Tuesday, March 19, 2019

उद्यमिता से बनायें विरासत


उद्यमिता से बनायें विरासत
गहन चिंतन, मनन और व्यक्तिगत वैचारिक शोध से कुछ बेहद निराशाजनक तथ्य सामने आये जिन्हे एक शब्द या वाक्य में बयान कर पाना संभव नहीं है।  आज उद्यमिता एवं स्टार्टअप का शोर चारों दिशाओं में सुनाई दे रहा है, क्यों ?? क्यों बड़ी बड़ी कंपनियां इन पर जोर दे रही हैं ? मुझे ये लकीर पीटने जैसा प्रतीत होता है। इसको विस्तार से समझने के पूर्व  "वर्तमान में निजी एवं शासकीय संस्थानों के  कर्मचारियों में बढ़ रहे असंतोष, गुणवत्ताहीन कार्यों एवं भ्रष्टाचार की शिकायतों पर एक विश्लेषण जरुरी है"।  
कई नामचीन बड़ी कंपनियों और संस्थानों में शीर्षस्थ पदों पर आसीन संचालक तथा  निर्णायक मंडल के आसपास बेहद मृदुभाषी एवं नटलालों का एक बेहद मजबूत सुरक्षा चक्र होता है।  इनकी संख्या बहुत ही कम होती है परंतु परोक्ष रूप से पूरी संस्था का सञ्चालन इनके द्वारा ही होता है। प्रोटोकॉल के अभेद्य दीवार की आड़ में ये घोड़े से गधे के काम (गर्दभ प्रलाप ) की अपेक्षा रखते हैं और गधों को विकास की राह पर हो रही प्रतियोगिता के लिए तैयार करने का सतत प्रयास करते रहते हैं।  नतीजतन अंधे के हाथ लगे बटेर यानि गर्दभ की कर्मठता को हमेशा पारितोषिक प्राप्त होते रहता है या यूँ कहें की शीर्षाधिकारी के शागिर्द गर्दभ द्वितीय श्रेणी के गर्दभों के साथ सहज एवं सुरक्षित महसूस करते रहते हैं एवं उनकी हिफाजत में दिन रात लगे रहते हैं। वहीँ मुंहफट एवं तेज तर्रार गधे (वास्तव में जो घोड़े होते हैं ) "how to win the race" पर किताबें लिख रहे होते हैं। कुछ समय बीतने के पश्चात् नवाचार एवं उद्यमिता के लिए इन घोड़ो में न आत्मबल रह पाता न ही ये अपनी पहचान घोड़ों के रूप में स्थापित कर पाते।  दूसरी तरफ हर रेस हार गए गधों की तारीफ "उनके अथक प्रयासों के लिए" की जाती है  और उन्हें अधिक से अधिक प्रोत्साहित किया जाता है, उनके जुबानी जमा खर्च से बने हवाई किलों की प्रशंसा होती है और पूरा सिस्टम अगली रेस के लिए गधों को तैयार करने में लग जाता है।  कालांतर में इस विकास चक्र का असर विनाश के कारणों के रूप में देखा गया है। यही असल कारण है कि मष्तिष्क की उर्वरा शक्ति समाप्त हो रही है।  घोड़े अपना आत्मबल खो रहे रहे हैं और गधे अपनी अगली रेस में हार जाने के कारणों पर मंथन कर रहे हैं। 

कथासार ये है कि हमेशा सही और योग्य का चुनाव किया जाना चाहिए।  सही मूल्यांकन एवं सही प्रोत्साहन से रेस जीती जा सकती है परन्तु गधे एवं घोड़े का फर्क शीर्षस्थ लोगों को पता होना चाहिए क्योंकि आप लाख प्रयत्न करें, गधों की नस्ल से कभी घोडा पैदा नहीं कर सकते। 
यदि आपको भी इन गधों की पहचान करनी हो तो निम्नांकित गुणों से आप इन्हें पहचान सकते हैं :
1 . काम की चिंता करते हैं परन्तु काम नहीं करते। 
2 . पक्के खबरी होते हैं इसलिए सभी लोगों से समान रूप से संवाद स्थापित रखते हैं।
3 . अपने ही सहकर्मियों के विरुद्ध झूठ फैलाना इन्हे आत्मिक शांति देता है।  इस से इन्हे अपने राजनीतिज्ञ होने का आत्मगौरव होता है। चुगली से हर काम ईमानदारी से करते हैं। 
4 . अपने झूठे अभिमान एवं लालच में ये किसी भी हद तक संस्था का नुकसान कर सकते हैं। 
5 . गिरगिट की तरह रंग बदलने वाले होते हैं।
6 . रिपोर्टिंग में हमेशा "मैं" का इस्तेमाल करते है "हम" का नहीं
(वैसे फेहरिस्त बहुत लम्बी है, फिलहाल इतना पर्याप्त है)

