Monday, July 30, 2018

 समय तथा तनाव प्रबंधन  
वर्तमान समय में हमारे जीवन को प्रभावित करने वाले दो मुख्य कारण हैं पहला तनाव तथा दूसरा समय का अकुशलतापूर्वक प्रबंधन। ये दोनों ही कारण एक दूसरे के पूरक हैं।  जब हम अपना कार्य तय समय सीमा में नहीं कर पाते तो तनाव उत्पन्न होता है और तनाव हमारे सोचने समझने की सहज क्षमता को प्रभावित करता है जिससे अनिर्णय की स्थिति उत्पन्न हो जाती है और समय बीतते जाता है। दूसरे शब्दों में कहा जाय तो हम  सही समय पर अपनी प्राथमिकताएं तय नहीं कर पाते और वास्तविक लक्ष्य से भटक जाते हैं। हमारे आस पास न जाने कितने ऐसे लोग हैं जो बहुत से कार्य करने में सक्षम हैं तथा अपेक्षाकृत अधिक सफलता के साथ अपना  जीवन जी सकते हैं, परन्तु तात्कालिक सुविधा में उलझकर अथवा दूरदृष्टि न होने के कारण हताशा एवं असफलता के कुचक्र में फंसते चले जाते हैं। 
ऐसी स्थिति में जब सभी धागे उलझ जाएँ तब शांति से बैठकर धैर्य के साथ अपनी प्राथमिकताएं तय करते हुए एक एक सिरे से समस्या की छोर पकड़ना ज्यादा आसान होता है और तभी आप उलझन को सुलझा सकते हैं।  बिना साहस गंवाए धीरज के साथ अपने बड़े लक्ष्य की ओर धीरे धीरे कदम बढ़ाना ही एकमात्र उपाय होता है।  जिस प्रकार गहन अन्धकार में चलते हुए कुछ देर तक सिर्फ अँधेरा ही दिखाई देता है, तब हमें धीरे धीरे बिना गिरे और अपनी रक्षा करते हुए धैर्य और विश्वास के साथ आगे बढ़ना होता है  फिर कुछ अंतराल के बाद टिमटिमाते तारों की रौशनी भी पर्याप्त होती है, रास्ता नजर आने लगता है। लक्ष्य तक जाने का हौसला खुद ही होने लगता है फिर धीरे धीरे समस्त अलौकिक शक्तियां आपको मार्ग दिखाती हैं। 
ऐसा ही कुछ हर किसी के जीवन में कभी न कभी घटित होते रहता है।  जिस प्रकार सभी समस्याओं के समाधान होते है उसी तरह समय प्रबंधन और तनाव प्रबंधन सीखने के भी उपाय हैं। अनुभवी प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त करके इस विश्वव्यापी समस्या का समाधान हो सकता है।  जरुरत है आप के जागरूक होने की, अपने लक्ष्य के बारे में सोचने की, आत्मचिंतन करने की।  एक कहावत है कि जब जागो तब सबेरा तो मेरा आप सब से निवेदन  है कि अपने आस पास परिवार और समाज में यदि ऐसे किसी व्यक्ति को जानते हैं तो उन्हें मेरी ये सलाह जरूर दें कि "समय तथा तनाव प्रबंधन" पर हमारी आगामी कार्यशाला में जरूर हिस्सा लें। यह कार्यशाला बिलकुल मुफ्त है तथा सभी आमजनों के लिए है।  
 धन्यवाद  




Wednesday, July 18, 2018

 "Crowdfunding" 

स्वरोजगार के लिए पूंजी की व्यवस्था 
पिछले भाग में हमने अपने स्वरोजगार के चयन के लिए कुछ उपायों के बारे में चर्चा की थी।  आज हम स्वरोजगार स्थापित करने से पूर्व पूंजी की व्यवस्था पर चर्चा करेंगे।  सामान्य रूप से किसी भी व्यापार  व्यवसाय की योजना उसके आवश्यक लागत की चर्चा और चिंता से शुरू होती है।  कोई भी उद्यमी जब अपने व्यापार एवं व्यवसाय की परिकल्पना को आकार देने की सोचता है तब बहुत सारी  तकनीकि  समस्याएं मष्तिष्क में आने लगती है जैसे व्यापार की स्थापना के लिए एक अच्छी व्यापार योजना एवं प्रारूप, बाजार का शोध एवं विश्लेषण, उत्पाद का चयन, ग्राहक वर्ग का निर्धारण आदि। परन्तु इस सबसे ऊपर जो समस्या होती है वह होती है पूंजी की।  सामान्य रूप से व्यापार व्यवसाय की स्थापना के लिए अधिकांश लोग परंपरागत तरीके से ही पूंजी जुटाना चाहते हैं जैसे बैंक से व्यावसायिक लोन लेना या एंजेल इन्वेस्टर्स तथा वेंचर कैपिटल फर्म्स की मदद से पूंजी निवेश करना। इस तरह नए व्यापार में पूंजी लगाने के सीमित साधन हैं। इन सभी उपायों से इतर आज हम बात करेंगे "Crowdfunding " या जन सहयोग  की।  

