Showing posts with label chhattisgarh. Show all posts
Showing posts with label chhattisgarh. Show all posts

Tuesday, February 14, 2023

छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग अंक 43: छत्तीसगढ़ की पुण्य धरती राजिम

 छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग अंक 43: छत्तीसगढ़ की पुण्य धरती राजिम

नमस्कार मित्रों,

पवित्र “माघ” का मास चल रहा है, माघ का महीना हमारे राज्य में मड़ई - मेलों के लिए प्रसिद्द है ।माघ मास का राज्य में ऐतिहासिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व है। माघ मास की पूर्णिमा तिथि पर राज्य के अनेक धार्मिक स्थलों में भव्य मेलों का आयोजन होता है, स्थानीय भाषा में इस आयोजन को “पुन्नी मेला” कहते हैं। ग्रामीण अंचलों में आयोजित होने वाले इन मेलों का बहुत अधिक सामाजिक एवं सांस्कृतिक महत्व है। ग्रामीण संस्कृति में वर्ष में एक बार आयोजित होने वाले इस सालाना जलसे का महत्व इस दौरान होने वाली महत्वपूर्ण गतिविधियों से समझा जा सकता है। 

पुरातनकाल से चली आ रही परम्परानुसार पुन्नी मेला वह समय होता है जब किसान वर्षा ऋतु एवं बसंत ऋतु के मध्य अपना कृषि कार्य संपन्न कर लेते हैं, और यही समय होता है सामाजिक गतिविधियों का जैसे परिवार की कुंवारी कन्याओं के लिए वर तलाशना, सम्बन्धियों से मेल मिलाप करना तथा आगामी विवाह के लिए आवश्यक सामग्रियां जैसे बर्तन, गहने आदि खरीदना। इस अवसर पर ब्याही गयीं बेटियां अपने मायके आती हैं और अपने परिवार के संग हंसी ख़ुशी से कुछ समय व्यतीत करती हैं।    

छत्तीसगढ़ राज्य में “शिवरीनारायण तथा राजिम” का पुन्नी मेला प्राचीनकाल से ही प्रसिद्द है । वर्तमान में इन मेलों का आयोजन माघ पूर्णिमा से महाशिवरात्रि तक चलता है।

मित्रों, आज चलते हैं छत्तीसगढ़ राज्य के गरियाबंद ज़िले में महानदी के तट पर स्थित भगवान राजीव लोचन की नगरी राजिम । यह प्रदेश के प्रसिद्द तीर्थस्थलों में एक है, यहाँ महानदी, पैरी नदी तथा सोंढुर नदी का संगम होने के कारण इसे छत्तीसगढ़ का त्रिवेणी संगम तथा "छत्तीसगढ़ का प्रयाग" भी कहते हैं। राजिम आदिकाल से शैव, वैष्णव, साक्त, जैन और बौद्ध सम्प्रदाय का केंद्र रहा है जिसका प्रमाण यहाँ प्राप्त मूर्तियों, अवशेषों, अभिलेखों तथा साहित्यों में मिलता है।      

राजिम में भगवान विष्णु को समर्पित प्रसिद्द राजीव लोचन का मंदिर है तथा त्रिवेणी संगम में कुलेश्वर महादेव का विशाल मंदिर स्थित है। मान्यताओं के अनुसार वनवास काल में मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम ने इसी स्थान पर अपने कुलदेवता भगवान शंकर की पूजा की थी। संगम में अस्थि विसर्जन तथा संगम किनारे पिंडदान, श्राद्ध एवं तर्पण आदि किया जाता है। 

वर्तमान में राजिम नगरी में “पुन्नी मेला” पूरे जोर शोर के साथ चल रहा जो कि आगामी महाशिवरात्रि तक चलेगा । सूर्यास्त के बाद महानदी की रेत पर दूर तक फैले मेला क्षेत्र में जगमगाती रौशनी का विहंगम दृश्य दिखाई देता है । यहाँ निर्मित लक्ष्मण झूले का स्वरुप भी अत्यंत ही आकर्षक लग रहा है। आप सभी मित्रों से आग्रह है कि यथा संभव इस ऐतिहासिक मेले में अपने परिवार एवं ईष्ट मित्रों संग अवश्य जाएँ तथा दर्शन पूजन कर पुण्य के भागी बनें ।

मिलते हैं अगले पड़ाव में

तब तक आप सभी को जय जोहार

मेला स्थल से लक्ष्मण झूले का दृश्य 
भगवान श्री राजीव लोचन की प्रतिमा 


 

Sunday, February 5, 2023

छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग अंक 42: दक्षिण कोशल की राजधानी श्रीपुर

छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग : दक्षिण कोशल की राजधानी श्रीपुर 

नमस्कार मित्रों,

आज आपको दक्षिण कोशल की पुराकालीन राजधानी श्रीपुर अर्थात सिरपुर की सैर पर लेकर चलता हूँ । सिरपुर वर्तमान में एक छोटा सा गाँव है जो छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से लगभग 85 किलोमीटर दूर महासमुंद जिले में छत्तीसगढ़ की जीवन दायिनी सदानीरा चित्रोत्पला, महानंदा, पुण्यदायिनी महानदी के तट पर स्थित है।