प्राचीन काल में राजा अपनी प्रजा के बीच भेष बदलकर जाया करते थे ताकि जनता के द्वारा अधीनस्थों एवं स्वयं की छवि का सही सही मूल्यांकन हो सके।  मूल्यांकन आवश्यक है। अल्पयोग्य या अयोग्य के हाथ जिम्मेदारी देने से विकास की जगह विनाश अवश्यंभावी है। रहा सवाल उद्यमियता, नवाचार तथा स्टार्टअप पर मचे शोर का तो यह सिर्फ दिखावा नहीं होना चाहिए। शिक्षा प्राप्त करने में १५ वर्ष (कम से कम) व्यतीत करने के पश्चात् अगर ३ माह के प्रशिक्षण में रोजगार प्राप्त हो जाता है तो क्यों न यह  त्रैमासिक प्रशिक्षण 10 वर्ष की आयु में  दिया जाये। क्यों न द्रोणाचार्यों की नस्ल तैयार की जाये जो आने वाली पीढ़ियों का  सकारात्मक एवं उत्पादक मष्तिष्क निर्माण करें।  गमले के पौधों से आप आने वाली पीढ़ियों को छाँव नहीं दे सकते इसलिए पवित्र भूमि पर बीजारोपण करिये ताकि विरासत में उन्हें सुकून मिले।उद्यमिता सिर्फ उदाहरण और परिभाषाओं का नाम नहीं है, इसके रूप हैं मानव मूल्य, नैतिकता, ईमानदारी, आत्मावलोकन, स्वाभिमान, परिश्रम आदि।  चाटुकारिता, जुगाड़, जुबानी जमा खर्च और गर्दभ प्रलाप से अपने बच्चों, छात्रों एवं कर्मचारियों को बचाइए।  उन्हें फलने फूलने का वातावरण दें, सहयोग करें, प्रोत्साहित करें इस तरह सही मायने में उद्यमियों का निर्माण किया जाना चाहिए। समय निकल जाने के बाद लकीर पीटने से कुछ नहीं होता इसलिए दीर्घकालिक योजना बना उस पर पूरी निष्ठां एवं ईमानदारी के साथ अमल में लाया जाना जरुरी है।
इस भयावह समस्या का समाधान बहुत ही आसान है जिसका उल्लेख अगले अंक में 
कहते हैं कड़ी मेहनत के अलावा और कोई रास्ता नहीं है।  इस बारे में चर्चा होगी आगामी अंक में तब तक खूब पढ़ें और गधों को पहचानें। 


Monday, February 11, 2019

परिवर्तन से मिलते हैं उद्यमिता एवं नवाचार के अवसर
कहते  हैं परिवर्तन ही शाश्वत है और जो समय के साथ नहीं बदलते वो पीछे रह जाते हैं। हर परिवर्तन किसी न किसी रूप में विनाश और फिर निर्माण लेकर आता है, यही चक्र अनंत काल से चल रहा है। जो इस परिवर्तन चक्र के मध्य चुनौतियों को पार कर संभावनाओं को पहचान लेते है वही इतिहास का निर्माण करते हैं। उद्यमिता के सन्दर्भ में भी प्राचीन काल से यही बात शाश्वत है "समय के परिवर्तन एवं मांग को ध्यान में रखते हुए अवसर का लाभ उठाना एवं नवाचार से समय के साथ आगे बढ़ना"।
हाल ही में राज्य में सत्ता परिवर्तन के पश्चात् प्रदेश के मुखिया (मुख्यमंत्री) द्वारा "छत्तीसगढ़ के चार चिन्हारी "नरुआ, गरुआ, घुरुआ, बारी"..   एला बचाना हे संगवारी का नारा दिया गया है। इस सारगर्भित नारे का संक्षिप्त विश्लेषण इस प्रकार है कि "मित्रों छत्तीसगढ़ प्रदेश की चार महत्वपूर्ण चिन्हारी अर्थात पहचान को हमें बचाना है जो कि नरुआ, गरुआ, घुरुआ और बारी हैं।"     
नरुआ अर्थात नहरों एवं नालों से है जिनसे गॉंव के खेतों में सिंचाई की जाती थी, जो समय के साथ साथ सूख गए हैं।  इसके अंतर्गत नदी, नालों, नहरों तथा कुवों की सफाई करके बेहतर जल प्रबंधन करना सरकार की पहली प्राथमिकता है जिससे कृषक, ग्रामीण जन जीवन तथा पशुधन  ज्यादा से ज्यादा लाभान्वित हो सकें।
गरुआ का अर्थ है हमारे पालतू पशुधन जैसे गाय, भैंस, बकरी आदि से है।  इनके लिए चारे, चारागाह तथा बेहतर रखरखाव की व्यवस्था से राज्य के पशुधन से ग्रामीण क्षेत्रों में अर्थव्यवस्था को दुरुस्त किया जा सकता है। उल्लेखनीय है कि पुरातन काल से गावों में चरागाह की व्यवस्था होती थी जहाँ गायों एवं अन्य मवेशियों को दिन भर हरी घास उपलब्ध होती थी परन्तु विकास की दौड़ में ये चरागाह या तो नष्ट हो गए या इन पर अवैध कब्ज़ा हो गया।  अब सरकार  की प्राथमिकता इन चरागाहों को दुरुस्त करने की है। 
घुरुआ वह स्थान था जिसमें प्राचीनकाल से गोबर खाद बनाया जाता था,  जिसका प्रचलन आज भी कहीं कहीं प्रदेश के गावों में देखा जा सकता है।  यह विधि प्राचीनतम कचरा प्रबंधन एवं जैविक खाद निर्माण की विधियों में एक है।  इस विधि से न सिर्फ जैविक खाद बल्कि बायो गैस का उत्पादन भी किया जा सकता है अर्थात कचरा प्रबंधन, जैविक खाद निर्माण एवं बायो गैस का उत्पादन साथ साथ।
बारी (यह बाड़ी का अपभ्रंश है ) का तात्पर्य उन समस्त भूखंडों से है जहाँ साग सब्जी एवं अन्न उगाया जाता है।  बाड़ी संरक्षण एवं संवर्धन के द्वारा जहां एक ओर जैविक खाद्यान्नों, फलों एवं सब्जियों का उत्पादन होगा वहीँ ग्रामीण अर्थव्यवस्था में भी सुधार होगा।  इस महत्वाकांक्षी योजना के अंतर्गत ऐसे कई अवसर छुपे हैं जिन्हे युवा उद्यमी नवाचार के साथ अपना रोजगार व्यवसाय स्थापित कर सकते हैं।  जरुरत सिर्फ उन अवसरों को पहचान कर प्रदेश सरकार की योजनाओं के साथ कदम मिलाकर चलने की है।  
    
