Monday, September 26, 2022

छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग अंक 33: भटगांव की ग्राम देवी माता हिंगलाज

 छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग: भटगांव की ग्राम देवी माता हिंगलाज 


मानव ने अपने विकास क्रम में सबसे पहले प्रकृति की शक्ति को स्वीकार तथा उसके विभिन्न रूपों की उपासना करना प्रारंभ किया या कह सकते हैं कि आदिकाल से ही मानव द्वारा प्रकृति की उपासना की परंपरा चली आ रही है। आदिमानवों द्वारा अलग अलग समूहों में रहते हुए अदृश्य तथा सर्वशक्तिमान प्रकृति के प्रतिनिधियों के विविध स्वरूपों की पूजा अर्चना का क्रम प्रारंभ हुआ जिन्हें कालांतर में ग्राम देवी अथवा ग्राम देवता के नाम से जाना गया। आदिमानवों के प्रत्येक दल, समूह अथवा कबीले के एक आराध्य हुआ करते थे (कहीं कहीं अभी भी अस्तित्व में हैं) जो समूह की अनेक विपत्तियों से रक्षा करते हैं ।

ग्राम देवी देवताओं की परिकल्पना कदाचित संकट के समय में ग्राम समाज की रक्षा करने तथा सभी सामाजिक कार्यों के निर्विघ्न संपन्न करने की मनोकामना के आधार पर की गयी। विभिन्न क्षेत्रों में ग्राम देवताओं का अस्तित्व विभिन्न प्रायोजन हेतु माना जा सकता है जैसे महामारी  से रक्षा के लिए, दुर्भिछ या अकाल से रक्षा के लिए, अच्छी फसल के लिए, संतान प्राप्ति के लिए, अनुकूल वर वधु की प्राप्ति के लिए आदि। 

ग्राम देवी-देवताओं के साथ विशिष्ट रीति रिवाजों, मान्यताओं एवं टोटकों का भी गहरा सम्बन्ध रहा है जो कालांतर में एक अलिखित संविधान की तरह संस्कृति का एक अभिन्न हिस्सा बन गए।छत्तीसगढ़ के कुछ प्रसिद्द ग्राम  देवताओं में ठाकुरदेव, बाना देवता, बुढादेव, बरम बावा आदि शामिल हैं तथा ग्राम देवियों में जेरा दाई, बंजारी माता, मौली माता आदि प्रमुख हैं।  

ऐसे ही एक मेरे पैतृक गाँव भटगांव की ग्राम देवी हैं जेरा दाई या जेवरा दाई जिन्हें माता हिंगलाज का स्वरुप माना जाता है। माता का मंदिर भटगांव नगर से लगभग तीन किलोमीटर दूर दक्षिण में देवसागर नामक स्थान पर एक पठार में कदम्ब के पेड़ के नीचे स्थित है, आश्चर्य का विषय है कि इस पथरीले पठार में दूर दूर तक कोई पेड़ नहीं है केवल माता के मंदिर में एक पेड़ है जो हमेशा हरा भरा रहता है।  यहाँ प्रतिवर्ष चैत्र पूर्णिमा के दिन एक दिवसीय भव्य मेला लगता है । धरनीहीन महिलाएं (जो जमीन पर लेट कर जमीन नापते हुए) माता के दर्शनार्थ जाती हैं एवं पूर्णिमा के पूर्व रात्रि में मंदिर परिसर में पहुंच कर जमीन पर ही लेटे रहती हैं, अगली सुबह सूर्योदय से पूर्व भटगांव के जमींदार परिवार द्वारा माता की पूजा के पश्चात् श्रद्धालु महिलाओं को हल्दी मिश्रित पानी का छीटा देकर उठाया जाता है फिर धरनीहीन महिलाओं द्वारा देवी की विधि विधान से पूजा अर्चना की जाती है। माना जाता है कि माता की इस प्रकार उपासना करने से निःसंतान माताओं सूनी गोद भर जाती है तथा आगामी वर्ष माताएं अपने नवजात शिशु के साथ माता का दर्शन करने एवं आशीर्वाद लेने आती हैं। 