सिरपुर के इतिहास एवं पुरावशेषों को देखकर यह सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि यह कभी एक विशाल एवं समृद्धशाली नगर हुआ करता था । इतिहासकारों, पुरावेत्ताओं तथा साक्ष्यों की मानें तो यह नगर हिन्दू, बौद्ध, तथा जैन धर्मावलम्बियों का धार्मिक एवं सांस्कृतिक केंद्र था । प्रसिद्द चीनी यात्री व्हेनसांग ने भी अपने  यात्रा वृत्तांत में सिरपुर का विस्तार से वर्णन किया है । सिरपुर में हुए उत्खनन में प्राचीन बौद्ध मठ भी पाये गये हैं।

सिरपुर के दर्शनीय स्थलों में सबसे प्रमुख ईंटों से निर्मित भव्य लक्ष्मण मंदिर है जिसका निर्माण मगध के राजा सूर्य वर्मन की पुत्री, श्रीपुर के प्रतापी नरेश महाशिवगुप्त बालार्जुन की माता तथा हर्षगुप्त की पत्नी महारानी वासटा ने ईस्वी 650 में कराया था। यह मंदिर भगवान विष्णु को समर्पित है । मंदिर के मुख्य द्वार पर शेष शैया में विष्णु प्रदर्शित हैं । मंदिर के चारों तरफ रंग बिरंगे फूलों से सजा सुंदर बगीचा है।  

सिरपुर स्थित अन्य प्रमुख दर्शनीय स्थलों में गंधेश्वर महादेव , सुरंग टीला, स्वस्तिक विहार, प्राचीन बाजार, तीवरदेव विहार आदि प्रमुख हैं ।

तीवरदेव विहार एक पुरातात्विक स्थल है, उत्खनन से प्राप्त साक्ष्यों एवं उपलब्ध अभिलेखों के आधार पर तीवरदेव विहार को महाशिवगुप्त तीवरदेव के शासनकाल में छठी शताब्दी के मध्य निर्मित माना गया है।तीवरदेव विहार के प्रवेश द्वार पर पंचतंत्र की कहानियों को पत्थरों पर बहुत ही खूबसूरती से उकेरा गया है ।  

सिरपुर स्थित प्राचीन बाजार क्षेत्र में फैले अवशेषों को देखकर सहज ही अनुमान लगाया जा सकता है कि यह कितना विशाल तथा सुनियोजित बाजार था। यहाँ योजनाबद्ध ढंग से बाजार का  निर्माण किया गया है, बाजार क्षेत्र में प्राचीन अन्न भण्डारण क्षेत्र, कुएं, धातु मुर्तिशाला तथा अनेक साक्ष्य अवशेषों के रूप में विद्यमान हैं । सिरपुर को करीब से देखना, उसकी गलियों में भ्रमण करना वर्तमान से वर्षों पीछे लौटकर भूतकाल की यात्रा करने जैसा अनुभव देता है। 

सिरपुर को जानने के लिए आपको वहां दिन या कम से कम कुछ घंटे जरुर व्यतीत करना चाहिए ।
तो आप सब इस सप्ताहांत जरुर जाइये और अपने प्राचीन राजधानी को करीब से जानिए ।

प्राचीन बाजार का अन्न संग्रहण क्षेत्र 
तीवरदेव विहार 
टीला पंचायतन या सुरंग टीला 
लक्ष्मण मंदिर 
 

Monday, January 16, 2023

छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग अंक 41: जैन तीर्थ कैवल्य धाम

 छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग अंक 41: जैन तीर्थ कैवल्य धाम, कुम्हारी

नमस्कार मित्रों,

हमारा प्रदेश छत्तीसगढ़ अपनी सांस्कृतिक विरासत, नैसर्गिक सौन्दर्य एवं विविध खानपान के साथ ही धार्मिक सौहार्द्र एवं आपसी सहयोग के लिए भी जाना जाता है। देश में यह इकलौता प्रदेश है जहाँ हर समाज, संप्रदाय एवं पंथ को मानने वाले लोग एक साथ रहते हैं तथा एक दुसरे के तीज त्यौहार में समान रूप से शामिल होते हैं । 

आज देखिये मेरे संग जैन धर्म के तीर्थ स्थलों में एक “कैवल्य धाम” को जानिए क्या है इस पावन जैन तीर्थ का महत्व । राजधानी रायपुर से पश्चिम दिशा की ओर दुर्ग-भिलाई मार्ग पर लगभग 15 किलोमीटर की दूरी पर खारून के नदी के तट पर स्थित कैवल्यधाम मंदिर अपनी भव्यता के लिए देश भर में प्रसिद्द है।  यहाँ आने वाले श्रद्धालुगण जैन धर्म के प्रथम तीर्थंकर भगवान आदिनाथ से आशीर्वाद प्राप्त करते हैं एवं असीम शांति का अनुभव करते हैं।  भगवान आदिनाथ ने अपने अनुयायियों को मानव सेवा, त्याग, एवं दान का महत्व समझाया। मान्यता है कि उन्होंने गरीब असहाय, साधु संत तथा बीमार लोगों के उत्थान के लिए निरंतर कार्य किया।