       

Friday, December 21, 2018

स्वरोजगार एवं महिलाएं

"स्वरोजगार एवं महिलाएं" 
"एक अनुमान (सरकारी आंकड़े नहीं हैं) के मुताबिक यदि 50 प्रतिशत ग्रामीण महिलाओं को रोजगार अथवा स्वरोजगार के अवसर प्राप्त हों तो हमारे देश में गरीबी को २० से २५ प्रतिशत तक कम किया जा सकता है"।

केंद्र तथा राज्य सरकार द्वारा समय समय पर महिलाओं के सशक्तिकरण (रोजगार, स्वास्थ्य, सुरक्षा आदि ) के लिए विभिन्न योजनायें बनाई जाती हैं परन्तु आमतौर पर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा जागरूकता के अभाव कारण महिलाओं को इन योजनाओं का समुचित लाभ नहीं मिल पता। हमारा प्रयास है कि सोशल मीडिया के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक ऐसे अवसरों की जानकारी पहुचायें जिससे अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ मिल सके। इसी श्रृंखला में महिलाओं के लिए ई- रिक्शा संचालन हेतु "छत्तीसगढ़ असंगठित कर्मकार राज्य सामाजिक सुरक्षा मंडल द्वारा संचालित मुख्यमंत्री ई - रिक्शा सहायता  योजना" के सम्बन्ध में  संक्षिप्त जानकारी लेख के अंत में संलग्न है। 

"वर्तमान में महिलाएं (विश्व भर में) सभी क्षेत्रों में पुरुषों के साथ कदम से कदम मिलाकर चल रही हैं और कुछ जगहों पर (समाज के कुछ हिस्सों में ) पुरुषों से बेहतर कार्य कर रही हैं।  हाल के दिनों में महिलाएं अपने परिवार की आर्थिक सुरक्षा एवं बच्चों के भविष्य के लिए नई तकनीक और रोजगार के अवसरों को साधकर आगे बढ़ रही हैं जिसका एक उदाहरण है "ई - रिक्शा" संचालन। महानगरों, शहरों  तथा छोटे शहरों में सड़कों पर आत्मसम्मान एवं आत्मविश्वास साथ महिलाएं तथा युवतियां फर्राटे से ई- रिक्शा चलाती हुई दिख जाएँगी। प्रदुषण रहित ई - रिक्शा के सञ्चालन के लिए तथा महिलाओं को प्राथमिकता के आधार पर शासन द्वारा महिला हितग्राहियों के लिए १ लाख तक की अनुदान राशि प्रदान की जा रही है। ई -रिक्शा संचालन महिलाओं के लिए स्व सहायता समूहों, सूक्ष्म गृह उद्योग जैसे मसाले, अचार, बड़ी, पापड आदि व्यवसाय के लिए तथा स्कूली बच्चों के लिए पूरी तरह सुरक्षित है। ई - रिक्शा का सफलतापूर्वक संचालन शहर की कॉलोनियों, अस्पतालों, कॉलेज तथा विश्वविद्यालयों के आस पास नियमित रूप से किया जा सकता है।  
यहाँ योजना की संक्षिप्त जानकारी दी जा रही है। 
योजना का नाम: निर्माण श्रमिक "ई -रिक्शा सहायता" योजना 
अनुदान: 50,000 (रूपए पचास हजार )
महिला हितग्राही को अतिरिक्त 50,000 (रूपए पचास हजार ) 
महिला हितग्राही को कुल अनुदान राशि = 1,00,000 (रूपए एक लाख )  
1. इस योजना के अंतर्गत प्रथम चरण में 1000  महिलाओं को प्राथमिकता के आधार पर लाभान्वित किया जायेगा। 
2. महिला हितग्राहियों को ई -रिक्शा परिचालन किया जाना अनिवार्य है, अन्यथा उपरोक्त अतिरिक्त राशि 50000/- ( रूपए पचास हजार) का अनुदान नहीं प्रदान किया जायेगा। 