डिजिटल एवं सोशल मीडिया के माध्यम से आज कोई भी अपने व्यवसाय के लिए "Crowdfunding" का सहारा ले सकता है।  शुरुआत में "Crowdfunding" प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित क्षेत्रों की आर्थिक सहायता के लिए ही की जाती थी, परन्तु आज जरुरी मेडिकल सुविधाओं, पढाई, शोध तथा व्यापार की स्थापना के लिए भी "Crowdfunding" का सहारा लिया जा रहा है। इसमें आप सोशल मीडिया के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक पहुँच सकते है और अपने व्यवसाय की स्थापना के लिए आर्थिक सहायता प्राप्त कर सकते हैं।  चूँकि यह जन सहायता असंख्य लोगों द्वारा आंशिक अनुदान के आधार पर प्राप्त होती है, आप सहजता से अपने व्यापर के लिए जरुरी पूंजी इकठ्ठा कर सकते है।  "Crowdfunding" किस प्रकार का हो यह आपके व्यवसाय तथा सेवा उपक्रम पर निर्भर करता है। "Crowdfunding" को मुख्य रूप से तीन प्राथमिक प्रकारो में विभाजित किया जा सकता है।  

१. Donation Based Crowdfunding अर्थात दान आधारित: इस तरह की  "Crowdfunding" में आपको किसी भी निवेशक अथवा अंशदान देने वाले को कोई भी धन या मूल्य वापसी नहीं करनी होती यह पूरी तरह किसी भी देनदारी से मुक्त होता है।  इस तरह की  "Crowdfunding" प्राकृतिक आपदाओं की आर्थिक सहायता, धर्मार्थ, लाभ रहित (NON for profit) आदि कार्यों के लिए कर सकते हैं। 

२. Reward Based Crowdfunding अर्थात उपहार आधारित: इस तरह की  "Crowdfunding" में आप अपने निवेशकों को किसी भी प्रकार के उपहार, इनाम, निशुल्क सेवाएं आदि देने की पेशकश करते हैं।  इस तरह की  "Crowdfunding" में शुरुआत से ही आपके पास निश्चित संख्या में ग्राहक होते है जिन्हे आप उनके आर्थिक सहायता के बदले निशुल्क सेवाएं, उत्पाद अथवा इनाम आदि दे सकते है।  

३. Equity Based  Crowdfunding अर्थात अंश आधारित: यह Donation Based Crowdfunding तथा  Reward Based Crowdfunding से पूरी तरह भिन्न है।  Equity Based  Crowdfunding में पत्येक अंशदाता आपके व्यापार में एक अंशधारक होता है और अपने अंश के आधार पर व्यवसाय से निश्चित आय एवं लाभांश प्राप्त करता है।  

Crowdfunding को समझने के लिए और इसको क्रियान्वित करने के लिए हम आगे देखेंगे की Crowdfunding का Ecosystem क्या है? Social Media के प्रभावी उपयोग से कैसे करें Crowdfunding. 

धन्यवाद !!








Tuesday, July 10, 2018

नयी परियोजनाएं बनाएं पीपीपी सूत्र से

कैसे करें स्वयं के व्यवसाय की तैयारी - भाग एक 
बढ़ती बेरोजगारी और महंगी होती गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ने मध्यम  वर्गीय परिवारों को एक चिरस्थाई घोर हताशा में ला खड़ा किया है। सरकार की विभिन्न योजनाओं और उनके क्रियान्वयन की जटिल प्रक्रियाओं ने जरूरतमंदों को ऐसे दोरस्ते पर ला खड़ा किया है जहाँ से या तो उन्हें सिर्फ काम चलाऊ अस्थाई रोजगार से काम चलाना पड़ता है या फिर ऐसे रास्तों पर चलने की मज़बूरी होती है जहाँ भविष्य को भुलाकर एक एक दिन काटने पड़ते हैं। ऐसे में हम सबका दायित्व बनता है की हम इस भीषण विपत्तिकाल में हमारे युवाओं की मदद करें।  हर युवा के लिए ये संभव नहीं है कि वह स्वयं का व्यापार करे और यदि व्यापार शुरू कर ही लिया हो तो उसे आगे बढ़ा सके।  भारत में नए उद्योग स्थापना एवं उसके स्थायित्व का आंकड़ा बेहद चौंकाने वाला और निराशाजनक है।  

बहरहाल निराशाओं के चाहे लाख कारण हों पर कहावत है कि "हारिये न हिम्मत बिसारिये न राम" इसलिए इस समस्या पर थोड़ा मंथन करते हैं और कोशिश करते है कि रास्ता सहज और सुगम हो परन्तु बिना मेहनत और लगन के कुछ नहीं होने वाला।  तो आइये देखते हैं कि क्या है समाधान?