यहाँ माता की स्थापना के सम्बन्ध में अनेक मान्यताएं एवं किंवदँतियाँ प्रसिद्द हैं जिसके अनुसार 

"एक बार सारंगढ़ के राजा द्वारा देवी की मूर्ति को रात्रि के समय अपने राज्य ले जाने का प्रयास किया जा रहा था तभी भटगांव के जमींदार को माता ने स्वप्न में आकर इसकी जानकारी दी तब जमींदार क्षेत्र के कुछ ग्रामीणों के साथ देवसागर पहुंचे जहां उन्होंने देखा कि सारंगढ़ के राजा द्वारा माता हिंगलाज की मूर्ति को ले जाने का प्रयास किया जा रहा है। भटगांव जमींदार तथा ग्रामीणों के विरोध के बाद राजा देवी की मूर्ति वहीँ छोड़ वापस अपने राज्य सारंगढ़ चले गए। तब जमींदार ने वहां माता की स्थापना की तथा तब से यहाँ प्रतिवर्ष मेले का आयोजन जमींदार परिवार द्वारा किया जाता है।  स्थानीय लोगों के मध्य यह मेला "चैतराई मेले" के नाम से प्रसिद्द है। श्रद्धालुओं की मान्यता है कि चैत्र पूर्णिमा की रात माता अपने दल बल सहित भ्रमण को निकलती हैं जिन्हें साधारण इंसान को देखने की पुर्णतः मनाही है, यही कारण है कि लाखों की संख्या में उपस्थित श्रद्धालु साँझ होते ही लौट जाते हैं और रात्रि 8 बजे के बाद यह स्थान पूरी तरह सुनसान हो जाता है। अंचल में माता के भक्तों की संख्या दिनों दिन बढती जा रही है । सर्दियों में इस क्षेत्र के वनक्षेत्रों में स्थानीय लोग बड़ी संख्या में पिकनिक मनाने जाते हैं । इस पुरे क्षेत्र में ईको पर्यटन की अनंत संभावनाएं हैं ।

मित्रों आप भी माता के दर्शन को सपरिवार जाएँ एवं स्थानीय लोगों के मध्य बैठकर माता के चमत्कार के किस्से जरुर सुनें । 

मिलते हैं अगले पड़ाव में 

तब तक जय जोहार 





  


Sunday, September 18, 2022

छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग अंक 32: धर्म एवं पुरातत्व का संगम तरीघाट

छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग: धर्म एवं पुरातत्व का संगम तरीघाट

नमस्कार मित्रों 

आज की कड़ी में आइये चलते हैं छत्तीसगढ़ के एक ऐसे स्थल की ओर जहाँ खारुन नदी के तट पर स्थित तरीघाट नामक स्थान में माता महामाया के सान्निध्य में इतिहास के बिखरे हुए साक्ष्य आज भी अपनी कहानी कहते हुए प्रतीत होते हैं। दुर्ग जिले के पाटन विकासखंड में स्थित तरीघाट अपनी पुरासम्पदा एवं धार्मिक मान्यताओं के कारण क्षेत्र में प्रसिद्द है।  

राजधानी रायपुर से लगभग 28 किलोमीटर दूर स्थित महामाया मंदिर तरीघाट पहुँचने पर हमारी मुलाकात कुछ सेवादारों से हुई, उन्होंने हमें माता के मंदिर की महिमा एवं इतिहास के सम्बन्ध में संक्षिप्त जानकारी दी क्योंकि मंदिर प्रांगण में आगामी 26 सितम्बर से प्रारम्भ हो रहे शारदीय नवरात्र के भव्य आयोजन की तैयारियां हो रही थी। 