कैवल्यधाम तीर्थ के मध्य में भगवान आदिनाथ का मंदिर है तथा मुख्य मंदिर के दोनों ओर 24 तीर्थंकरों के मंदिरों की स्थापना की गयी है।  संभवतः यह देश का एकमात्र जैन तीर्थ है जहां श्रद्धालुओं को एकसाथ सभी 24 तीर्थंकरों के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त होता है। जैन धर्म में 24 तीर्थंकर हुए जिन्होंने अपना सर्वस्व त्याग कर सांसारिक जीवन से विरक्त हो ईश्वर की खोज में निकल पड़े इन्हीं 24 तीर्थंकरों के दर्शन के लिए कैवल्यधाम में 24 खूबसूरत मंदिर बनाए गए हैं। श्रद्धालु एक साथ 24 तीर्थंकरों के दर्शन कर स्वयं को धन्य मानते हैं। 24 तीर्थंकरों में भगवान ऋषभदेव पहले तीर्थंकर रहे जिन्हे बाद में भगवान आदिनाथ कहा गया, इनके अलावा अजितनाथजी, सम्भवनाथजी, अभिनन्दन स्वामी, सुमतिनाथजी, पद्मप्रभुजी, सुपार्श्वनाथजी, चन्द्रप्रभुजी, सुविधीनाथजी,शीतलनाथजी, श्रेयांसनाथजी, वासुपूज्य जी ,विमलनाथजी, नन्तनाथजी,धर्मनाथजी, शान्तिनाथजी, कुन्थुनाथजी, अरनाथजी, मल्लिनाथजी, मुनिसुब्रतजी, नमिनाथजी, नेमिनाथजी, पार्श्वनाथजी, वर्धमान महावीर स्वामी शामिल हैं। जैन धर्म में दीक्षा का महत्वपूर्ण स्थान है, जो जैन भाई बहन परमात्मा की सेवा में लीन होना चाहते हैं वो सभी सांसारिक आशक्ति त्यागकर कैवल्यधाम तीर्थ में दीक्षा लेते हैं तथा अपना सर्वस्व पीछे छोड़ त्याग साधु संतों की तरह अपना जीवन व्यतीत करते हैं।

मित्रों, यदि आप भी जीवन के शोरगुल से दूर इस पवित्र तीर्थ में कुछ क्षण रूककर आत्म साक्षात्कार करना कहते हैं तो अपने परिवार संग कैवल्य धाम अवश्य जाएँ, यहाँ जाकर आपको असीम शांति एवं आत्म संतोष का अद्भुत अनुभव होगा।

मिलते हैं अगले अंक में तब अपना एवं अपनों का ख्याल रखें, खुश रहें

जय जोहार  

कैवल्य धाम का मुख्य द्वार 
कैवल्यधाम स्थित मंदिर 

Tuesday, January 3, 2023

छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग अंक 40: इंदिरा प्रियदर्शिनी नेचर सफारी, मोहरेंगा

छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग
इंदिरा प्रियदर्शिनी नेचर सफारी, मोहरेंगा : 

नमस्कार मित्रों, 

आप सभी को नववर्ष की हार्दिक शुभकामनायें, आप सब सदैव खुश रहें, स्वस्थ रहें और अपने इष्ट मित्रों, परिवार जनों के संग सप्ताहांत में अथवा छुट्टियों में घूमते फिरते रहें। घुमने के स्थानों को लेकर कोई दुविधा हो तो आप मेरे ब्लॉग Thegyantalk.Blogspot.Com पर अपने पसंद की जगह चुन सकते हैं। तो चलिए आज आपको लेकर चलता हूँ राजधानी रायपुर से मात्र 45 किलोमीटर दूर स्थित 'इंदिरा प्रियदर्शनी नेचर सफारी " मोहरेंगा।रायपुर वन परिक्षेत्र के अंतर्गत तिल्दा वन परिवृत्त में प्राकृतिक वन संपदा से परिपूर्ण वनक्षेत्र 'इंदिरा प्रियदर्शनी  नेचर सफारी " मोहरेंगा खौलीडबरी आरक्षित वनखण्ड कक्ष क्रं 50-51 तथा क्षतिपूर्ति वनीकरण के तहत प्राप्त भूमि में 528.280 हेक्टेयर क्षेत्र में विस्तारित है। 

