Showing posts with label religious places. Show all posts
Showing posts with label religious places. Show all posts

Tuesday, February 14, 2023

छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग अंक 43: छत्तीसगढ़ की पुण्य धरती राजिम

 छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग अंक 43: छत्तीसगढ़ की पुण्य धरती राजिम

नमस्कार मित्रों,

पवित्र “माघ” का मास चल रहा है, माघ का महीना हमारे राज्य में मड़ई - मेलों के लिए प्रसिद्द है ।माघ मास का राज्य में ऐतिहासिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व है। माघ मास की पूर्णिमा तिथि पर राज्य के अनेक धार्मिक स्थलों में भव्य मेलों का आयोजन होता है, स्थानीय भाषा में इस आयोजन को “पुन्नी मेला” कहते हैं। ग्रामीण अंचलों में आयोजित होने वाले इन मेलों का बहुत अधिक सामाजिक एवं सांस्कृतिक महत्व है। ग्रामीण संस्कृति में वर्ष में एक बार आयोजित होने वाले इस सालाना जलसे का महत्व इस दौरान होने वाली महत्वपूर्ण गतिविधियों से समझा जा सकता है। 

पुरातनकाल से चली आ रही परम्परानुसार पुन्नी मेला वह समय होता है जब किसान वर्षा ऋतु एवं बसंत ऋतु के मध्य अपना कृषि कार्य संपन्न कर लेते हैं, और यही समय होता है सामाजिक गतिविधियों का जैसे परिवार की कुंवारी कन्याओं के लिए वर तलाशना, सम्बन्धियों से मेल मिलाप करना तथा आगामी विवाह के लिए आवश्यक सामग्रियां जैसे बर्तन, गहने आदि खरीदना। इस अवसर पर ब्याही गयीं बेटियां अपने मायके आती हैं और अपने परिवार के संग हंसी ख़ुशी से कुछ समय व्यतीत करती हैं।    

छत्तीसगढ़ राज्य में “शिवरीनारायण तथा राजिम” का पुन्नी मेला प्राचीनकाल से ही प्रसिद्द है । वर्तमान में इन मेलों का आयोजन माघ पूर्णिमा से महाशिवरात्रि तक चलता है।

मित्रों, आज चलते हैं छत्तीसगढ़ राज्य के गरियाबंद ज़िले में महानदी के तट पर स्थित भगवान राजीव लोचन की नगरी राजिम । यह प्रदेश के प्रसिद्द तीर्थस्थलों में एक है, यहाँ महानदी, पैरी नदी तथा सोंढुर नदी का संगम होने के कारण इसे छत्तीसगढ़ का त्रिवेणी संगम तथा "छत्तीसगढ़ का प्रयाग" भी कहते हैं। राजिम आदिकाल से शैव, वैष्णव, साक्त, जैन और बौद्ध सम्प्रदाय का केंद्र रहा है जिसका प्रमाण यहाँ प्राप्त मूर्तियों, अवशेषों, अभिलेखों तथा साहित्यों में मिलता है।      

राजिम में भगवान विष्णु को समर्पित प्रसिद्द राजीव लोचन का मंदिर है तथा त्रिवेणी संगम में कुलेश्वर महादेव का विशाल मंदिर स्थित है। मान्यताओं के अनुसार वनवास काल में मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम ने इसी स्थान पर अपने कुलदेवता भगवान शंकर की पूजा की थी। संगम में अस्थि विसर्जन तथा संगम किनारे पिंडदान, श्राद्ध एवं तर्पण आदि किया जाता है। 