सेवादारों से चर्चा तथा माता के मंदिर में लगी पट्टिका से हमें जो जानकारी मिली वह कुछ इस प्रकार है: " मंदिर में एक ही स्थान पर स्वयंभू त्रिमूर्ति  महामाया, महालक्ष्मी, महासरस्वती विराजमान हैं। साक्ष्यों के अनुसार इस मंदिर का निर्माण कल्चुरी शासकों द्वारा लगभग 4000 वर्ष पूर्व कराया गया था। माता महामाया का मंदिर तरीघाट की ऐतिहासिक धरोहर है, इस मंदिर को बनाते इसमे चुना, गुड़ और काले पत्थरों का उपयोग किया गया है, काले पत्थर को देखने से पता चलता है कि इस पत्थर को अन्यत्र से लाकर मंदिर निर्माण में प्रयोग किया गया है।  मंदिर प्रांगण में नागराज की मूर्ति बनी हुई है, कहा जाता है कि नागराज इस स्थल की सुरक्षा करते हैं।  इस सम्बन्ध में एक मान्यता है कि विशिष्ट अवसरों पर आज भी नागदेवता मंदिर के पुजारी एवं भक्तों को दर्शन देते हैं।      

तरीघाट का पुरातत्व: माता महामाया के मंदिर के समीप ही पुरातत्व के प्रमाण बिखरे हुए हैं, स्थानीय लोगों द्वारा इसे जगतपाल का टीला कहा जाता है ।  प्राप्त दस्तावेजों एवं जानकारी के आधार पर यहाँ खुदाई के दौरान अलग अलग कालखंड के सिक्के तथा अन्य साक्ष्य प्राप्त हुए हैं जिससे पता चलता है कि यह एक व्यवस्थित एवं समृद्ध  व्यापारिक केंद्र हुआ करता था जो कालांतर में प्राकृतिक आपदाओं से नष्ट हो गया। 

हमें यहाँ आकर तरीघाट के पुरातत्व तथा ऐतिहासिक महत्व से सम्बंधित अनेक महत्वपूर्ण तथ्यों का पता चला।  यह स्थान पूरा सम्पदा तथा धार्मिक आस्था का अनूठा संगम है।  भविष्य में यहाँ शोध एवं पर्यटन की अनंत संभावनाएं हैं।  


मित्रों आपको आज का अंक कैसा लगा, टिपण्णी में जरूर बताएं 

मिलते हैं अगले पड़ाव में तब तक 

जय जोहर          









Sunday, September 11, 2022

छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग अंक 31 : प्रकृति की गोद में बसा एक गुमनाम सा झरना

छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग अंक 31 : प्रकृति की गोद में बसा एक गुमनाम सा झरना  


मस्कार मित्रों, 

छत्तीसगढ़ के खेत खलिहानों एवं वनक्षेत्रों में चांदी की तरह चमकीले कास के फूल खिलने लगे हैं और वर्षाऋतु के विदाई का समय समीप है। कास एक खास तरह की घास होती है जो प्रदेश में लगभग हर जगह मिलती है। जानकार मानते है कि कास के फूलों के दिखने का अर्थ है कि मानसून  विदा होने वाला है और शरद ऋतु आने वाली है। रामचरित मानस में गोस्वामी तुलसीदास कहते हैं... ‘फूले कास सकल मही छाई, जनु बरसा कृत प्रकट बुढ़ाई’। हमारे पूर्वज इसे  वर्षा ऋतु की विदाई मान लेते थे और आगामी सर्दियों निबटने की तैयारी शुरू कर देते थे।  

मित्रों तो आइये चलते हैं प्रकृति के गोद में बसे एक गुमनाम से झरने की ओर जो साल्हेवारा वन परिक्षेत्र से 10 किलोमीटर में स्थित है।  यहाँ कोपरो नामक एक छोटी सी बस्ती है जहाँ गोंड़ जनजाति के लोग निवास करते हैं।  यहाँ से लगभग 1.5 किलोमीटर में मध्य प्रदेश का बालाघाट जिले की सीमा लगती है। कोपरो बस्ती के नाम पर ही इस झरने  को कोपरो झरना के नाम से जाना जाता है।  इस झरने में लगभग 100 फीट की ऊंचाई से जलधारा गिरती है।  कोपरो बस्ती से लगभग तीन किलोमीटर चलने के बाद आपको यह सुन्दर झरना दिखाई देता है।  झरने के नीचे विशाल जलराशि है तथा बहाव के दोनों ओर हरे घास के मैदान हैं जहाँ स्थानीय लोगों द्वारा एक मंदिर तथा जोत जलाने  के लिए कमरे का निर्माण कराया गया है।  