यह आरक्षित वन विभिन्न प्रजाति के वृक्षों जैसे साजा खैर, तेन्दू, सागौन, बीजा, महुआ चार, कुसुम, बहेड़ा, घावड़ा, आंवला, बांस सहित अनेक मूल्यवान व औषधि पौधों से आच्छादित है। मोहरेंगा नेचर सफारी में चीतलों की संख्या करीब 350 है । चीतलों के साथ ही साथ मोहरेगा वन परिसर में जंगली सुअर, लकड़बग्घा, खरगोश, लोमडी, नेवला, नाग, अजगर, जैसे वन्यप्राणी विचरण करते हैं। मोहरेंगा नेचर सफारी में 70 से अधिक प्रजाति के स्थानीय व सैलानी पक्षियों की प्रजातियों पायी जाती है। मोहरेंगा में जंगल के मध्य पर्यटकों के लोए 45 मीटर ऊँचा वॉच टाॅवर बनाया गया है जहाँ से जंगल का मनोरम दृश्य दिखाई देता है। यहाँ तीन प्राकृतिक तालाब हैं जिसमें बत्तखों एवं अन्य प्रवासी पक्षियों का बसेरा रहता है। तालाब के किनारे पर्यटकों के विश्राम करने हेतु विभाग द्वारा छायादार झोपड़ी का निर्माण कराया गया है ।  

वर्तमान में इस वनक्षेत्र को इको - टूरिज्म केन्द्र के रूप में "इंदिरा प्रियदर्शिनी नेचर सफारी" के रूप में विकसित किया गया है। यहाँ विभाग द्वारा पर्यटकों के भ्रमण हतु जिप्सी सफारी की व्यवस्था की गयी है, एक सफारी में 10 किलोमीटर की साइटिंग होती है।

मोहरेंगा नेचर सफारी पर्यटकों के लिए स्वल्पाहार तथा भोजन के लिए भोजनालय उपलब्ध है जिसका सञ्चालन स्थानीय महिला समूहों द्वारा किया जा रहा है। यहाँ आपको पारंपरिक छत्तीसगढ़ी भोजन का स्वाद मिलेगा । 

इस सप्ताहांत मिलते हैं "इंदिरा प्रियदर्शिनी नेचर सफारी मोहरेंगा" में 

तब तक सबको जय जोहार 



  

Wednesday, December 28, 2022

छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग अंक 39: अतीत के गर्भ में छिपा रहस्य “ताला गाँव का पुरातत्व भाग -2”

छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग अंक 39: 

अतीत के गर्भ में छिपा रहस्य “ताला गाँव का पुरातत्व भाग -2 ”


नमस्कार मित्रों 

पिछले अंक में आपने बिलासपुर जिला मुख्यालय से लगभग 30 किलोमीटर दूर मनियारी नदी के तट पर स्थित एक प्राचीन ग्राम तालागाँव तथा वहां स्थित प्राचीन देवरानी-जेठानी मंदिर के सम्बन्ध में जाना। 

दोनों मंदिरों के आसपास बिखरे अवशेषों को अध्ययन करने पर आपको इसके स्वर्णिम इतिहास की अनेक कहानियां मिलेंगी।  मंदिरों के वर्तमान स्वरुप को देखकर इसकी भव्यता का आंकलन करना असंभव नहीं है। हमने इन बिखरे हुए साक्ष्यों के मध्य कुछ समय व्यतीत किया और उन कहानियों को सुनने तथा जानने का प्रयत्न किया। इनका अवलोकन करते हुए हम उस काल खंड में जा पहुंचे जब (4 -5 वीं शताब्दी) इनका निर्माण हुआ था। 

पौराणिक मान्यताओं के अनुसार एक बार माता पार्वती तथा भगवान शिव साथ साथ कैलाश पर्वत पर बैठे मंत्रणा कर रहे थे तभी माता ने भगवान् शिव से अपनी क्षुधा निवारण हेतु अनुरोध किया जिसे भगवान् शिव ने ध्यान नहीं दिया, बार-बार अनुरोध करने के पश्चात् भी जब भगवान् शिव ने उस ओर ध्यान नहीं दिया तब माता ने रुष्ट होकर महादेव को ही निगल लिया। समस्त ब्रह्मांड में हाहाकार मच गया चारों तरफ अँधेरा छा गया । समस्त देवी देवताओं ने माता के शरणागत होकर आग्रह किया कि वे भगवान शिव को मुक्त करें तब माता ने भगवान शिव को मुक्त किया। शिव को मुक्त करने के लिए देवी ने धरती को हथेलियों से थाम लिया और शिव देवी के सिर से निकल गए। जेठानी मंदिर में धूमावती देवी की इसी स्वरुप में मूर्ति देखने को मिलती है। 

मंदिर परिसर से प्राप्त धूमावती देवी की प्रतिमा अत्यंत दुर्लभ एवं अद्भुत है। देवी की आंखें बड़ी बड़ी हैं, उसके सुंदर केश आभूषणों से अलंकृत हैं। कानों में कुंडल एवं गले में हार सुशोभित है। देवी अपने कंधों को झुकाए दोनों हाथों की हथेली को जमीन से स्पर्श कर रही है। प्रतिमा के सिर पर पद शिल्प शिव जी का पैर है, जिसके ऊपर का भाग खंडित है। मूर्ति की आंखें पैरों के दबाव से वेदना से भरी हुई लगती हैं। धूमावती देवी का कोई स्वामी नहीं है इस कारण इन्हें विधवा कहा गया है। तंत्र ग्रंथों व शिव पुराण में धूमावती देवी को उग्रतारा देवी कहा गया है। धुएं से आवृत्त होने के कारण ध्रूमा एवं धूमावती कहलाई। खुले केशों वाली यह चंडिका, उग्र रूप धारण करने वाली हैं, विधवा भी हैं। कागध्वज वाले रथ पर आरूढ़ हो, हाथ में सूप धारण किए हुए, भूख से व्याकुल, निर्मम आंखों वाली उग्रतारा हैं।

टीप: उक्त मत को सर्वसम्मति नहीं मिली है, पुरातत्ववेत्ताओं के अनुसार इस मूर्ति का नाम भारवाहक है । . 

