यंजनों के सम्बन्ध में चर्चा करेंगे। तो मिलते हैं प्रथम अंक में तब तक सबको 

जय जोहार, जय छत्तीसगढ़

-ज्ञानेंद्र पाण्डेय

छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग अंक 43: छत्तीसगढ़ की पुण्य धरती राजिम

  छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग अंक 43: छत्तीसगढ़ की पुण्य धरती राजिम नमस्कार मित्रों, पवित्र “माघ” का मास चल रहा है, माघ का महीना हमार...