Friday, May 27, 2022

छत्तीसगढ़ के रंग देखिए मेरे संग अंक 17: कोतेबीरा जलप्रपात

छत्तीसगढ़ के रंग देखिए मेरे संग : कोतेबीरा जलप्रपात एवं शिव धाम

नमस्कार मित्रों, 

छत्तीसगढ़ के रंग देखिए मेरे संग की यात्रा में जैसे जैसे हम आगे बढ़ रहे हैं, हमें छत्तीसगढ़ के विविध रूपों के दर्शन हो रहे हैं l कहीं प्राचीन धार्मिक मान्यताएं हैं तो कहीं पुराकालीन साक्ष्य l कहीं अचंभित करने वाले किस्से कहानियां है तो कहीं रंग बिरंगी परम्पराएँ l अपनी यात्रा के अगले पड़ाव में हम कौतुहलवश आगे बढ़ते हैं और पहुँच जाते हैं छत्तीसगढ़ के उत्तरी क्षेत्र में स्थित जशपुर जिले के "नागलोक" के नाम से प्रसिद्द ग्राम तपकरा से लगभग 10 किलोमीटर दूर स्थित "कोतेबीरा जलप्रपात एवं शिव धाम" में l 

किंवदंती के अनुसार द्वापर युग में पांडवों ने अपने अज्ञातवास के समय यहाँ कुछ समय व्यतीत किया थाl उन्होंने स्नानादि के लिए नदी की पूजा अर्चना कर उनकी अनुमति से कुछ चट्टानों को नदी के मध्य रखकर अस्थाई रूप से पानी की धार की रोका ताकि सभी स्नान आदि कर सकें, इसके साक्ष्य के रूप में वहां नदी के आसपास तथा मध्य भाग में अनेक विशाल चट्टान फैले हुए हैं तथा मध्य भाग में सुन्दर जलप्रपात अनवरत प्रवाहित हैl        

स्थानीय लोक कथाओं के अनुसार यहाँ आसपास के क्षेत्र में एक राजा थे जिनके पास अपार धन सम्पदा थी तथा स्वर्ण मुद्राओं से भरे अनेक पात्र थे l दुश्मनों एवं राक्षस लुटेरों से बचने के लिए राजा ने अपनी समस्त स्वर्ण मुद्राएँ नदी के बीच स्थित चट्टानों से घिरे टापू में रेत के टीलों के नीचे छुपाकर रख दिया तथा उनके ऊपर बड़े बड़े चट्टान रख दिए l राजा ने सुरक्षा की दृष्टि से वहां दो बहादुर वीरों को तैनात किया तथा अपना राज काज करने लगे l स्वर्ण मुद्राओं का आभास होने पर एक दिन नदी ने राजकुमारी का रूप धरा और टापू में आ गयीं, उन्होंने तब स्वर्ण मुद्राओं की सुरक्षा में तैनात वीरों को देखा और उनसे पूछा कि क्या किसी ने स्वर्ण मुद्राओं की रखवाली के लिए मुझसे आज्ञा ली थी ? मुझे हर पूर्णिमा को एक स्वर्ण मुद्राएँ चाहिए तभी इस स्वर्ण भण्डार की सुरक्षा करुँगी ? यह सुनकर दोनों बहादुर सिपाहियों ने राजकुमारी का रूप धरे नदी को सुकुमारी समझ उनका उपहास उड़ाया और उन्हें वहां से शीघ्र ही लौट जाने को कहा l इस अपमान से व्यथित नदी ने शाप दिया जिसके परिणामस्वरूप दोनों वीर वहां से लापता हो गए तथा स्वर्ण मुद्राएँ धीरे धीरे नदी के जल में घुलकर बहने लगी l 

कुछ दिनों बाद राजा अपनी स्वर्ण मुद्राओं को देखने की मंशा से अपनी सेना सहित वहां पधारे और दोनों वीर सिपाहियों को वहां न पाकर उन्हें पुकारने लगे तथा पूछने लगे कोते बीरा अर्थात वीर कहाँ गए, वीर कहाँ गए? इसी घटना के कारण इस स्थान का नाम कोतेबीरा हुआ l  