जब भी हमने किसी स्वरोजगार स्थापना के सम्बन्ध में चर्चा की है तो सबसे पहले यही सवाल आता है कि क्या करें ?? कौन सा व्यवसाय करें ?? लागत कितनी होगी ?? और अंत में यह चर्चा "देखते हैं" या "कोशिश करते हैं" जैसे शब्द के साथ और हताशाजनक भाव में दम तोड़ देती है।  इस स्थिति से कुछ हद तक राहत पाने के लिए आप मेरे  3 - P मॉडल का अध्ययन कर सकते है।  

पीपीपी मॉडल
नए अविष्कारों के बारे में एक कहावत है कि "आवश्यकता ही अविष्कार की जननी है" इसी पर मनन करते हुए मैंने स्वरोजगार के लिए पीपीपी मॉडल की परिकल्पना की है जिसका अर्थ Pain, Pride & Passion   आइये इसे समझें 
१. Pain अर्थात तकलीफ: अपने आस पास लोगों को देखें, उनकी दिनचर्या पर गौर करें और उनकी तकलीफों को समझने की कोशिश करें।  हो सकता है आपको इस तरह अपने नए व्यवसाय के लिए कोई अच्छा आईडिया मिल जाये।  उदहारण के तौर पर जब किसी ने लोगों को नंगे पैर चलते देखा होगा और उसकी तकलीफ तथा जोखिम को महसूस किया होगा उसने जरूर चप्पल जैसी किसी चीज की परिकल्पना की होगी।  इसी तरह प्रतिदिन आप लोगों की परेशानियों का हल ढूँढ़के अपने व्यवसाय का नींव रख सकते हैं।  आगे बढ़ते हैं 

२. Pride अर्थात गौरव:  हर व्यक्ति किसी न किसी तरह से कभी न कभी प्राइड या गौरव महसूस करना चाहता है।  यहाँ समस्या का समाधान बनी चप्पल अब गौरव की बात हो गयी।  नए नए ब्रांड के जूते, चप्पलें और न जाने कितने आकार प्रकार और ढंग के बनने लगे।  फलां कंपनी का जूता पहनना गर्व की बात हो गयी।  और आप जानते हैं कि आवश्यकता न होते हुए भी इसका बाजार कितना बड़ा है।  मोरल ऑफ़ द स्टोरी ये है  की एक आईडिया वाकई दुनिया बदल सकता है।  

३. तीसरा और सबसे सुखद पहलु होता है Passion या जूनून: धीरे धीरे ब्रांडेड जूते गौरव की बात से आगे निकलकर लोगों का जूनून बन गए।  जूते चप्पलों की दुनिया में भूचाल सा आ गया, तरह तरह के जूते और चप्पलें संकलन  किये जाने लगे हैं। शादी पार्टी के अलग, फोटोग्राफी के लिए जंगल जाने के लिए अलग, स्कूल का अलग और ऑफिस का भी.....   हर पोशाक और हर अवसर पर अलग।  

इस तरह किसी एक समस्या का समाधान यदि आपने खोज लिया तो आप इतिहास में उस खोज के जनक माने जायेंगे और रातों रात सफलता की कहानी सात समंदर पार जा फैलेगी।  
तो अब से आप ये कभी मत सोचें कि क्या करें? बल्कि लोगों की समस्याओं, तकलीफों के लिए हल ढूंढिए और खुश रहिये  

