Monday, February 11, 2019

परिवर्तन से मिलते हैं उद्यमिता एवं नवाचार के अवसर
कहते  हैं परिवर्तन ही शाश्वत है और जो समय के साथ नहीं बदलते वो पीछे रह जाते हैं। हर परिवर्तन किसी न किसी रूप में विनाश और फिर निर्माण लेकर आता है, यही चक्र अनंत काल से चल रहा है। जो इस परिवर्तन चक्र के मध्य चुनौतियों को पार कर संभावनाओं को पहचान लेते है वही इतिहास का निर्माण करते हैं। उद्यमिता के सन्दर्भ में भी प्राचीन काल से यही बात शाश्वत है "समय के परिवर्तन एवं मांग को ध्यान में रखते हुए अवसर का लाभ उठाना एवं नवाचार से समय के साथ आगे बढ़ना"।
हाल ही में राज्य में सत्ता परिवर्तन के पश्चात् प्रदेश के मुखिया (मुख्यमंत्री) द्वारा "छत्तीसगढ़ के चार चिन्हारी "नरुआ, गरुआ, घुरुआ, बारी"..   एला बचाना हे संगवारी का नारा दिया गया है। इस सारगर्भित नारे का संक्षिप्त विश्लेषण इस प्रकार है कि "मित्रों छत्तीसगढ़ प्रदेश की चार महत्वपूर्ण चिन्हारी अर्थात पहचान को हमें बचाना है जो कि नरुआ, गरुआ, घुरुआ और बारी हैं।"     
नरुआ अर्थात नहरों एवं नालों से है जिनसे गॉंव के खेतों में सिंचाई की जाती थी, जो समय के साथ साथ सूख गए हैं।  इसके अंतर्गत नदी, नालों, नहरों तथा कुवों की सफाई करके बेहतर जल प्रबंधन करना सरकार की पहली प्राथमिकता है जिससे कृषक, ग्रामीण जन जीवन तथा पशुधन  ज्यादा से ज्यादा लाभान्वित हो सकें।
गरुआ का अर्थ है हमारे पालतू पशुधन जैसे गाय, भैंस, बकरी आदि से है।  इनके लिए चारे, चारागाह तथा बेहतर रखरखाव की व्यवस्था से राज्य के पशुधन से ग्रामीण क्षेत्रों में अर्थव्यवस्था को दुरुस्त किया जा सकता है। उल्लेखनीय है कि पुरातन काल से गावों में चरागाह की व्यवस्था होती थी जहाँ गायों एवं अन्य मवेशियों को दिन भर हरी घास उपलब्ध होती थी परन्तु विकास की दौड़ में ये चरागाह या तो नष्ट हो गए या इन पर अवैध कब्ज़ा हो गया।  अब सरकार  की प्राथमिकता इन चरागाहों को दुरुस्त करने की है। 
घुरुआ वह स्थान था जिसमें प्राचीनकाल से गोबर खाद बनाया जाता था,  जिसका प्रचलन आज भी कहीं कहीं प्रदेश के गावों में देखा जा सकता है।  यह विधि प्राचीनतम कचरा प्रबंधन एवं जैविक खाद निर्माण की विधियों में एक है।  इस विधि से न सिर्फ जैविक खाद बल्कि बायो गैस का उत्पादन भी किया जा सकता है अर्थात कचरा प्रबंधन, जैविक खाद निर्माण एवं बायो गैस का उत्पादन साथ साथ।
बारी (यह बाड़ी का अपभ्रंश है ) का तात्पर्य उन समस्त भूखंडों से है जहाँ साग सब्जी एवं अन्न उगाया जाता है।  बाड़ी संरक्षण एवं संवर्धन के द्वारा जहां एक ओर जैविक खाद्यान्नों, फलों एवं सब्जियों का उत्पादन होगा वहीँ ग्रामीण अर्थव्यवस्था में भी सुधार होगा।  इस महत्वाकांक्षी योजना के अंतर्गत ऐसे कई अवसर छुपे हैं जिन्हे युवा उद्यमी नवाचार के साथ अपना रोजगार व्यवसाय स्थापित कर सकते हैं।  जरुरत सिर्फ उन अवसरों को पहचान कर प्रदेश सरकार की योजनाओं के साथ कदम मिलाकर चलने की है।  
    
       

छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग अंक 43: छत्तीसगढ़ की पुण्य धरती राजिम

  छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग अंक 43: छत्तीसगढ़ की पुण्य धरती राजिम नमस्कार मित्रों, पवित्र “माघ” का मास चल रहा है, माघ का महीना हमार...