राजा की आवाज सुनकर नदी ने पुनः राजकुमारी का रूप धरा और सामने आकर राजा को सारा किस्सा कह सुनाया l राजा अत्यंत दुखी हुए एवं उन्होंने नदी से क्षमा याचना की और अपने स्वर्ण मुद्राओं की मांग करने लगे, राजकुमारी ने एक पात्र में अपना जल भरकर दिया और कहा "हे राजन आप मेरा जल ले जाकर अपने महल में रखो, यह स्वर्ण मिश्रित जल है, रोज सुबह इस पात्र में जल के नीचे एकत्रित स्वर्ण कण आपको प्राप्त होगा और आप का राज पाठ चलता रहेगा", इतना कहकर राजकुमारी नदी में विलीन हो गयीं l 

माना जाता है कि इस घटना के पश्चात आज तक ईब नदी के जल से स्वर्ण कण का मिलना निरंतर जारी है, अर्थात नदी के शाप से आज भी स्वर्ण मुद्राएँ जल में मिश्रित होकर निरंतर बह रही हैं l  

तो मित्रों है न हमारा छत्तीसगढ़ अद्भुत! 

मिलते हैं अगले अंक में 

तब तक जय जोहार     

कोतेबीरा शिवधाम 
ईब नदी का विहंगम दृश्य
  
जलप्रपात: कोतेबीरा 
अस्ताचलगामी दिवाकर और ईब नदी  

Thursday, May 26, 2022

छत्तीसगढ़ के रंग देखिए मेरे संग अंक 16: रानीदह झरना

छत्तीसगढ़ के रंग देखिए मेरे संग अंक 16

रानीदह झरना

नमस्कार मित्रों,
आज आपको लिए चलता हूं छत्तीसगढ़ के उत्तरी भाग में स्थित जशपुर जिले के ग्राम बोकी के रानीदाह झरना। यह प्राकृतिक झरना जशपुर जिला मुख्यालय से लगभग 12 किलोमीटर पर स्थित है। सघन वन क्षेत्रों के मध्य लगभग 50 एकड़ में फैला यह क्षेत्र नैसर्गिक सुंदरता का प्रतीक है। वर्षभर प्रवाहित होने वाली इस जलधारा के नामकरण के विषय में एक रोचक किंवदंती है।

कहते हैं उड़ीसा के राज गंगापुर जिला सुंदरगढ़ में एक राजपरिवार रहता था।राजा के 5 पुत्र एवम एक पुत्री थी जिसका नाम शिरोमणि था। पांच भाइयों की बहन होने के कारण स्वाभाविक रूप से राजकुमारी परिवार में सबकी लाडली थी। समय बीतता गया सभी खुशहाल थे परंतु
पांचों भाइयों के विवाह के उपरांत भाभियों का अपनी ननद शिरोमणि के प्रति नजरिया एवम व्यवहार बदल गया और उसकी उपेक्षा होने लगी जिससे खिन्न होकर शिरोमणि अपनी सहेलियों के साथ वनों की ओर आ गई। अपनी बहन को मनाने के लिए पांचों भाई बहन की तलाश में इस स्थान पर पहुंचे तथा थोड़ी दूर अपना पड़ाव लगाकर दो घुड़सवारों को बहन को बुलाने के लिए भेजा। बहन जिद में रही कि भाई उसे मनाने आएं और भाई इंतजार में रहे कि बहन आ जाए तो उसे लेकर वापस चलें। इंतजार करते करते बहन शिरोमणि ने शाप दिया और सभी लोग पत्थर के हो गए। आज भी वहां घोड़ा पत्थर तथा सैनिकों सहित सभी राजकुमार पत्थर के रूप में विद्यमान है।

दूसरी तरफ महाराज ने राजकुमारी का विवाह तय कर दिया जहां राजकुमारी विवाह नहीं करना चाहती थीं। इन घटनाओं से घटित होकर राजकुमारी ने झरने के नीचे छलांग लगाकर अपनी इहलीला समाप्त कर ली।