मंदिर का निर्माणकाल 

1985- 86 के दौरान देवरानी जेठानी मंदिर के टीले की सफाई की गई। उत्खनन में शरभपुरीय, कलचुरी कालीन, गुप्तकालीन के अलावा नवपाषाण युग वस्तुएं प्राप्त हुई हैं। देवरानी जेठानी मंदिर से मिली सामग्रियों के अनुसार पुराविदों ने मंदिर को 475 ईसवी से 625 ईसवी के मध्य निर्मित माना है। 


References: 

https://akaltara.blogspot.com/2022/01/blog-post_29.html
dakshinkosaltoday.com




Monday, December 26, 2022

छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग अंक 38 अतीत के गर्भ में छिपा रहस्य “ताला गाँव का पुरातत्व”

छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग अंक 38

अतीत के गर्भ में छिपा रहस्य “ताला गाँव का पुरातत्व”

नमस्कार मित्रों,

आज का अंक पूरी शृंखला में मेरे लिए अब तक का सबसे विशिष्ट अंक है। ईको पर्यटन, जलीय पर्यटन, ग्रामीण पर्यटन, धार्मिक पर्यटन एवं पुरातात्विक पर्यटन के क्षेत्र में तथ्यों की पड़ताल करते हुए इस यात्रा में प्रदेश के लगभग सभी जिलों की यात्रा हुई, कुछ चित्रों, तथ्यों एवं कहानियों के साथ लेख भी पूरा हुआ परन्तु इस सप्ताहांत हुई पुरातत्व ग्राम ताला गाँव की यात्रा में जो अनुभव हुए उन्हें शब्दों में आकार देना असंभव सा प्रतीत हो रहा है । अपनी जिज्ञासा शांत करने के मंतव्य से मैंने पुरातत्वविद आदरणीय श्री राहुल सिंह जी से संपर्क किया तथा उनसे मुझे ताला गाँव स्थित देवरानी जेठानी मंदिर तथा रूद्र शिव के उत्खनन एवं उनसे जुड़े तथ्यों की विस्तृत जानकारी मिली। 

आदरणीय श्री राहुल सिंह सर ने मुझे अपने ब्लॉग https://akaltara.blogspot.com/2022/01/blog-post_29.html का लिंक दिया जहाँ तालागांव पर बहुमूल्य जानकारी प्राप्त हुई। 

उत्सुकतावश मैंने आदरणीय श्री ललित शर्मा जी से संपर्क किया तथा उनके द्वारा संचालित dakshinkosaltoday.com पर उपलब्ध तालागांव पर आधारित सूचनाओं का अध्ययन किया। इन दोनों सन्दर्भों से प्राप्त जानकारी के अनुसार   

“बिलासपुर जिला मुख्यालय से लगभग 30 किलोमीटर दूर मनियारी नदी के तट पर तालागाँव नामक एक प्राचीन गाँव स्थित है। तालागाँव को आमेरी कप्पा के नाम से भी जाना जाता है। यहां 4-5वीं शताब्दी के 2 विशाल मंदिर जीर्ण शीर्ण  अवस्था में विद्यमान हैं, जिन्हें देवरानी-जेठानी मंदिर कहा जाता है। प्राप्त जानकारी के अनुसार शरभपुरी शासकों की दो रानियों ने देवरानी-जेठानी मंदिर का निर्माण करवाया जो भगवान शिव को समर्पित हैं । पूर्वाभिमुख देवरानी मंदिर एक छोटा मंदिर है जिसका निर्माण लाल बलुआ पत्थरों से किया गया है । मंदिर के अंदरूनी हिस्से में दीवारों पर आकर्षक कारीगरी है। देवरानी- जेठानी मंदिर अपनी सुंदर मूर्तियों, तथा यहाँ खुदाई से प्राप्त विश्व की सबसे दुर्लभ प्रतिमा के लिए विश्व भर में विख्यात है यहाँ प्राप्त दुर्लभ मूर्ति को “रूद्र शिव” के लिए जाना जाता है । इस दुर्लभ मूर्ति की ऊंचाई 9 फीट तथा चौड़ाई 4 फीट है तथा इसका वजन लगभग 2 टन है।  प्राप्त जानकारी के अनुसार ये दोनों मंदिर शैव तथा शक्ति के प्राचीनतम साधना स्थली हैं जहां शैव और शाक्त साधना का एकीकृत रूप दिखाई देता है। शिव की दस महाविद्याओं में से दो प्रमुख देवियों देवी तारा तथा देवी धूमावती यहाँ प्रतिस्थापित हैं ऐसा माना जाता है। जेठानी मंदिर के समीप ही स्थित जेठानी मंदिर भी भगवान शिव को समर्पित है, जिसके ज्यादातर भाग नष्ट हो चुके हैं। मंदिर के आसपास बिखरी प्रतिमाओं से अनके अतीत की भव्यता का सहज ही पता चलता है।