मिलते हैं अगले अंक में  

Monday, July 9, 2018

पांच बातें

पांच बातें और वर्तमान सन्दर्भ

आज चारों और असंतुष्टि का आलम है। रिस्तेदारी, दोस्ती, कार्यस्थल और,सोशल मीडिया सभी जगह एक चीज है जो सामान रूप से विद्यमान है वो है असंतुष्टि। सभी असंतुष्ट है, अंदर से गुस्से में हैं कि कहाँ मौका मिले तो अपना गुस्सा दे मारें। लोगों के बीच वैचारिक भिन्नता और संवादहीनता से ऐसी विस्फोटक स्थिति बन रही है की लगता है समाज का हर आदमी दूसरे पर शक कर रहा है। इस मानसिक अवस्था के बारे में विचार करने पर मुझे जो समझ आया वह ये था कि दरअसल हम अपना काम ठीक से नहीं करते, हमारी प्राथमिकताएं तय नहीं करते, समय सीमा तय नहीं करते, ईमानदार सोच नहीं रखते। अनुशासन और आत्ममंथन का तो कोई अर्थ ही नहीं रहा। बहरहाल अपने पहले पोस्ट में मैंने इस विषय को इसलिए चुना क्योंकि मुझे लगता है अधिकांश लोगों को ये समस्या परेशान कर रही होगी, कहीं न कहीं, किसी न किसी रूप में।
तो आइये शुरू करते हैं ......
"प्राथमिक शिक्षा प्राप्त करते हुए हमने जीवन के सभी सफलता सूत्र सहजता से पढ़ लिए थे, परन्तु कालांतर में आधुनिकीकरण की दौड़ में हमने उन सहज सरल बातों को भुला दिया और अब मोटी रकम फीस के रूप में चुकाकर जीवन को सफल, शांतिपूर्ण और सहज बनाने की संगोष्ठियों में जाने लगे हैं। वातानुकूलित कक्ष में बैठकर प्रेरणादायी भाषण और सलाह देने वाले दुकानदारों की संख्या में बढ़ोत्तरी आ गयी है। अगर हम नीम पेड़ के नीचे बैठकर पढ़ी बातों को अमल में लाते तो आज ये नौबत नहीं आती। यही सहज बातें जो हमने बचपन में पढ़ी थीं सिर्फ पांच वाक्य में ख़तम हो जाती हैं। (हालाँकि समय के साथ इनके कुछ उप नियम भी बनाये जा सकते हैं ताकि अनुसरण करने वाले को किसी तरह के षड़यंत्र का सामना न करना पड़े) इन पांच बातों में पहला है कि
१. "जो भी तुम्हारा भला करे उसकी बात मानो" वर्तमान सन्दर्भ में इसमें यह जोड़ा जा सकता है कि भला करने वाले की नियत , धर्म, समाज तथा नैतिकता का ध्यान रखें। ऐसा न हो की भलाई की आड़ में कोई अपना ही साध ले और हम ठगा हुआ महसूस करें या हमारी सामाजिक छवि खराब हो, सब तबाह हो जाये।
२. "हरेक काम ईमानदारी से करो" वर्तमान सन्दर्भ में यहाँ कुतर्क से बचने की सलाह दी जा सकती है, जैसे कोई भी काम देश, समाज, परिवार और संस्कारों के अनुसार हों।
३. "कभी किसी का दिल दुखने वाली बात मत कहो" यह तो सोलह आने सच बात है कि दिल दुखाना नहीं चाहिए परन्तु वर्तमान सन्दर्भ में यदि किसी के भले के लिए उसे आईना दिखाना हो तो इस नियम में थोड़ी छूट मिलनी चाहिए।
४. "जहाँ भी ज्ञान की दो बातें मिले उसे ध्यान से सुनो" यह भी सुन्दर नियम है कि सदैव ज्ञानार्जन के लिए तैयार रहें लेकिन गूगल बाबा से अनावश्यक ज्ञान लेकर अपने एवं अपने जात, समाज, परिवार एवं देश के लिए सिरदर्द न बनें। ज्ञान की सार्थकता पर ध्यान देना आवश्यक होगा।
५. अंतिम बात जो कही गयी थी वो है "अधिक योग्य बने बिना बड़ों से बराबरी का दावा मत करो" परन्तु वर्तमान में लोगों को यह बात बिलकुल भी नागवार गुजरेगी क्योंकि आज कोई भी व्यक्ति किसी भी हस्ती के साथ शास्त्रार्थ को तैयार बैठा रहता है। राजनैतिक मामलों में तो न जाने किस किस प्रकार की बातें की जा रहीं हैं। परन्तु आधुनिक व्यवस्था के अनुसार अपनी योग्यता साबित करने के लिए आप मर्यादित रूप से यह दावा कर सकते हैं।
विज्ञापन और चकाचौंध की दुकानदारी से बचिए इन पांच बातों पर अमल करिये।
अपने विचार और सलाह जरूर दीजियेगा।
फिर मिलते हैं एक नए (वैसे सब पुराना है, बस पोस्ट नया है) विषय के साथ

छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग अंक 43: छत्तीसगढ़ की पुण्य धरती राजिम

  छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग अंक 43: छत्तीसगढ़ की पुण्य धरती राजिम नमस्कार मित्रों, पवित्र “माघ” का मास चल रहा है, माघ का महीना हमार...