अधिक जानकारी के लिए "आरम्भ" से  संपर्क करें। 
ई - मेल gyanendra71.pandey@gmail.com 
व्हाट्सअप: 72411 73972 

  





Friday, December 7, 2018

भारतीय उद्योग एवं व्यापार में कौशल अंतराल (SKILL GAP): एक विश्लेषण


          भारतीय उद्योग एवं व्यापार में कौशल अंतराल (SKILL GAP): एक विश्लेषण   


भारतीय औद्योगिक परिदृश्य में हमेशा से तकनिकी कुशल एवं दक्ष मानव संसाधनों की कमी रही है। भारतीय निर्माण क्षेत्र में यह स्किल गैप एक तरह की राष्ट्रीय समस्या  बन गया है जिसे ख़त्म करना अथवा इसके अंतर को कम करना राष्ट्रीय  प्राथमिकता बन गया है। इस स्किल गैप का सबसे ज्यादा खामियाजा  सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों को भुगतना पड़ रहा है।  एक ओर जहाँ कुछ उद्योग वास्तविक स्किल गैप (कौशल अंतराल ) से जूझ रहे हैं वहीँ अन्य उद्योग वाणिज्यिक कठिनाइयों से पीड़ित हैं जिन्हें कौशल विकास कार्यक्रमों के अलावा अन्य नीतियों के माध्यम से बेहतर ढंग से संयोजित किया जा  सकता है। कहने का तात्पर्य यह है कि भारत के स्किल गैप (कौशल अंतराल) पर सार्वजनिक बहस की आवश्यकता है जिससे इस सन्दर्भ में नीति बनाई जा सके। भारत में स्किल गैप (कौशल अंतराल) को कम करने या ख़त्म करने के लिए सरकार तथा शीर्ष औद्योगिक संगठनों द्वारा समय समय पर काफी कुछ प्रयास किया जाता रहा है जिनमें जागरूकता कार्यक्रम, स्किल गैप एनालिसिस सर्वे, तकनिकी कौशल विकास कार्यक्रम आदि हैं  इस दौरान सरकार और कुछ उद्योग संगठनों ने यह पाया कि भारतीय श्रमिकों के कथित कौशल की कमी औद्योगिक (निर्माण सम्बन्धी)  विकास और औद्योगिक रोजगार के अवसर पैदा करने में बहुत बड़ी बाधा है।
इस समस्या के मुलभुत कारणों का सूक्ष्म विश्लेषण करने पर यह पता चलता है कि वैश्विक औद्योगिक संरचना की तुलना में भारतीय औद्योगिक संरचना तथा अनिवार्य योग्यता में काफी अंतर है जिसमें गुणवत्ता का अंतर सबसे अधिक है।  यहाँ निम्नांकित बातें ध्यान देने योग्य हैं:

अप्रशिक्षित बनाम प्रशिक्षित 
भारतीय उद्योगों में निम्न तथा मध्यम श्रेणी के मानव संसाधनों को श्रमिक श्रेणी में ही रखा जाता है और कम शिक्षित अथवा अल्प  शिक्षित मानव संसाधनों का उपयोग किया जाता है (यह अनजाने ही एक परंपरा के रूप में विकसित हो रहा है) जिसका कारण है कम् वेतन पर अधिक मानव संसाधनों की उपलब्धता जिससे एक ऐसी मान्यता बन रही है कि अल्प शिक्षित तथा पूर्ण रूप से तकनिकी दक्षता प्राप्त किये बिना ही कुछ अल्पावधि के कार्य अनुभव के पश्चात् उद्योगों में रोजगार  उपलब्धता।  इस पूरे चक्र में गुणवत्ता कहीं न कहीं पीछे छूट जाती है।  दूसरी तरफ औद्योगिक कामगारों अथवा श्रमिकों के विचारों से यह बात सामने आती है कि "यदि सामान्य शिक्षा प्राप्त करके बिना तकनिकी रूप से दक्षता के भी यदि थोड़े बहुत व्यावहारिक ज्ञान से रोजगार प्राप्त हो जाता है तो तकनिकी कुशलता या दक्षता के लिए समय तथा पैसे खर्च करने  का कोई औचित्य नजर नहीं आता।  क्योंकि तकनिकी रूप से दक्ष  एवं प्रशिक्षित मानव संसाधन तथा अप्रशिक्षित परन्तु बुनियादी व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त मानव संसाधन के वेतन में कोई अंतर नहीं होता बल्कि कहीं कहीं प्रशिक्षित मानव संसाधनों का वेतन कार्यानुभव की कमी के कारण अप्रशिक्षित परन्तु कुछ अनुभवी मानव संसाधनों से कम  होता है जिससे तकनिकी कुशलता प्रशिक्षणों का महत्त्व कम होता नजर आता है। संक्षेप में कहें तो "तकनिकी रूप से प्रशिक्षित होना कुशल या दक्ष होने का पर्याय नहीं है।"  

