छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग अंक 34: कुमेली घाट जलप्रपात :
नमस्कार दोस्तों,
थोड़ी व्यस्तता और थोड़ी अस्वस्थता के कारण पिछले सप्ताह का अंक जारी नहीं ही सका, इस बीच कुछ मित्रों का सन्देश प्राप्त हुआ जिससे एक नयी उर्जा का संचार हुआ अब वापस लौटते हैं अपनी यात्रा में।
प्रदेश से मानसून की विदाई हो रही है और बारिश का मौसम अपने अंतिम चरण में है, ऐसे में आइये आपको ले चलता हूँ सूरजपुर जिले के कुमेली घाट जलप्रपात की ओर।
छत्तीसगढ़ के दक्षिण पूर्व में स्थित सूरजपुर जिले की प्राकृतिक सुन्दरता से हम सभी भलीभांति परिचित हैं। जिले में अनेक ऐसे नैसर्गिक स्थल हैं जो हमें बार बार अपनी ओर आकर्षित करते हैं। गगनचुम्बी साल वन, दूर तक फैली हरी भरी पहाड़ियां यहाँ बहने वाली शुद्ध -शीतल वायु, कलकल बहती नदियाँ और पहाड़ियों से गिरते जलप्रपात मानो हॉलीवुड फिल्म जुरासिक पार्क का दृश्य उपस्थित करते हैं। ऐसा ही एक खुबसूरत जलप्रपात है कुमेली घाट। यह जलप्रपात सूरजपुर से कटघोरा मार्ग पर 27 किलोमीटर दूर स्थित है जो लगभग 120 फीट ऊंचाई से गिरता है। संकरे चट्टानों के बीच विशाल जलराशि गरजते हुए जब नीचे गिरती है तब इसकी सुन्दरता देखते ही बनती है। यहाँ बलुआ चट्टानों के मध्य ढलान पर 18 फीट ऊँचा और 3 मीटर चौड़ा एक विशाल शिलाखंड अद्भुत संतुलन के साथ अडिग खड़ा है जो दर्शनीय है ।
हालाँकि यह स्थानीय लोगों में एक बेहद लोकप्रिय जल प्रपात है, तथापि भौगोलिक स्थिति तथा संरचना के लिहाज से यह स्थान जोखिम भरा है। चट्टानों के बीच सीधी खाई है जहाँ सेल्फी लेने के फेर में कुछ दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं। हालाँकि प्रशासन अब इस स्थान में प्रय्तकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर है।
यहाँ जिला प्रशासन द्वारा पर्यटकों की सुविधा के लिए चबूतरा निर्माण, सीढ़ी तथा रेलिंग, घाट के चारो ओर सुरक्षा रेलिंग, पार्किंग आदि की व्यवस्था कराइ जा रही है।
तो मित्रों आप सभी कुमेली घाट जरुर देखें परन्तु अपने तथा अपने बच्चों की सुरक्षा हेतु सुरक्षित दुरी बनाये रखें। कहते हैं न कि जान है तो जहान है।
आप सब सुरक्षित रहें, घूमते रहें और अपने अनुभव साझा करते रहें।
मिलते हैं अगले पड़ाव में तब तक
नमस्कार
जय जोहार