रानीदह झरना स्थानीय लोगों के लिए सप्ताहांत का सबसे मनपसंद पिकनिक स्थल है।

मिलते हैं अगले पड़ाव में तब तक
जय जोहार





Monday, May 16, 2022

छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग अंक 15 : रामझरना

छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग: रामझरना 

छत्तीसगढ़ के प्राकृतिक तथा धार्मिक पर्यटन स्थलों में रायगढ़ जिले के "राम झरना" का नाम प्रमुखता से आता है । रायगढ़ शहर से लगभग 20 किलोमीटर दूर खरसिया ब्लॉक में यह लोकप्रिय पर्यटन स्थल स्थित है । सघन वनक्षेत्र में स्थित यह प्राकृतिक जलस्रोत है जहाँ से निरंतर जलधारा लगातार बह रही है, यह लगभग डेढ़ किलोमीटर क्षेत्र में फैला हुआ है। यह प्राकृतिक झरना क्षेत्र के प्रकृति प्रेमियों तथा धर्मावलम्बियों के लिए एक विशिष्ट स्थान है। जैसा कि नाम से विदित है, यह स्थान का सम्बन्ध भगवान श्री राम के वनवास काल से भी सम्बद्ध है। वाल्मीकि रामायण के अनुसार भगवान श्री राम ने अपने 14 वर्षों के वनवास में दस वर्ष दंडकारण्य अर्थात छत्तीसगढ़ में बिताया था। स्थानीय लोगों की मान्यता है कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान् श्री राम, अनुज लक्ष्मण तथा अर्धांगनी माता सीता सहित इस स्थान पर पधारे थे , वनवासकाल के दौरान एक बार जब माता सीता को प्यास लगी, तब भगवान श्री राम ने धरती माता से अनुमति लेकर अपना एक तीर चलाया, श्रीराम के तीर से बिंधकर धरती से निर्मल जलधारा फूट पड़ी जिससे माता सीता ने अपनी प्यास बुझाई। तब से यहाँ निर्मल जलधारा लगातार प्रवाहित हो रही है और इस पवित्र स्थल का नाम भगवान श्री राम की याद में राम झरना हुआ।

स्थानीय लोग तीज त्योहारों तथा विशिष्ट तिथियों में यहाँ परिवार सहित पिकनिक मनाने आते रहते हैं l 

श्रद्धालुओं का का मानना है इस कुंड का पानी पीने अनेक शारीरिक रोगों से मुक्ति मिलती है। स्थानीय तथा देश के अन्य प्रदेशों से श्रद्धालु यहाँ आते है एवं पवित्र जलग्रहण करते हैं तथा अपने साथ भी ले जाते हैं। वर्तमान में यह स्थल वन विभाग के संरक्षण में है तथा इसे ईको पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है।

मिलते हैं अगले पड़ाव में 

तब तक सभी मित्रों को जय जोहार 






Saturday, May 7, 2022

छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग अंक 14 : गोटिटोला के रॉक पेंटिंग एवं उनका रहस्य

छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग: गोटिटोला के रॉक पेंटिंग एवं उनका रहस्य

नमस्कार मित्रों,

छत्तीसगढ़ राज्य को मैं हमेशा देवलोक एवं रहस्यलोक कहता हूँ क्योंकि इस धरा पर अनेक ऐसे साक्ष्य बिखरे हुए हैं जिनका वर्णन हमें वेदों एवं पुरानों में मिलता है l सनातन धर्म के दो महाग्रंथ रामायण एवं महाभारत से छत्तीसगढ़ का सम्बन्ध तो हम सभी जानते हैं l इसके अतिरिक्त कुछ ऐसे अचंभित करने वाले तथ्य दिखाई देते हैं जिन्हें तर्क की कसौटी पर परखना असंभव सा प्रतीत होता है l आज आपको ऐसे ही एक रहस्यपूर्ण, प्रागैतिहासिक साक्ष्य की ओर ले चलता हूँ जहाँ आप स्वयं को मन एवं मष्तिष्क के द्वंद में घिरा हुआ पाएंगे l