अनिवार्य वांछनीय योग्यताएं  
सरल शब्दों में कहा जाये तो ऐसी अनिवार्य योग्यताएं जिन्हे हम सॉफ्टस्कील्स (soft skills) के नाम से जानते है जिनकी भारी कमी देखने को मिलती है और जो उच्च तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से ही हासिल की जा सकती है।  इन अनिवार्य योग्यताओं में  अखंडता या Integrity , संचार या Communication , सौजन्य या Courtesy , जिम्मेदारी या Responsibility , व्यावसायिकता या Professionalism, लचीलापन या Flexibility, और टीमवर्क Teamwork शामिल है। इन वांछित योग्यताओं की अनिवार्यता न होने के कारण  या उचित मापदंड न होने के कारण  भारतीय उद्योगों को योग्य मानव संसाधनों की कमी से जूझना पड़  रहा है।  चूँकि सॉफ्टस्कील्स के महत्त्व को कम करके आँका गया है,  इसलिए अब इस दिशा में तेजी से कार्य करने की आवश्यकता है।  वर्तमान में सरकार (केंद्र तथा राज्य) द्वारा शिक्षित युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने हेतु जो कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम (Skill training programs) चलाये जा रहे हैं उनमे कहीं न कहीं उद्योग एवं बाजार के अनुकूल पर्याप्त कार्यानुभव तथा सॉफ्टस्कील्स की भारी कमी देखने को मिलती है जिसके कारण मानव संसाधनों की मांग एवं आपूर्ति के मध्य अंतर बढ़ता जा रहा है। 

"एक ओर जहाँ कौशल विकास कार्यक्रम द्वारा प्रशिक्षित युवाओं की  संख्या में वृद्धि हो रही है,
कौशल विकास द्वारा प्रशिक्षित युवाओं की संख्या (रोजगार एवं स्वरोजगार रहित) लगातार बढ़ रही है वहीँ दूसरी ओर उद्योग तथा व्यापार संस्थानों में कुशल कामगारों की भारी कमी है।"  

संभावित समाधान

  1. रोजगार मूलक कौशल विकास पाठ्यक्रम में "सॉफ्टस्कील्स" की अनिवार्यता तथा इस सम्बन्ध में अध्ययन केंद्रों की जिम्मेदारी तय किया जाना चाहिए।   
  2. प्राथमिक, माध्यमिक तथा उच्चशिक्षा विभागों एवं संस्थानों में वास्तविक उद्यमिता विकास कार्यक्रम को बढ़ावा देना चाहिए जिससे "सरकारी विभाग में नौकरी" की मनःस्थिति से बच्चों एवं युवाओं को निजात मिले तथा युवा, उद्यमशीलता के महत्त्व को स्वीकार कर आगे बढ़ सकें।  
  3. युवाओं का सेकेंडरी परीक्षा के पश्चात अनिवार्य रूप से मनोवैज्ञानिक परिक्षण (psychometric test) करने का प्रावधान होना चाहिए जिससे रोजगार एवं व्यवसाय क्षेत्र के चुनाव करने में मदद मिलेगी। 
  4. युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए राज्य तथा राष्ट्र स्तर पर कार्यक्रम (कार्यशालाएँ) आयोजित किया जाना चाहिए।  
  5. नवाचार के लिए अनुसंधान और विकास पर जोर दिया जाना चाहिए।      


उपरोक्त विश्लेषण मेरे व्यक्तिगत अनुभव तथा अध्ययन के आधार पर हैं।  


   धन्यवाद 
ज्ञानेंद्र पांडेय 

Thursday, November 22, 2018

उद्यमिता बनाम स्टार्टअप


आज जब देश में स्टार्टअप इंडिया और मेक इन इंडिया का माहौल है युवाओं के समक्ष एक दुविधा सी है उद्यमिता या स्टार्टअप।  एक ओर उद्यमिता विकास कार्यक्रम जोरों पर है, स्वरोजगार स्थापना के लिए सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए अनेक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं दूसरी ओर स्टार्टअप आइडियाज के लिए सेमिनार और कार्यशालाएं आयोजित की जा रही हैं।  शिक्षित एवं बेरोजगार युवाओं के सामने कुछ धुंधला सा है कि क्या करें ?? कहाँ जाएँ ??  प्रदेश में युवाओं की बात करें तो अधिकांशतः की मनोदशा ऐसी है कि सरकारी नौकरी की सोते जागते बाट जोह रहे हैं और शैक्षणिक योग्यताएं बढ़ाने में लगे हैं कि 38 -40 की उम्र तक कहीं 15 - 17 हजार की सरकारी नौकरी मिल जाये तो अच्छा हो।  अब आते हैं आज के मूल विषय पर उद्यमिता या स्टार्टअप।  इससे पहले कि हम किसी निष्कर्ष पर पहुंचें आइये समझते हैं कि एक उद्यमी और एक स्टार्टअप संस्थापक में क्या मूल अंतर है।  