वर्तमान में राजिम नगरी में “पुन्नी मेला” पूरे जोर शोर के साथ चल रहा जो कि आगामी महाशिवरात्रि तक चलेगा । सूर्यास्त के बाद महानदी की रेत पर दूर तक फैले मेला क्षेत्र में जगमगाती रौशनी का विहंगम दृश्य दिखाई देता है । यहाँ निर्मित लक्ष्मण झूले का स्वरुप भी अत्यंत ही आकर्षक लग रहा है। आप सभी मित्रों से आग्रह है कि यथा संभव इस ऐतिहासिक मेले में अपने परिवार एवं ईष्ट मित्रों संग अवश्य जाएँ तथा दर्शन पूजन कर पुण्य के भागी बनें ।

मिलते हैं अगले पड़ाव में

तब तक आप सभी को जय जोहार

मेला स्थल से लक्ष्मण झूले का दृश्य 
भगवान श्री राजीव लोचन की प्रतिमा 


 

Sunday, February 5, 2023

छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग अंक 42: दक्षिण कोशल की राजधानी श्रीपुर

छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग : दक्षिण कोशल की राजधानी श्रीपुर 

नमस्कार मित्रों,

आज आपको दक्षिण कोशल की पुराकालीन राजधानी श्रीपुर अर्थात सिरपुर की सैर पर लेकर चलता हूँ । सिरपुर वर्तमान में एक छोटा सा गाँव है जो छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से लगभग 85 किलोमीटर दूर महासमुंद जिले में छत्तीसगढ़ की जीवन दायिनी सदानीरा चित्रोत्पला, महानंदा, पुण्यदायिनी महानदी के तट पर स्थित है।

सिरपुर के इतिहास एवं पुरावशेषों को देखकर यह सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि यह कभी एक विशाल एवं समृद्धशाली नगर हुआ करता था । इतिहासकारों, पुरावेत्ताओं तथा साक्ष्यों की मानें तो यह नगर हिन्दू, बौद्ध, तथा जैन धर्मावलम्बियों का धार्मिक एवं सांस्कृतिक केंद्र था । प्रसिद्द चीनी यात्री व्हेनसांग ने भी अपने  यात्रा वृत्तांत में सिरपुर का विस्तार से वर्णन किया है । सिरपुर में हुए उत्खनन में प्राचीन बौद्ध मठ भी पाये गये हैं।

सिरपुर के दर्शनीय स्थलों में सबसे प्रमुख ईंटों से निर्मित भव्य लक्ष्मण मंदिर है जिसका निर्माण मगध के राजा सूर्य वर्मन की पुत्री, श्रीपुर के प्रतापी नरेश महाशिवगुप्त बालार्जुन की माता तथा हर्षगुप्त की पत्नी महारानी वासटा ने ईस्वी 650 में कराया था। यह मंदिर भगवान विष्णु को समर्पित है । मंदिर के मुख्य द्वार पर शेष शैया में विष्णु प्रदर्शित हैं । मंदिर के चारों तरफ रंग बिरंगे फूलों से सजा सुंदर बगीचा है।  

सिरपुर स्थित अन्य प्रमुख दर्शनीय स्थलों में गंधेश्वर महादेव , सुरंग टीला, स्वस्तिक विहार, प्राचीन बाजार, तीवरदेव विहार आदि प्रमुख हैं ।

तीवरदेव विहार एक पुरातात्विक स्थल है, उत्खनन से प्राप्त साक्ष्यों एवं उपलब्ध अभिलेखों के आधार पर तीवरदेव विहार को महाशिवगुप्त तीवरदेव के शासनकाल में छठी शताब्दी के मध्य निर्मित माना गया है।तीवरदेव विहार के प्रवेश द्वार पर पंचतंत्र की कहानियों को पत्थरों पर बहुत ही खूबसूरती से उकेरा गया है ।  

सिरपुर स्थित प्राचीन बाजार क्षेत्र में फैले अवशेषों को देखकर सहज ही अनुमान लगाया जा सकता है कि यह कितना विशाल तथा सुनियोजित बाजार था। यहाँ योजनाबद्ध ढंग से बाजार का  निर्माण किया गया है, बाजार क्षेत्र में प्राचीन अन्न भण्डारण क्षेत्र, कुएं, धातु मुर्तिशाला तथा अनेक साक्ष्य अवशेषों के रूप में विद्यमान हैं । सिरपुर को करीब से देखना, उसकी गलियों में भ्रमण करना वर्तमान से वर्षों पीछे लौटकर भूतकाल की यात्रा करने जैसा अनुभव देता है। 

