छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग अंक 41: जैन तीर्थ कैवल्य धाम, कुम्हारी
नमस्कार मित्रों,
हमारा प्रदेश छत्तीसगढ़ अपनी सांस्कृतिक
विरासत, नैसर्गिक सौन्दर्य एवं विविध खानपान के साथ ही धार्मिक सौहार्द्र एवं आपसी
सहयोग के लिए भी जाना जाता है। देश में यह इकलौता प्रदेश है जहाँ हर समाज,
संप्रदाय एवं पंथ को मानने वाले लोग एक साथ रहते हैं तथा एक दुसरे के तीज त्यौहार
में समान रूप से शामिल होते हैं ।
आज देखिये मेरे
संग जैन धर्म के तीर्थ स्थलों में एक “कैवल्य धाम” को जानिए क्या है इस पावन जैन तीर्थ का महत्व । राजधानी रायपुर से पश्चिम
दिशा की ओर दुर्ग-भिलाई मार्ग पर लगभग 15 किलोमीटर की दूरी पर खारून के नदी के तट
पर स्थित कैवल्यधाम मंदिर अपनी भव्यता के लिए देश भर में प्रसिद्द है। यहाँ आने वाले श्रद्धालुगण जैन धर्म के प्रथम
तीर्थंकर भगवान आदिनाथ से आशीर्वाद प्राप्त करते हैं एवं असीम शांति का अनुभव करते
हैं। भगवान आदिनाथ ने अपने अनुयायियों को
मानव सेवा, त्याग, एवं दान का महत्व
समझाया। मान्यता है कि उन्होंने गरीब असहाय, साधु संत तथा
बीमार लोगों के उत्थान के लिए निरंतर कार्य किया।
कैवल्यधाम
तीर्थ के मध्य में भगवान आदिनाथ का मंदिर है तथा मुख्य मंदिर के दोनों ओर 24
तीर्थंकरों के मंदिरों की स्थापना की गयी है।
संभवतः यह देश का एकमात्र जैन तीर्थ है जहां श्रद्धालुओं को एकसाथ सभी 24
तीर्थंकरों के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त होता है। जैन धर्म में 24 तीर्थंकर हुए
जिन्होंने अपना सर्वस्व त्याग कर सांसारिक जीवन से विरक्त हो ईश्वर की खोज में
निकल पड़े इन्हीं 24 तीर्थंकरों के दर्शन के लिए कैवल्यधाम में 24 खूबसूरत मंदिर
बनाए गए हैं। श्रद्धालु एक साथ 24 तीर्थंकरों के दर्शन कर स्वयं को धन्य मानते
हैं। 24 तीर्थंकरों में भगवान ऋषभदेव पहले तीर्थंकर रहे जिन्हे बाद में भगवान
आदिनाथ कहा गया,
इनके अलावा अजितनाथजी, सम्भवनाथजी, अभिनन्दन स्वामी, सुमतिनाथजी, पद्मप्रभुजी,
सुपार्श्वनाथजी, चन्द्रप्रभुजी, सुविधीनाथजी,शीतलनाथजी, श्रेयांसनाथजी,
वासुपूज्य जी ,विमलनाथजी, नन्तनाथजी,धर्मनाथजी, शान्तिनाथजी,
कुन्थुनाथजी, अरनाथजी, मल्लिनाथजी,
मुनिसुब्रतजी, नमिनाथजी, नेमिनाथजी, पार्श्वनाथजी, वर्धमान
महावीर स्वामी शामिल हैं। जैन धर्म में दीक्षा का महत्वपूर्ण स्थान है, जो जैन भाई बहन परमात्मा की सेवा में लीन होना चाहते हैं वो सभी सांसारिक
आशक्ति त्यागकर कैवल्यधाम तीर्थ में दीक्षा लेते हैं तथा अपना सर्वस्व पीछे छोड़ त्याग
साधु संतों की तरह अपना जीवन व्यतीत करते हैं।
मित्रों, यदि
आप भी जीवन के शोरगुल से दूर इस पवित्र तीर्थ में कुछ क्षण रूककर आत्म साक्षात्कार
करना कहते हैं तो अपने परिवार संग कैवल्य धाम अवश्य जाएँ, यहाँ जाकर आपको असीम
शांति एवं आत्म संतोष का अद्भुत अनुभव होगा।
मिलते हैं अगले
अंक में तब अपना एवं अपनों का ख्याल रखें, खुश रहें
जय जोहार


1 comment:
बहुत सुंदर जानकारी बधाई भईया💐💐💐💐
Post a Comment