उद्यमी
उद्यमी एक ऐसा व्यक्ति होता है जो किसी भी प्रकार के व्यवसाय की तलाश करता है जिससे लाभ कमाया जा सके या उस व्यवसाय को और अधिक लाभदायक कैसे बनाया जाए। एक उद्यमी हमेशा या अक्सर सिर्फ पैसे कमाने के लिए किसी व्यवसाय पर निवेश करते हैं।  ये व्यवसाय पारम्परिक, गैर पारम्परिक हो सकते हैं इनमें कोई नयापन नहीं होता जैसे खाद्य पदार्थों से सम्बंधित व्यवसाय (सूखे नमकीन, मिठाई निर्माण आदि ), होटल व्यवसाय, खिलौने का व्यापार आदि।  उद्यमी छोटे, मंझोले,अथवा बड़े हो सकते हैं यहाँ तक कि गरीब तथा निचली बस्तियों में रहकर अपनी जीविका कमाने वाले जो घूम घूम कर सामान बेचते है उद्यमी ही हैं, क्योंकि वे जीवित रहने के लिए सामान बेचने का व्यापार करते हैं।        

स्टार्टअप संस्थापक 
एक स्टार्टअप संस्थापक एक उद्यमी से अलग होता है हालाँकि प्रथमदृष्ट्या दोनों एक से लगते हैं परन्तु दोनों में कुछ मूलभूत अंतर है।  स्टार्टअप का पहला और मुख्य उदेश्य लाभ कमाना नहीं होता बल्कि स्टार्टअप के मूल में ऐसे उत्पाद या सेवा की परिकल्पना होती है जो लोगों की समस्या का समाधान होती है।  अच्छे स्टार्टअप में नवाचार एक अभिन्न अंग होता है तथा एक निश्चित समय में ये प्रसिद्धि पाते हैं और असीमित आर्थिक लाभ प्राप्त करते हैं।  एक अच्छे स्टार्टअप में अनेक लोगों को रोजगार मिलना सुनिश्चित होता है। स्टार्टअप में निवेश के लिए अनेक माध्यम हो सकते हैं जैसे क्राउडफंडिंग आदि।  

राज्य में युवाओं को स्वरोजगार के लिए अधिक से अधिक उद्यमिता विकास तथा कौशल विकास की आवश्यकता है तथा दूसरी ओर कुछ अच्छे तथा सालों तक चलने वाले स्टार्टअप स्थापना की आवश्यकता है।  

अगले अंक में कृत्रिम तथा सूक्ष्म उद्योगों की संभावनाओं पर चर्चा होगी 

अपने विचार एवं प्रश्न अवश्य साझा करें।  

नमस्कार 

  

Wednesday, September 26, 2018


अपनी जानकारी और विधाओं को कभी भी कम करके  मत आंकिये 

सन 1997 - 98 की बात होगी जब मैंने खाद्य प्रसंस्करण के सम्बन्ध में पढ़ना और उस पर सोचना शुरू किया तब मेरी बहुत सी बातों पर मित्र और परिवार वाले हंसा करते थे जैसे जब मैं कहता कि एक दिन लहसून और अदरक का पेस्ट मिलेगा जिसे जब मर्जी उपयोग में ला सकते हैं, ऐसे ही डिब्बा बंद सब्जियां, समोसे, बड़े और पराठे।  फिर समय बीत गया और हम सबने खाद्य प्रसंस्करण के अनेक स्वादिष्ट नमूने देखे। खाद्य प्रसंस्करण की तकनीक का हमारे देश और राज्य से बहुत पुराना नाता है  परन्तु पेशेवर और व्यावसायिक सोच की कमी के कारण हमने अपने धरोहरों को स्वान्तः सुखाय ही उपयोग किया वहीँ दूसरी और विदेशी कंपनियों ने हमारी सोच और जीवन शैली का अध्ययन कर खूब व्यवसाय किया फिर चाहे वो ईस्ट इंडिया कंपनी हो या फिर कोई और सभी बड़ी विदेशी कम्पनियों ने भारत को एक समृद्ध उपभोक्ता बाजार के रूप में देखा और व्यापार किया है।  हमारे देश में आज भी इतनी पुरातन तकनीक और बौद्धिक सम्पदा है कि व्यवस्थित और चरणबद्ध ढंग से कार्य करने पर देश से आधी बेरोजगारी तो यूँ ही मिट सकती है।  जरुरत है सिर्फ अवसर को पहचानने की और पाश्चात्य सभ्यता के पीछे चलने की हमारी मानसिकता को त्यागने की।  

आज मैं जिन दो महत्वपूर्ण बिंदुओं पर बात करना चाहता हूँ पहला यह कि हमें व्यवसायिकता सीखनी होगी और दूसरा अपनी बौद्धिक क्षमता की समय रहते रक्षा करनी होगी।  इन दोनों बातों को समझने के लिए हम दो अलग अलग उदहारण देखते हैं  पहला ये कि जिस देश में अतिथि को मीठे पानी, छांछ और लस्सी से स्वागत किया जाता था आज वहीँ लोग प्लास्टिक बोतलों में बंद पानी पीना अपने सेहत के प्रति जागरूकता समझते हैं।  आप सभी को याद होगा कि गर्मी के दिनों में हम सब प्याऊ का इंतजाम करते थे और अनजान राहगीर को भी मटके से ठंडा पानी पिलाकर विदा करते थे।  व्यावसायिकता और बाजारवाद ने आज पानी के व्यवसाय को करोड़ों रूपए का बना दिया पर हमारी तहजीब और सामाजिक ताने बाने को बदलकर रख दिया।  तात्पर्य ये है कि हमें भी अपने ज्ञान का उपयोग कर व्यापार तो करना है पर विदेशी कंपनियों की तर्ज पर अपनी विरासत को ख़तम नहीं करना है ना ही अपनी संस्कृति को बदलने देना है। अच्छा होता कि  कोई मंगलू या बुधारू अपने गांव के जल स्त्रोतों का देखरेख करता, सारे गाँव को पानी मुहैय्या करता और बदले में सभी लोगों से शुल्क ले लेता।  न गाँव के कुओं का जल सूखता न ही तालाब सूखते।