सिरपुर को जानने के लिए आपको वहां दिन या कम से कम कुछ घंटे जरुर व्यतीत करना चाहिए ।
तो आप सब इस सप्ताहांत जरुर जाइये और अपने प्राचीन राजधानी को करीब से जानिए ।

प्राचीन बाजार का अन्न संग्रहण क्षेत्र 
तीवरदेव विहार 
टीला पंचायतन या सुरंग टीला 
लक्ष्मण मंदिर 
 

Monday, January 16, 2023

छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग अंक 41: जैन तीर्थ कैवल्य धाम

 छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग अंक 41: जैन तीर्थ कैवल्य धाम, कुम्हारी

नमस्कार मित्रों,

हमारा प्रदेश छत्तीसगढ़ अपनी सांस्कृतिक विरासत, नैसर्गिक सौन्दर्य एवं विविध खानपान के साथ ही धार्मिक सौहार्द्र एवं आपसी सहयोग के लिए भी जाना जाता है। देश में यह इकलौता प्रदेश है जहाँ हर समाज, संप्रदाय एवं पंथ को मानने वाले लोग एक साथ रहते हैं तथा एक दुसरे के तीज त्यौहार में समान रूप से शामिल होते हैं । 

आज देखिये मेरे संग जैन धर्म के तीर्थ स्थलों में एक “कैवल्य धाम” को जानिए क्या है इस पावन जैन तीर्थ का महत्व । राजधानी रायपुर से पश्चिम दिशा की ओर दुर्ग-भिलाई मार्ग पर लगभग 15 किलोमीटर की दूरी पर खारून के नदी के तट पर स्थित कैवल्यधाम मंदिर अपनी भव्यता के लिए देश भर में प्रसिद्द है।  यहाँ आने वाले श्रद्धालुगण जैन धर्म के प्रथम तीर्थंकर भगवान आदिनाथ से आशीर्वाद प्राप्त करते हैं एवं असीम शांति का अनुभव करते हैं।  भगवान आदिनाथ ने अपने अनुयायियों को मानव सेवा, त्याग, एवं दान का महत्व समझाया। मान्यता है कि उन्होंने गरीब असहाय, साधु संत तथा बीमार लोगों के उत्थान के लिए निरंतर कार्य किया।

कैवल्यधाम तीर्थ के मध्य में भगवान आदिनाथ का मंदिर है तथा मुख्य मंदिर के दोनों ओर 24 तीर्थंकरों के मंदिरों की स्थापना की गयी है।  संभवतः यह देश का एकमात्र जैन तीर्थ है जहां श्रद्धालुओं को एकसाथ सभी 24 तीर्थंकरों के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त होता है। जैन धर्म में 24 तीर्थंकर हुए जिन्होंने अपना सर्वस्व त्याग कर सांसारिक जीवन से विरक्त हो ईश्वर की खोज में निकल पड़े इन्हीं 24 तीर्थंकरों के दर्शन के लिए कैवल्यधाम में 24 खूबसूरत मंदिर बनाए गए हैं। श्रद्धालु एक साथ 24 तीर्थंकरों के दर्शन कर स्वयं को धन्य मानते हैं। 24 तीर्थंकरों में भगवान ऋषभदेव पहले तीर्थंकर रहे जिन्हे बाद में भगवान आदिनाथ कहा गया, इनके अलावा अजितनाथजी, सम्भवनाथजी, अभिनन्दन स्वामी, सुमतिनाथजी, पद्मप्रभुजी, सुपार्श्वनाथजी, चन्द्रप्रभुजी, सुविधीनाथजी,शीतलनाथजी, श्रेयांसनाथजी, वासुपूज्य जी ,विमलनाथजी, नन्तनाथजी,धर्मनाथजी, शान्तिनाथजी, कुन्थुनाथजी, अरनाथजी, मल्लिनाथजी, मुनिसुब्रतजी, नमिनाथजी, नेमिनाथजी, पार्श्वनाथजी, वर्धमान महावीर स्वामी शामिल हैं। जैन धर्म में दीक्षा का महत्वपूर्ण स्थान है, जो जैन भाई बहन परमात्मा की सेवा में लीन होना चाहते हैं वो सभी सांसारिक आशक्ति त्यागकर कैवल्यधाम तीर्थ में दीक्षा लेते हैं तथा अपना सर्वस्व पीछे छोड़ त्याग साधु संतों की तरह अपना जीवन व्यतीत करते हैं।