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से लगभग 130 किलोमीटर दक्षिण की ओर तथा कंक ऋषि की नगरी कांकेर से 21 किलोमीटर दुरी पर प्रकृति की गोद में बसा है ग्राम “गोटिटोला” l   गोटीटोला अपने प्रागैतिहासिक शैल चित्रों के लिए राज्य भर में प्रसिद्द है। गोटिटोला की पहाड़ियों पर स्थित विशाल चट्टान जिसे स्थानीय लोग “नाग पथरा” के नाम से जानते हैं क्योंकि इस विशाल पत्थर के नीचे नाग के फन की आकृति पर शैल चित्र अंकित हैं जो आज भी अबूझ बने हुए हैं। पुराविदों एवं जानकारों के अनुसार ये शैलचित्र दस हजार साल या उससे भी अधिक पुराने हैं l चट्टानों पर प्राकृतिक रंगों से बनी इन आकृतियों को देखकर मन में यह प्रश्न आता है कि क्या हमारे पूर्वजों को चित्रकारी में इतना महारत प्राप्त था l क्या वे इतने कुशल रंगरेज थे कि आज भी उनके बनाये शैल चित्र प्रागैतिहासिक काल की गाथा कह रहे हैं l माना जाता है कि शैलचित्र आदिमानवों द्वारा बनाया गया कोई सन्देश होता है l  आखिर क्या कहना चाहते हैं ये शैल चित्र ?

यहां चट्टानों में मानव सदृश आकृति अंकित है जो तीर धनुष एवं त्रिशूल आदि धारण किये हुए प्रतीत होते हैं l स्थानीय किंवदंतियों के अनुसार ये आसमान से उतरने वाले किसी अज्ञात ग्रह के निवासी हैं तथा एक चट्टान पर उड़न तस्तरी जैसी कोई आकृति है l आसपास के गांवों में स्थानीय लोगों के बीच कई मान्यताएं हैं जो "रोहेला लोगों" के बारे में पूर्वजों से सुनी गई कहानियों का वर्णन करते हैं l “रोहेला” –बौने लोग होते थे जो एक गोल आकार की उड़ने वाली वस्तु में आकाश से उतरते थे और गांव के एक या दो व्यक्तियों को साथ ले जाते थे जो कभी नहीं लौटते थे। कितने आश्चर्य की बात है कि फिल्मों में दिखाए जाने वाले अलिएंस तथा उड़न तस्तरी की आकृति इन शैल चित्रों से मिलती है l

गोटिटोला में स्थित जल प्रपात, पहाड़ के ऊपर बने तालाब (खादरघाट) और घाट के किनारे स्थित शिव मंदिर पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र हैं।  वर्षाकाल में खदरघाट की जलराशि पत्थरों से होकर जलप्रपात के रूप में गिरती है तो अत्यंत ही मनोहारी दृश्य दिखाई पड़ता है। झरने के आगे एक विशाल "हत्था पथरा" है इसमें भी प्राचीन शैल चित्र बने हुए हैं।  इस स्थान पर यदुवंशियों अर्थात राउतों द्वारा दीपावली पर बनाये  "हांथा" और कृष्ण जन्माष्टमी पर बनाये जाने वाले "गोकुल कन्हैया" के शैलचित्र बने हुए हैं।  ग्रामीणों के अनुसार इन शैल चित्रों का स्पष्ट अवलोकन कृष्ण जन्माष्टमी की रात को किया जा सकता है।  गोटीटोला की इस प्राकृतिक धरोहर पर व्यापक शोध की आवश्यकता है ताकि यहाँ पाए जाने वाले शैल चित्रों के अध्ययन से छत्तीसगढ़ की आदिम सभ्यता पर प्रकाश डाला जा सके।

मिलते हैं किसी और रोचक किस्से के साथ

तब तक

जय जोहार


“रोहेला” अथवा –बौने लोग 

मानव सदृश आकृति जो तीर धनुष एवं त्रिशूल आदि धारण किये हुए हैं l 

नाग के फन की आकृति "नाग पथरा”  




       

 

Sunday, May 1, 2022

छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग अंक 13: गुरू घासीदास जी की तपोस्थली छाता पहाड़ एवं जैतखाम