दूसरी कहानी और भयावह है और वो है हमारी बौद्धिक सम्पदा। जिसकी रक्षा करना अनिवार्य सा हो गया है,
आप सभी ने कार्टून चैनलों में अनेक ऐसे कार्यक्रम देखे होंगे जिनके रंग बिरंगे पात्रों का अधकचरा संवाद और अव्यवहारिक हरकतें सिर्फ बाजारवाद के अनुरूप होती हैं ताकि बाद में बच्चों को कार्टून पात्रों  का खिलौना बेचा जा सके इसमें न कोई सन्देश होता है और न ही संस्कार होता है।  हम अगर अपनी दादी नानी की कहानियों को तकनीक से जोड़कर प्रस्तुत करें और अपने पात्रों का परिचय नयी पीढ़ी से करायें तो शायद नयी पीढ़ी भी प्राचीन परंपरा और संस्कृती को आत्मसात करे। ऐसे अनेक विधाओं पर जिसमें लोक गीत, लोक नृत्य और तीज त्यौहार की अनेकानेक परम्पराएं हैं जिन पर विचार किया जा सकता है।  

इसके साथ ही कॉपीराइट, पेटेंट और ट्रेडमार्क रजिस्ट्रेशन पर भी जागरूकता की आवश्यकता है।  जरा सोचिये कि आपको एक दिन ये सुनने को मिले कि किसी खास व्यंजन पर किसी कंपनी का कॉपीराइट है या किसी खास मसाले का पेटेंट अमेरिकन कंपनी के पास है या फिर वॉलमार्ट जैसी कंपनियों के आने से टमाटर, मिर्च और हरा धनिया आपको केवल मेम्बरशिप कार्ड पर ही उपलब्ध हो। आपको अजीब लग रहा होगा और हंसी भी आ रही होगी पर जैसा मैंने बताया पहले भी ऐसी हंसी और उपहास का अनुभव ले चूका हूँ।

हाल ही में जब अपने गाँव के दौरे पर था तो रास्ते में वो जगह खली दिखी जहाँ एक बूढी दाई उड़द के बड़े और सिलबट्टे की चटनी के साथ चाय बेचती थी, शायद अब वो कभी न मिले पर मेरा मानना है कि उस वक़्त अगर दाई को व्यावसायिकता समझ में आ जाती तो शायद दुनिया भर में उसके बड़े और चटनी के स्टोर्स होते, क्योकि जहाँ तक स्वाद का सवाल है वैसा स्वाद किसी भी होटल में नहीं मिलेगा।  इसी तरह हमारे अचार, मसाले, और व्यंजनों का भी यही हाल है।  जरुरत सिर्फ जागरूकता ही है कि जो कुछ भी हमारे पास है उसकी नियम पूर्वक रक्षा करना ही हमारा पहला दायित्व है।

अपने विचार जरूर साझा करें
धन्यवाद !