उत्खनन से प्राप्त अद्वितीय एवं रहस्यमय प्रतिमा रूद्र शिव की है जिसके नाम पर विद्वानों का एकमत नहीं है। रूद्र शिव की यह प्रतिमा मूर्तिशिल्प की दृष्टि से अद्भुत एवं अद्वितीय है, जानकरों के अनुसार इस प्रतिमा के स्वरुप का ना ही किसी भी शास्त्र में वर्णन मिलता है और ना ही कोई दूसरी प्रतिमा मिलती है . प्रतिमा के नख से सिख अनेक जीव बने हुए हैं। प्रतिमा के सिर पर नागनिर्मित कुंडलीकार पगड़ी है जो चार चक्रकार में गुंथी हुई है। आंखें अर्ध निर्लिप्त योगी जैसी हैं, भौंह में छिपकली के पिछले पैरों की आकृति है। नासिका में बिच्छू, होंठ मुछों में मछली, ठुड्डी पर केकड़े, कंधे पर मकर मुख तथा उंगलियां सर्प की मुखाकृति लिए हुए हैं। मूर्ति में मुख्य सिर के अतिरिक्त सात अन्य सिर शरीर के अन्य भागों में बने हैं। वक्षस्थल में दो सिर, उदर में एक सिर, जंघा में दो सिर तथा दो सिर घुटने में विद्यमान हैं। सभी सिरों की मुखाकृति एवं भाव भंगिमा अलग-अलग है। गले में सर्प कुंडलियों अलंकृत हैं तथा मूर्ति के हाथ व पैर के पंजे नष्ट हो चुके हैं।’ यह अभी भी एक रहस्य है कि इस मूर्ति को किसने और क्यों बनाया है।

मनियारी नदी के किनारे स्थित होने के कारण यह पुरातत्व एवं धार्मिक स्थल अत्यंत लोकप्रिय है, साप्ताहिक अवकाश अथवा त्योरों के समय यहाँ यहाँ पर्यटकों का ताँता लगा रहता है । इस स्थान पर पर्यटन के विकास की अनंत संभावनाएं हैं परन्तु चुनौतियां भी कम नहीं हैं ।  

आज अंक को विराम देते हुए आप सभी को राम राम, जय जोहार 

मिलते हैं इस अंक के दुसरे व अंतिम भाग के साथ

रूद्र शिव की प्रतिमा 

जेठानी मंदिर के अवशेष 

देवरानी मंदिर 


Friday, December 16, 2022

छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग अंक 37: चेंदरू पर्यावरण पार्क, नारायणपुर

 छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग अंक 37: चेंदरू पर्यावरण पार्क, नारायणपुर

नमस्कार मित्रों,

छत्तीसगढ़ राज्य के दक्षिणी छोर पर स्थित बस्तर अपनी सांस्कृतिक विविधताओं, परम्पराओं, खान पान तथा लोमहर्षक कहानियों के लिए पूरी दुनिया में जाना जाता है | आज भी बस्तर के प्रति लोगों के मन में एक अजीब सी उत्सुकता है, एक आकर्षण है जो हमेशा अपनी ओर खींचता है | बस्तर को करीब से देखना, समझना और अनुभव करना एक ऐसा अद्भुत और अकल्पनीय अनुभव है जिसे आप अपने जीवन पर्यंत नहीं भूलते | अबूझमाड़ के घनघोर जंगल में आदिवासियों की विभिन्न जनजातियां आज भी निवास करती हैं जो अपनी बहादुरी के लिए पूरे देश में प्रसिद्ध हैं |

आज मेरे साथ चलिए नारायणपुर स्थित “चेन्दरू पर्यावरण पार्क” जहाँ आपको इतिहास के पन्नों में लिपटी एक खुबसूरत कहानी मिलेगी | यह कहानी है छत्तीसगढ़ के “टाइगर बॉय” के नाम से पूरी दुनिया में प्रसिद्द चेन्दरू की |

आइये सबसे पहले आपको “चेन्दरू और टेम्बू” की कहानी सुनाता हूँ |      

बस्तर के बीहड़ जंगलो के बीच एक गाँव “गढ़बेंगाल” जहाँ  पर चेंदरु मंडावी का जन्म हुआ था | चेन्दरू के पिता और दादा शिकारी थे तथा खेती किसानी करके अपना जीवन यापन करते थे | एक दिन चेन्दरू के पिता ने जंगल से बांस की टोकरी में रखकर बाघ का एक शावक लाकर दिया | इस घटना ने चेन्दरू के जीवन को पूरी तरह से बदलकर रख दिया | चेंदरू ने बाघ के नन्हे शावक का नाम “टेम्बू” रखा था | दोनो साथ – साथ खेलते, साथ ही खाते और सोते थे। चेन्दरू और “टेम्बू” की कहानी जंगल में आग की तरह फ़ैल गयी और देखते ही देखते सात समुंदर पार पहुँच गयी | दुनिया के कोने कोने से लोग चेंदरू और “टेम्बू” को देखने तथा उसकी तस्वीर कैमरे में कैद करने के लिए बस्तर आने लगे इस तरह बस्तर का चेंदरू पूरी दुनिया में “टाइगर बॉय” और “मोगली” के नाम से प्रसिद्ध हो गया.