गुरू घासीदास जी की तपोस्थली छाता पहाड़ एवं जैतखाम

नमस्कार मित्रों, 

आज आपको छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध धार्मिक स्थल की यात्रा पर ले चलता हूँ तो आइये चलते हैं सतनाम पंथ के प्रर्वतक गुरू घासीदास जी की तपोस्थली छाता पहाड़ जो स्थित है बलौदाबाजार जिले के ग्राम गिरौदपूरी में । यह राज्य के सबसे प्रसिद्द दर्शनीय स्थलों में एक है जहाँ लोगों की अपार धार्मिक आस्था है।  यहाँ प्रतिवर्ष गुरू घासीदास जी की जयन्ती 18 दिसंबर को भव्य मेले का आयोजन किया जाता है। कहा जाता है कि गुरू घासीदास जी ने अपना अधिकांश जीवन गिरौदपूरी के घने जंगलों में तपस्यारत होकर बिताया एवं लोगो को सत्य एवं एकता के मार्ग पर चलने का सन्देश दिया। यह स्थल चहुँओर सघन वनों से घिरा हुआ है l   

यहाँ स्थित छाता पहाड़ के बारे में कहा जाता हैं, कि पहाड़ के नीचे स्थित छोटी सी गुफा में बैठकर ही गुरू घासीदास ने कठिन तपस्या की जहाँ बाबा के बैठने का स्थान आज भी सुरक्षित है। गिरौधपूरी में बाबा घासीदास के स्मारक जैतखाम का निर्माण शासन द्वारा कराया गया है l इस  भव्य जैतखाम का निर्माण 2008 से 2012 तक चला। सन 2015 में तत्कालीन मुख्यमंत्री डॉ रमण सिंह द्वारा जैतखाम का लोकार्पण किया गया। इस स्वेत स्तंभ का वास्तुशिल्प इतना शानदार है कि यह दर्शकों को  मंत्रमुग्ध कर देता है। यह आधुनिक इंजीनियरिंग का यह नायाब उदाहरण है, इसे भूकंप रोधी और अग्निरोधी बनाया गया है। जैतखाम को बनाने में सात स्तम्भ का उपयोग किया गया है। सूर्यास्त के समय जैतखाम की भव्यता देखते ही बनती है। हरे भरे पहाडि़यों के मध्य गगनचुंबी जैतखाम दूर से रियो डि जेनेरो स्थित Christ the Redeemer की तरह खूबसूरत एवं भव्य दिखाई देता है। पवित्र जैतखाम में विश्व शांति का संदेश देने के लिए श्वेत पताका फहराया जाता है l इसकी ऊंचाई लगभग 77 मीटर है  जो क़ुतुब मीनार (72. 5 मीटर) से अधिक है। 

जैतखाम को शांति के विशाल प्रतीक के रूप में माना जाता है। इस स्तंभ को सतनाम धर्म के लोगों द्वारा विशेष रूप से पूजा जाता है। माना जाता है कि गुरु घासीदास का जन्म 18 दिसंबर 1756 को गिरौदपुरी में हुआ था। गुरु घासीदास जी सतनाम धर्म के दिव्य पुरुष थे इनके जन्मदिन के शुभ अवसर पर प्रतिवर्ष गुरु घासीदास जयंती मनाई जाती है तथा यहाँ भव्य मेले का आयोजन किया जाता है। एक अनुमान के मुताबिक यहां एक वर्ष में विभिन्न राज्यों से लगभग 3 -5 लाख दर्शनार्थी आते हैं। 

आप भी सपरिवार एक बार इस शानदार धार्मिक स्थल का दर्शन लाभ अवश्य लें l 

मिलते हैं किसी और रोचक स्थल के विवरण के साथ तब तक आप सबको 

जय जोहर 

 

गुरू घासीदास जी की तपोस्थली छाता पहाड़ 
प्रसिद्द जैतखाम 

छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग अंक 43: छत्तीसगढ़ की पुण्य धरती राजिम

  छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग अंक 43: छत्तीसगढ़ की पुण्य धरती राजिम नमस्कार मित्रों, पवित्र “माघ” का मास चल रहा है, माघ का महीना हमार...