छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग
बस्तर
की प्राचीन राजधानी बड़े डोंगर की मां दंतेश्वरी:
देवलोक
बड़े डोंगर को बस्तर की प्राचीन एवं प्रथम राजधानी माना जाता है। स्थानीय इतिहासकारों
एवं जानकारों के अनुसार बस्तर की देवी मां दंतेश्वरी का निवास मुख्य रूप से
दंतेवाड़ा का मंदिर है तथा इससे पहले बस्तर की राजधानी बुद्दोनगर में माई जी का
मुख्य उत्सव इसी मंदिर से संचालित होता था ऐसा माना जाता हैl
इस
स्थान से जुड़ी अनेक किंवदंतियों में से एक के अनुसार वारंगल के शासक अन्नमदेव ने
इस क्षेत्र में आकर नागवंशी शासकों को युद्ध में परास्त किया तथा बड़े डोंगर स्थित
बड़े से पत्थर में बैठकर अपना राज्यभिषेक कराया जिसे अब गादी पथना (राजगद्दी का पत्थर)
के नाम से जाना जाता है। मान्यता है कि
यहाँ माता जगदम्बा महिषासुर मर्दिनी ने महिषासुर नामक राक्षस का वध किया था इसलिए यह
स्थान स्थानीय लोगों के मध्य भैंसादोंद डोंगरी के नाम से भी प्रसिद्द है।
बड़े
डोंगर स्थित के पुराकालीन विशाल चट्टानों में चिन्हित माता के रथ में प्रयुक्त रस्सियों
के निशान किसी आश्चर्य से कम नहीं है l ऐसा प्रतीत होता है कि जब माता महिषासुर
मर्दिनी ने रथ पर आरूढ़ होकर महिषासुर के वध के लिए प्रस्थान किया तब असंख्य सेवकों
ने माता के रथ को खींचा था जिससे पत्थरों पर निशान प्रकट हो गए l इन्हीं पत्थरों पर कहीं
सिंह के पंजे, माता के दो नेत्र
तथा दो नन्हें क़दमों के निशान हैं मानो माता जगतजननी जगदम्बा ने यहाँ अपने कोमल पग
धरे हों। बड़े डोंगर में श्री कृष्णजन्माष्टमी तथा वर्ष के दोनों प्रकट नवरात्रों के
अवसर पर श्रद्धालुओं का भव्य मेला लगता है, देवलोक बड़े डोंगर में राज्य के लोगों
में अगाध श्रद्धा है ।
यह
देवलोक फरसगांव से मात्र 16 किमी दूर पहाड़ियों से पर स्थित है l
बड़े डोंगर को तालाबों की पवित्र नगरी भी कहा जाता है क्योंकि यहाँ 147 तालाब
पाए जाते थे जिनके प्रमाण आज भी विद्यमान हैं l
मित्रों
यदि आप भी इस देवलोक पर माता के चिन्हों का दर्शन लाभ लेना चाहते हैं तो आगामी 2
अप्रेल से प्रारंभ हो रहे चैत्र नवरात्र में सपरिवार जाकर दर्शन लाभ अवश्य लें l बस्तर
के गौरवशाली इतिहास को समीप से जानने एवं समझने का एक ही तरीका है कि हम वहां जाएँ
और उसकी दिव्यता का स्वयं अनुभव करें l
विगत वर्ष मुझे यहाँ जाने का तथा श्री घनश्याम सिंह नाग जी से मिलने का सौभाग्य प्राप्त हुआ l इस अवसर पर उन्होंने अपनी लिखी किताब “देवलोक बड़े डोंगर” की एक प्रति भी मुझे भेंट स्वरुप दिया l बस्तर की इस यात्रा में मेरे पथ प्रदर्शक, भ्राता तथा घुमक्कड़ी गुरु आदरणीय श्री ललित शर्मा जी का मार्गदर्शन सतत मिलता रहा l
मिलते
हैं अगले अंक में छत्तीसगढ़ की पवन धरा के कुछ और आश्चर्य से भरे तथ्यों, किस्से
कहानियों के साथ
तब
तक जय जोहार