स्वीडन के फिल्म डायरेक्टर आर्ने सक्सडॉर्फ ने तत्काल इस घटना का फायदा उठाया और चेंदरू पर फिल्म बनाने की सोची, आर्ने सक्सडॉर्फ पूरी तैयारी के साथ बस्तर आये और जब उन्होंने चेन्दरू और “टेम्बू” को साथ साथ खेलते देखा तो उनकी ख़ुशी का ठिकाना नहीं रहा | उन्होंने इन दोनों की दोस्ती से प्रेरित होकर “जंगल सागा” नामक फिल्म का निर्माण किया जिस का संगीत पंडित रवि शकंर शुक्ल ने दिया था | इस फिल्म को पुरे विश्व में सराहा गया तथा इसे अनेक पुरस्कारों से सम्मानित किया गया | आर्ने सक्सडॉर्फ की पत्नी ने इन दोनों की दोस्ती से प्रेरित होकर एक पुस्तक चेंदरु – द बॉय एंड द  टाइगर लिखी जो अत्यंत लोकप्रिय हुई | छत्तीसगढ़ 'टाइगर बॉय चेंदरू'. की मौत 78 साल की उम्र में साल 2013 में हो गई, लेकिन चेन्दरू और “टेम्बू” दोस्ती की कहानी आज भी जिन्दा है | जिला नारायणपुर में चेंदरू की याद में चेंदरू पर्यावरण पार्क का निर्माण किया गया है जहाँ उसकी बाघ के साथ खेलते हुए प्रतिमा स्थापित की गयी है | इसके अतिरिक्त एक घोटुल का निर्माण भी कराया गया है जो आदिवासियों का युवा गृह कहलाता हैं | यह पार्क नारायपुर शहर के समीप होने के कारण स्थानीय एवं बाहरी पर्यटक भी इस पार्क की जैव विविधता एवं सुन्दरता को देखने आते हैं |

मित्रों ये थी कहानी 'टाइगर बॉय' चेदरू की 

आप सब भी अपने बच्चों को ये कहानी जरुर सुनाएँ और समय मिले तो नारायणपुर स्थित चेंदरू पर्यावरण पार्क सपरिवार जरुर जाएँ |  

मिलते हैं किसी और कहानी के साथ तब तक आप सबको 

नमस्कार, जय जोहार  


'टाइगर बॉय' चेदरू


Thursday, December 8, 2022

छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग अंक 35 : महर्षि वाल्मीकि आश्रम तुरतुरिया

 छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग : महर्षि वाल्मीकि आश्रम तुरतुरिया

 

छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग : महर्षि वाल्मीकि आश्रम तुरतुरिया

नमस्कार मित्रों,

लगभग 2 माह के अंतराल के पश्चात् इस शृंखला की 35 वीं कड़ी लेकर उपस्थित हुआ हूँ। इस दौरान इस शृंखला को शीघ्रता से आगे बढाने का निर्णय लिया गया है। अब से इसका प्रकाशन सप्ताह में 3 बार किया जायेगा।    

तो चलिए आज आपको लेकर चलता हूँ बलौदाबाजार जिले के प्रसिद्द पर्यटन स्थलों में से एक "तुरतुरिया"। चहुँ ओर वनक्षेत्रों से घिरा यह धार्मिक स्थल राजधानी रायपुर से 84 किमी एवं बलौदाबाजार जिला मुख्यालय से 29 किमी दूर बारनवापारा अभ्यारण्य के समीप स्थित है।

इस पावन भूमि के सम्बन्ध में यह मान्यता है कि यहाँ त्रेतायुग में महर्षि वाल्मीकि का आश्रम था जहाँ माता सीता ने अपने पुत्रों लव तथा कुश को जन्म दिया। इस स्थल को राम वनगमन पथ के एक विशिष्ट पड़ाव के रूप में मान्यता प्राप्त है। तुरतुरिया में बौध्द, वैष्णव एवं तथा शैव धर्म से संबंधित शिलालेख एवं प्रस्तर प्रतिमाएं जीर्ण शीर्ण अवस्थाओं में आज भी विद्यमान हैं जिससे इस स्थान के सांस्कृतिक केंद्र होने का प्रमाण मिलता है। .