Saturday, August 18, 2018

सुचना शक्ति को पहचानें युवा 

कहते हैं जंग की तैयारी वर्षों तक करनी पड़ती है ताकि वक्त आने पर कोई भी चूक न हो उसी प्रकार स्वरोजगार के लिए तैयारी हर युवा को हाई स्कूल परीक्षा पास करते ही शुरू कर देनी चाहिए। भविष्य की अपार संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए सरकार ने अपनी युवा शक्ति के लिए विभिन्न  योजनाएं बनायीं हैं और अधिक से  को स्वरोजगार तथा रोजगार उपलब्ध करने के ध्येय से निरंतर प्रयास कर रही है। युवाओं को इसका अधिक से अधिक लाभ लेना चाहिए। प्रारम्भिक तैयारी के रूप में सरकार (केंद्र तथा राज्य) की योजनाओं के सम्बन्ध में नियमित रूप से अध्ययन करना चाहिए जिस से वक़्त आने पर अपनी जरुरी अर्हताओं एवं आवश्यकता के अनुसार विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत मिलने वाली वित्तीय सहायता के लिए आवेदन कर सकें।  
एक सफल उद्यमी बनने के लिए कोई भी एक फार्मूला नहीं होता, इसके लिए हमें सतत प्रयास एवं तैयारी करनी पड़ती है। आमतौर पर यह देखा गया है कि युवाओं को आवश्यक अर्हताओं के बाद भी शासन की योजनाओं का लाभ लेने में दिक्कत पेश आती है जिसका प्रमुख कारण आवश्यक दस्तावेजों का अभाव होता है जैसे पैन कार्ड, आधार कार्ड, इनकम टैक्स की फाइल, बैंक पासबुक का नहीं होना या अपडेटेड नहीं होना।  ड्राइविंग लाइसेंस या एड्रेस प्रूफ में सही पता (एड्रेस) न होना आदि।  इस समस्या से निपटने के लिए सभी युवाओं को चाहिए की अपना सभी उपरोक्त दस्तावेज दुरुस्त रखें तथा बैंकिंग तथा क्रेडिट रेटिंग के सम्बन्ध में आवश्यक जानकारियां प्राप्त करते रहें ताकि समय आने पर इसका सदुपयोग करते रहें।  निम्नांकित बिंदुओं पर अध्ययन करके युवा अपने भविष्य को सुनिश्चित कर सकते हैं।  
१. रूचि विकसित करें: अपनी रूचि के अनुसार स्वरोजगार की दिशा में गंभीरता से सोचते हुए विशेषज्ञों से परामर्श करके ही अंतिम निर्णय लेना चाहिए।   अपनी रूचि निरंतर विकसित  करनी चाहिए तथा रूचि के अनुसार आयोजित कार्यक्रमों में सम्मिलित जरूर होना चाहिए।   
२. सर्वेक्षण करें: स्वरोजगार अथवा रोजगार का चयन करते समय उसके दूरगामी परिणाम एवं चुनौतियों का अध्ययन करना भविष्य में आने वाले जोखिम एवं असफलता की संभावनाओं को कम  करता है अतः अपनी रूचि अनुसार स्वरोजगार स्थापना के लिए अपने आस पास सर्वेक्षण करें, अपने आस पास बच्चों, मित्रों, बुजुर्गों एवं समाज के प्रतिष्ठित व्यक्तियों से इस सम्बन्ध में बात करें। 
३. प्रशिक्षण लें: स्कूली शिक्षा के साथ सभी युवाओं (छात्रों) को वोकेशनल ट्रेनिंग के माध्यम से खुद को तकनिकी रूप में दक्ष करते रहना चाहिए।  जैसे कंप्यूटर से सम्बंधित प्रशिक्षण (सॉफ्टवेयर, हार्डवेयर, नेटवर्किंग, एकाउंटिंग आदि ), होटल मैनेजमेंट, फ़ूड प्रोसेसिंग, फैशन डिजाइनिंग, फोटोग्राफी आदि अनेक विधाओं का समय समय पर रूचि अनुसार प्रशिक्षण प्राप्त करना उपयोगी होता है। वोकेशनल ट्रेनिंग सेंटर्स से सॉफ्टस्किल जैसे कम्युनिकेशन स्किल, बॉडी लैंग्वेज, इमोशनल इंटेलिजेंस आदि पर प्रशिक्षण लेकर युवा खुद को बेहतर ढंग से तैयार कर सकते हैं।  
४ . अध्ययन करें:  प्रतिदिन नयी तकनीक के बारे में पढाई करते रहनी चाहिए।  गूगल तथा सोशल मीडिआ प्लेटफॉर्म पर ऐसे लोगों तथा ग्रुप से जुड़ें जो अधिक से अधिक नयी तकनीक तथा आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएं। 
५ .काम करें: छुट्टियों में अपनी रूचि के अनुरूप छोटे उपक्रमों में काम करना चाहिए जैसे फ़ूड प्लाजा, शॉपिंग मॉल, गैर सरकारी संगठन, होटल, ज्वेलरी शॉप, बुटीक तथा अन्य विशिष्ट संसथान (वकील सहायक, हॉस्पिटल में रिसेप्शनिस्ट आदि ) जिससे कुछ पारिश्रमिक मिले तथा अनुशासन, मेहनत और कमाई का महत्व पता चल सके। 
६  बचत करने की आदत डालें: हर अवसर में बड़ों से अथवा स्वयं के अर्जित पैसों का एक हिस्सा अपने बचत खाते  में नियमित रूप से जमा करते रहें।     
७. सकारात्मकता : वर्तमान में पूरी दुनिया में एक गंभीर बीमारी फ़ैल रही है जिसका नाम है नकारात्मकता।  अत्यधिक अपेक्षा और तुलना से युवा वर्ग एक नकारात्मक सोच के साथ हिंसक और आत्मघाती हो रहा है जिसका परिणाम विभिन्न किस्म के अपराध के रूप में देखा जा रहा है।  इस समस्या से निजात पाने के लिए युवाओं को चाहिए की सोच सकारात्मक रखें। मानसिक स्वास्थ्य के चाहिए की रोजाना योग एवं प्राणायाम करें तथा अपने अपने धर्म के अनुसार सामाजिक कार्यों में समय लगाएं।  

भविष्य की शुभकामनाओं के साथ
- ज्ञानेंद्र पांडेय 



छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग अंक 43: छत्तीसगढ़ की पुण्य धरती राजिम

  छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग अंक 43: छत्तीसगढ़ की पुण्य धरती राजिम नमस्कार मित्रों, पवित्र “माघ” का मास चल रहा है, माघ का महीना हमार...