Thursday, November 22, 2018

उद्यमिता बनाम स्टार्टअप


आज जब देश में स्टार्टअप इंडिया और मेक इन इंडिया का माहौल है युवाओं के समक्ष एक दुविधा सी है उद्यमिता या स्टार्टअप।  एक ओर उद्यमिता विकास कार्यक्रम जोरों पर है, स्वरोजगार स्थापना के लिए सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए अनेक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं दूसरी ओर स्टार्टअप आइडियाज के लिए सेमिनार और कार्यशालाएं आयोजित की जा रही हैं।  शिक्षित एवं बेरोजगार युवाओं के सामने कुछ धुंधला सा है कि क्या करें ?? कहाँ जाएँ ??  प्रदेश में युवाओं की बात करें तो अधिकांशतः की मनोदशा ऐसी है कि सरकारी नौकरी की सोते जागते बाट जोह रहे हैं और शैक्षणिक योग्यताएं बढ़ाने में लगे हैं कि 38 -40 की उम्र तक कहीं 15 - 17 हजार की सरकारी नौकरी मिल जाये तो अच्छा हो।  अब आते हैं आज के मूल विषय पर उद्यमिता या स्टार्टअप।  इससे पहले कि हम किसी निष्कर्ष पर पहुंचें आइये समझते हैं कि एक उद्यमी और एक स्टार्टअप संस्थापक में क्या मूल अंतर है।  


उद्यमी
उद्यमी एक ऐसा व्यक्ति होता है जो किसी भी प्रकार के व्यवसाय की तलाश करता है जिससे लाभ कमाया जा सके या उस व्यवसाय को और अधिक लाभदायक कैसे बनाया जाए। एक उद्यमी हमेशा या अक्सर सिर्फ पैसे कमाने के लिए किसी व्यवसाय पर निवेश करते हैं।  ये व्यवसाय पारम्परिक, गैर पारम्परिक हो सकते हैं इनमें कोई नयापन नहीं होता जैसे खाद्य पदार्थों से सम्बंधित व्यवसाय (सूखे नमकीन, मिठाई निर्माण आदि ), होटल व्यवसाय, खिलौने का व्यापार आदि।  उद्यमी छोटे, मंझोले,अथवा बड़े हो सकते हैं यहाँ तक कि गरीब तथा निचली बस्तियों में रहकर अपनी जीविका कमाने वाले जो घूम घूम कर सामान बेचते है उद्यमी ही हैं, क्योंकि वे जीवित रहने के लिए सामान बेचने का व्यापार करते हैं।        

स्टार्टअप संस्थापक 
एक स्टार्टअप संस्थापक एक उद्यमी से अलग होता है हालाँकि प्रथमदृष्ट्या दोनों एक से लगते हैं परन्तु दोनों में कुछ मूलभूत अंतर है।  स्टार्टअप का पहला और मुख्य उदेश्य लाभ कमाना नहीं होता बल्कि स्टार्टअप के मूल में ऐसे उत्पाद या सेवा की परिकल्पना होती है जो लोगों की समस्या का समाधान होती है।  अच्छे स्टार्टअप में नवाचार एक अभिन्न अंग होता है तथा एक निश्चित समय में ये प्रसिद्धि पाते हैं और असीमित आर्थिक लाभ प्राप्त करते हैं।  एक अच्छे स्टार्टअप में अनेक लोगों को रोजगार मिलना सुनिश्चित होता है। स्टार्टअप में निवेश के लिए अनेक माध्यम हो सकते हैं जैसे क्राउडफंडिंग आदि।  

राज्य में युवाओं को स्वरोजगार के लिए अधिक से अधिक उद्यमिता विकास तथा कौशल विकास की आवश्यकता है तथा दूसरी ओर कुछ अच्छे तथा सालों तक चलने वाले स्टार्टअप स्थापना की आवश्यकता है।  

अगले अंक में कृत्रिम तथा सूक्ष्म उद्योगों की संभावनाओं पर चर्चा होगी 

अपने विचार एवं प्रश्न अवश्य साझा करें।  

नमस्कार 

  

छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग अंक 43: छत्तीसगढ़ की पुण्य धरती राजिम

  छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग अंक 43: छत्तीसगढ़ की पुण्य धरती राजिम नमस्कार मित्रों, पवित्र “माघ” का मास चल रहा है, माघ का महीना हमार...