झरने को समीप से देखने के लिए वन विभाग द्वारा सीढ़ियों का निर्माण कराया है। हरे भरे घास के मैदान में कैंपिंग तथा ट्रैकिंग के लिए उपर्युक्त स्थान होने के कारण यहाँ भविष्य में इको पर्यटन के विकास की अनेक संभावनाएं हैं।  

तो आप भी जाइये और इस शानदार झरने को देखकर आइये और अपने अनुभव साझा करिये मेरे संग । 

मिलते हैं अगले पड़ाव में तब तक 

जय जोहार 









Friday, September 2, 2022

छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग अंक 30: ढोलकल गणेश

छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग अंक 30: ढोलकल गणेश  

नमस्कार मित्रों,

पृथ्वी पर प्रथम पूजनीय, बुद्धि के देवता, विघ्न विनाशक श्री गणेश जी विराजे हुए हैं तथा अनेक स्थानों पर उनकी पूजा श्रद्धालुओं द्वारा धूमधाम से की जा रही है।  ऐसे में "छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग" की आज की कड़ी मैं समर्पित करता हूँ गौरीसुत श्री गजानन महराज को और आपको लिए चलता हूँ राज्य के दक्षिण भाग में बसे दंतेवाड़ा क्षेत्र में जहाँ दंतेवाड़ा जिला मुख्यालय से 18 किलोमीटर दूर फरसपाल गांव के समीप पहाड़ियों के शीर्ष पर लगभग 3000 फीट की ऊंचाई पर गणेश जी की अद्भुत प्रतिमा स्थापित है। ढोलकल गणेश के नाम से प्रसिद्द इस अलौकिक मूर्ति के  पीछे अनेक मान्यताएं एवं किंवदंतियाँ हैं जिनमें भगवान परशुराम तथा श्री गणेश जी के मध्य युद्ध का प्रसंग भी प्रचलित है । स्थानीय श्रद्धालुओं एवं पुरा-विशेषज्ञों का मानना है कि भगवान गणेश की यह मूर्ति लगभग 1000 वर्ष पुरानी है जिसका निर्माण नागवंशी शासकों द्वारा 9 वीं से 11 वीं शताब्दी के मध्य  कराया गया। मूर्ति की ऊंचाई लगभग 3 फीट और चौड़ाई लगभग 3.5 फीट है। जिस स्थान पर यह मूर्ति विराजमान है वहां पहाड़ी के शिखर से समस्त क्षेत्र का अवलोकन किया जा सकता है।  ऐसा प्रतीत होता है मानों श्री गणेश जी की दृष्टि समस्त क्षेत्र में है और उनका आशिर्वाद यहाँ जन जन  को प्राप्त है।  यह स्थान प्रकृति प्रेमियों एवं श्रद्धालुओं के मध्य अत्यंत प्रसिद्द है। वर्तमान में स्थानीय युवाओ द्वारा यहाँ  पर्यटकों के रात्रि विश्राम का प्रबंध सशुल्क किया जाता है| प्राकृतिक सौंदर्य, ऐतिहासिक धरोहर एवं धार्मिक आस्था के इस केंद्र में हरित पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। 

तो इस सप्ताहांत आप भी कीजिये श्री गणेश जी महाराज के इस अद्भुत प्रतिमा के दर्शन। 

मिलते हैं अगले पड़ाव में तब तक आप सभी मित्रों को जय जोहार

जय छत्तीसगढ़  


ढोलकल गणेश जी का चित्र सधन्यवाद श्री ईश्वर पटेल जी के सौजन्य से 




   


छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग अंक 43: छत्तीसगढ़ की पुण्य धरती राजिम

  छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग अंक 43: छत्तीसगढ़ की पुण्य धरती राजिम नमस्कार मित्रों, पवित्र “माघ” का मास चल रहा है, माघ का महीना हमार...