यहाँ स्थित गोमुख से एक प्राकृतिक जलधारा निरंतर प्रवाहित हो रही है जिसके अनवरत प्रवाह से तुर-तुर की ध्वनि निकलती है संभवतः इसी कारण इस भूमि का नाम "तुरतुरिया" हुआ। स्थानीय श्रद्धालुगण इसे सुरसुरी गंगा से नाम से भी सम्बोधित करते हैं। कुंड से निकलकर यह जलधारा बालमदेही नदी से मिलती है। बालमदेही नदी इस क्षेत्र की एक बड़ी नदी है, इस नदी के नामकरण के पीछे भी एक अत्यंत ही रोचक कथा है । मान्यता है कि  माता सीता के वरदान स्वरुप इस नदी में पूरी श्रद्धा से स्नान करने पर कुंआरी कन्याओं को शीघ्र ही योग्य वर (बालम अर्थात वर) की प्राप्ति (देही अर्थात देने वाली) होती है । यहाँ प्रतिवर्ष पौष माह की पूर्णिमा को तीन दिवसीय मेला लगता है जहाँ बड़ी संख्या में श्रध्दालु यहां आते हैं। प्राकृतिक, धार्मिक एवं पुरातात्विक स्थल होने के कारण यह स्थल “इको पर्यटन” के लिए एक शानदार विकल्प है जिसका समुचित विकास कर स्थानीय स्तर पर युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार प्रदान किया जा सकता है।

मिलते हैं अगले पड़ाव में 

तब तक आप सभी मित्रों को जय जोहार 

  

गोमुख से निकलने वाली सुरसुरी गंगा 

तुरतुरिया का प्रवेश द्वार 

Monday, October 10, 2022

छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग अंक 34: कुमेली घाट जलप्रपात

छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग अंक 34: कुमेली घाट जलप्रपात :

नमस्कार दोस्तों, 

थोड़ी व्यस्तता और थोड़ी अस्वस्थता के कारण पिछले सप्ताह का अंक जारी नहीं ही सका, इस बीच कुछ मित्रों का सन्देश प्राप्त हुआ जिससे एक नयी उर्जा का संचार हुआ अब वापस लौटते हैं अपनी यात्रा में।  

प्रदेश से मानसून की विदाई हो रही है और बारिश का मौसम अपने अंतिम चरण में है, ऐसे में आइये आपको ले चलता हूँ सूरजपुर जिले के कुमेली घाट जलप्रपात की ओर।    

छत्तीसगढ़ के दक्षिण पूर्व में स्थित सूरजपुर जिले की प्राकृतिक सुन्दरता से हम सभी भलीभांति परिचित हैं। जिले में अनेक ऐसे नैसर्गिक स्थल हैं जो हमें बार बार अपनी ओर आकर्षित करते हैं। गगनचुम्बी साल वन, दूर तक फैली हरी भरी पहाड़ियां  यहाँ बहने वाली शुद्ध -शीतल वायु, कलकल बहती नदियाँ और पहाड़ियों से गिरते जलप्रपात मानो हॉलीवुड फिल्म जुरासिक पार्क का दृश्य उपस्थित करते हैं।  ऐसा ही एक खुबसूरत जलप्रपात है कुमेली घाट। यह जलप्रपात सूरजपुर से  कटघोरा मार्ग पर 27 किलोमीटर दूर स्थित है जो लगभग 120 फीट ऊंचाई से गिरता है। संकरे चट्टानों के बीच विशाल जलराशि गरजते हुए जब नीचे गिरती है तब इसकी सुन्दरता देखते ही बनती है। यहाँ बलुआ चट्टानों के मध्य ढलान पर 18 फीट ऊँचा और 3 मीटर चौड़ा एक विशाल शिलाखंड अद्भुत संतुलन के साथ अडिग खड़ा है जो दर्शनीय है । 

हालाँकि यह स्थानीय लोगों में एक बेहद लोकप्रिय जल प्रपात है, तथापि भौगोलिक स्थिति तथा संरचना के लिहाज से यह स्थान जोखिम भरा है। चट्टानों के बीच सीधी खाई है जहाँ सेल्फी लेने के फेर में कुछ दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं।  हालाँकि प्रशासन अब इस स्थान में प्रय्तकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर है।  

यहाँ जिला प्रशासन द्वारा पर्यटकों की सुविधा के लिए चबूतरा निर्माण, सीढ़ी तथा रेलिंग, घाट के चारो ओर सुरक्षा रेलिंग, पार्किंग आदि की व्यवस्था कराइ जा रही है।

तो मित्रों आप सभी कुमेली घाट जरुर देखें परन्तु अपने तथा अपने बच्चों की सुरक्षा हेतु सुरक्षित दुरी बनाये रखें।  कहते हैं न कि जान है तो जहान है। 

आप सब सुरक्षित रहें, घूमते रहें और अपने अनुभव साझा करते रहें।

मिलते हैं अगले पड़ाव में तब तक 

नमस्कार 

जय जोहार 









      

Thursday, July 21, 2022

PHOTO STORY 02: BARNAWAPARA

 BARNAWAPARA DIARY


Dusk in the Jungle

Black Buck

Blue Bull

The Gaur (Indian Bison)

Waterbody

Lonely Peacock

Parytan Gram, BAR Village

छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग अंक 43: छत्तीसगढ़ की पुण्य धरती राजिम

  छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग अंक 43: छत्तीसगढ़ की पुण्य धरती राजिम नमस्कार मित्रों, पवित्र “माघ” का मास चल रहा है, माघ का महीना हमार...