मित्रों, यदि आप भी जीवन के शोरगुल से दूर इस पवित्र तीर्थ में कुछ क्षण रूककर आत्म साक्षात्कार करना कहते हैं तो अपने परिवार संग कैवल्य धाम अवश्य जाएँ, यहाँ जाकर आपको असीम शांति एवं आत्म संतोष का अद्भुत अनुभव होगा।

मिलते हैं अगले अंक में तब अपना एवं अपनों का ख्याल रखें, खुश रहें

जय जोहार  

कैवल्य धाम का मुख्य द्वार 
कैवल्यधाम स्थित मंदिर 

Sunday, February 13, 2022

पर्यटन छत्तीसगढ़ अंक - 01

पर्यटन छत्तीसगढ़  अंक - 01 

🛕 नारायणपुर का प्राचीन शिव मंदिर: महानदी तट की अनकही विरासत
"पर्यटन छत्तीसगढ़ के  प्रथम अंक में आप सभी पाठकों का स्वागत है।  इस श्रृंखला में  हम पाठकों को राजधानी रायपुर के आसपास स्थित सप्ताहांत बिताने (Weekend Destinations) के लिए उपयुक्त स्थानों से लेकर 2 - 3  दिनों के लिए छुट्टियों का  आनंद लेने के लिए नैसर्गिक, धार्मिक तथा हरित पर्यटन स्थलों के सम्बन्ध में विस्तार से अवगत कराएँगे।  यदि हम अपनी यात्रा राजधानी रायपुर से प्रारम्भ  करते हैं तो इसके चारों ओर अनेक ऐसे स्थान हैं जो अपनी ओर आकर्षित करते हैं।  इस कड़ी  में सबसे पहले चलते हैं सिरपुर से कसडोल मार्ग पर नारायणपुर ग्राम में स्थित नारायण विहार के दर्शन के लिए।"  

 


    छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में बहती पवित्र महानदी के तट पर स्थित ग्राम नारायणपुर एक अद्भुत ऐतिहासिक और धार्मिक धरोहर को संजोए हुए है। यहाँ स्थित 10वीं शताब्दी का प्राचीन शिव मंदिर न केवल आस्था का केंद्र है, बल्कि अपनी स्थापत्य कला और रहस्यमयी कथाओं के कारण भी अत्यंत आकर्षक स्थल है।

पूर्वाभिमुखी शिवलिंग की अनूठी विशेषता

इस मंदिर की सबसे बड़ी विशेषता इसका पूर्वाभिमुखी शिवलिंग है, जो छत्तीसगढ़ में अत्यंत दुर्लभ माना जाता है। प्राचीन मान्यताओं के अनुसार पूर्व दिशा को ऊर्जा और आध्यात्मिक जागरण का प्रतीक माना जाता है, जिससे इस मंदिर का महत्व और बढ़ जाता है। दूर-दूर से श्रद्धालु इस अनोखे शिवलिंग के दर्शन हेतु यहाँ पहुंचते हैं।

