Tuesday, March 19, 2019

उद्यमिता से बनायें विरासत


उद्यमिता से बनायें विरासत
गहन चिंतन, मनन और व्यक्तिगत वैचारिक शोध से कुछ बेहद निराशाजनक तथ्य सामने आये जिन्हे एक शब्द या वाक्य में बयान कर पाना संभव नहीं है।  आज उद्यमिता एवं स्टार्टअप का शोर चारों दिशाओं में सुनाई दे रहा है, क्यों ?? क्यों बड़ी बड़ी कंपनियां इन पर जोर दे रही हैं ? मुझे ये लकीर पीटने जैसा प्रतीत होता है। इसको विस्तार से समझने के पूर्व  "वर्तमान में निजी एवं शासकीय संस्थानों के  कर्मचारियों में बढ़ रहे असंतोष, गुणवत्ताहीन कार्यों एवं भ्रष्टाचार की शिकायतों पर एक विश्लेषण जरुरी है"।  
कई नामचीन बड़ी कंपनियों और संस्थानों में शीर्षस्थ पदों पर आसीन संचालक तथा  निर्णायक मंडल के आसपास बेहद मृदुभाषी एवं नटलालों का एक बेहद मजबूत सुरक्षा चक्र होता है।  इनकी संख्या बहुत ही कम होती है परंतु परोक्ष रूप से पूरी संस्था का सञ्चालन इनके द्वारा ही होता है। प्रोटोकॉल के अभेद्य दीवार की आड़ में ये घोड़े से गधे के काम (गर्दभ प्रलाप ) की अपेक्षा रखते हैं और गधों को विकास की राह पर हो रही प्रतियोगिता के लिए तैयार करने का सतत प्रयास करते रहते हैं।  नतीजतन अंधे के हाथ लगे बटेर यानि गर्दभ की कर्मठता को हमेशा पारितोषिक प्राप्त होते रहता है या यूँ कहें की शीर्षाधिकारी के शागिर्द गर्दभ द्वितीय श्रेणी के गर्दभों के साथ सहज एवं सुरक्षित महसूस करते रहते हैं एवं उनकी हिफाजत में दिन रात लगे रहते हैं। वहीँ मुंहफट एवं तेज तर्रार गधे (वास्तव में जो घोड़े होते हैं ) "how to win the race" पर किताबें लिख रहे होते हैं। कुछ समय बीतने के पश्चात् नवाचार एवं उद्यमिता के लिए इन घोड़ो में न आत्मबल रह पाता न ही ये अपनी पहचान घोड़ों के रूप में स्थापित कर पाते।  दूसरी तरफ हर रेस हार गए गधों की तारीफ "उनके अथक प्रयासों के लिए" की जाती है  और उन्हें अधिक से अधिक प्रोत्साहित किया जाता है, उनके जुबानी जमा खर्च से बने हवाई किलों की प्रशंसा होती है और पूरा सिस्टम अगली रेस के लिए गधों को तैयार करने में लग जाता है।  कालांतर में इस विकास चक्र का असर विनाश के कारणों के रूप में देखा गया है। यही असल कारण है कि मष्तिष्क की उर्वरा शक्ति समाप्त हो रही है।  घोड़े अपना आत्मबल खो रहे रहे हैं और गधे अपनी अगली रेस में हार जाने के कारणों पर मंथन कर रहे हैं। 

कथासार ये है कि हमेशा सही और योग्य का चुनाव किया जाना चाहिए।  सही मूल्यांकन एवं सही प्रोत्साहन से रेस जीती जा सकती है परन्तु गधे एवं घोड़े का फर्क शीर्षस्थ लोगों को पता होना चाहिए क्योंकि आप लाख प्रयत्न करें, गधों की नस्ल से कभी घोडा पैदा नहीं कर सकते। 
यदि आपको भी इन गधों की पहचान करनी हो तो निम्नांकित गुणों से आप इन्हें पहचान सकते हैं :
1 . काम की चिंता करते हैं परन्तु काम नहीं करते। 
2 . पक्के खबरी होते हैं इसलिए सभी लोगों से समान रूप से संवाद स्थापित रखते हैं।
3 . अपने ही सहकर्मियों के विरुद्ध झूठ फैलाना इन्हे आत्मिक शांति देता है।  इस से इन्हे अपने राजनीतिज्ञ होने का आत्मगौरव होता है। चुगली से हर काम ईमानदारी से करते हैं। 
4 . अपने झूठे अभिमान एवं लालच में ये किसी भी हद तक संस्था का नुकसान कर सकते हैं। 
5 . गिरगिट की तरह रंग बदलने वाले होते हैं।
6 . रिपोर्टिंग में हमेशा "मैं" का इस्तेमाल करते है "हम" का नहीं
(वैसे फेहरिस्त बहुत लम्बी है, फिलहाल इतना पर्याप्त है)

प्राचीन काल में राजा अपनी प्रजा के बीच भेष बदलकर जाया करते थे ताकि जनता के द्वारा अधीनस्थों एवं स्वयं की छवि का सही सही मूल्यांकन हो सके।  मूल्यांकन आवश्यक है। अल्पयोग्य या अयोग्य के हाथ जिम्मेदारी देने से विकास की जगह विनाश अवश्यंभावी है। रहा सवाल उद्यमियता, नवाचार तथा स्टार्टअप पर मचे शोर का तो यह सिर्फ दिखावा नहीं होना चाहिए। शिक्षा प्राप्त करने में १५ वर्ष (कम से कम) व्यतीत करने के पश्चात् अगर ३ माह के प्रशिक्षण में रोजगार प्राप्त हो जाता है तो क्यों न यह  त्रैमासिक प्रशिक्षण 10 वर्ष की आयु में  दिया जाये। क्यों न द्रोणाचार्यों की नस्ल तैयार की जाये जो आने वाली पीढ़ियों का  सकारात्मक एवं उत्पादक मष्तिष्क निर्माण करें।  गमले के पौधों से आप आने वाली पीढ़ियों को छाँव नहीं दे सकते इसलिए पवित्र भूमि पर बीजारोपण करिये ताकि विरासत में उन्हें सुकून मिले।उद्यमिता सिर्फ उदाहरण और परिभाषाओं का नाम नहीं है, इसके रूप हैं मानव मूल्य, नैतिकता, ईमानदारी, आत्मावलोकन, स्वाभिमान, परिश्रम आदि।  चाटुकारिता, जुगाड़, जुबानी जमा खर्च और गर्दभ प्रलाप से अपने बच्चों, छात्रों एवं कर्मचारियों को बचाइए।  उन्हें फलने फूलने का वातावरण दें, सहयोग करें, प्रोत्साहित करें इस तरह सही मायने में उद्यमियों का निर्माण किया जाना चाहिए। समय निकल जाने के बाद लकीर पीटने से कुछ नहीं होता इसलिए दीर्घकालिक योजना बना उस पर पूरी निष्ठां एवं ईमानदारी के साथ अमल में लाया जाना जरुरी है।
इस भयावह समस्या का समाधान बहुत ही आसान है जिसका उल्लेख अगले अंक में 
कहते हैं कड़ी मेहनत के अलावा और कोई रास्ता नहीं है।  इस बारे में चर्चा होगी आगामी अंक में तब तक खूब पढ़ें और गधों को पहचानें। 


छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग अंक 43: छत्तीसगढ़ की पुण्य धरती राजिम

  छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग अंक 43: छत्तीसगढ़ की पुण्य धरती राजिम नमस्कार मित्रों, पवित्र “माघ” का मास चल रहा है, माघ का महीना हमार...