बलुआ पत्थर से निर्मित इस भव्य मंदिर की दीवारों पर उकेरी गई मूर्तियां प्राचीन शिल्पकला का उत्कृष्ट उदाहरण हैं। यहाँ की मैथुन कला की मूर्तियां प्रसिद्ध भोरमदेव मंदिर और खजुराहो मंदिर समूह की कलाकृतियों की याद दिलाती हैं। पुरातत्व विभाग द्वारा इन मूर्तियों को संरक्षित कर एक सुरक्षित कक्ष में रखा गया है, जिससे इस धरोहर का संरक्षण सुनिश्चित हो सके।


📜 ऐतिहासिक पृष्ठभूमि (10वीं–11वीं शताब्दी)

इतिहासकारों के अनुसार यह मंदिर 10वीं–11वीं शताब्दी में निर्मित हुआ था। खरौद में प्राप्त 1181 ई. के शिलालेख से संकेत मिलता है कि उस समय हयवंशी राजाओं ने इस क्षेत्र में एक भव्य उद्यान का निर्माण कराया था, जिससे इस मंदिर की प्राचीनता और महत्व स्पष्ट होता है।

🌙 रहस्यमयी निर्माण की लोककथा

स्थानीय मान्यताओं के अनुसार इस मंदिर का निर्माण रात्रि के समय लगभग छह महीनों में किया गया।

किंवदंती के अनुसार, मंदिर के प्रधान शिल्पी नारायण जनजातीय समुदाय से थे, जिनके नाम पर ही इस गांव का नाम पड़ा। कहा जाता है कि वे रात में निर्वस्त्र होकर मंदिर निर्माण करते थे और उनकी पत्नी उन्हें भोजन देने आती थी। एक दिन उनकी पत्नी की जगह उनकी बहन भोजन लेकर आ गई। इस घटना से लज्जित होकर नारायण ने मंदिर के कंगूरे से कूदकर प्राण त्याग दिए।

👉 इसी कथा के कारण आज भी स्थानीय परंपरा में भाई-बहन एक साथ मंदिर दर्शन नहीं करते।

🏗️ अधूरा मंदिर और कलश का रहस्य 

हिंदू मंदिरों में शिखर पर कलश स्थापना पूर्णता का प्रतीक होती है, लेकिन इस मंदिर में लंबे समय तक कलश स्थापित नहीं हो पाया था। हाल के वर्षों में कलश स्थापना कर पूजा प्रारंभ की गई, फिर भी मंदिर के पास स्थित एक अन्य संरचना आज भी अधूरी है—जहाँ न तो मूर्ति स्थापित हुई और न ही कलश।

मान्यता है कि शिल्पी की मृत्यु के कारण यह मंदिर अधूरा रह गया।

🎉 वार्षिक मेला और सांस्कृतिक महत्व

हर वर्ष चैत्र शुक्ल त्रयोदशी से पूर्णिमा तक यहाँ तीन दिवसीय भव्य मेले का आयोजन होता है। यह मेला स्थानीय संस्कृति, आस्था और परंपराओं का जीवंत संगम है, जहाँ श्रद्धालु, पर्यटक और शोधकर्ता बड़ी संख्या में भाग लेते हैं।


कैसे पहुंचे ?

राजधानी रायपुर से नारायण विहार की दूरी इस प्रकार है 
1. रायपूर से सिरपुर - 85 किलोमीटर 
2. सिरपुर से नारायणपुर 41  तथा 
3. रायपुर से नारायण विहार (नारायणपुर) की  दूरी 126 किलोमीटर है।   


ज्ञानेंद्र पाण्डेय 




छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग अंक 43: छत्तीसगढ़ की पुण्य धरती राजिम

  छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग अंक 43: छत्तीसगढ़ की पुण्य धरती राजिम नमस्कार मित्रों, पवित्र “माघ” का मास चल रहा है, माघ का महीना हमार...