Saturday, August 18, 2018

सुचना शक्ति को पहचानें युवा 

कहते हैं जंग की तैयारी वर्षों तक करनी पड़ती है ताकि वक्त आने पर कोई भी चूक न हो उसी प्रकार स्वरोजगार के लिए तैयारी हर युवा को हाई स्कूल परीक्षा पास करते ही शुरू कर देनी चाहिए। भविष्य की अपार संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए सरकार ने अपनी युवा शक्ति के लिए विभिन्न  योजनाएं बनायीं हैं और अधिक से  को स्वरोजगार तथा रोजगार उपलब्ध करने के ध्येय से निरंतर प्रयास कर रही है। युवाओं को इसका अधिक से अधिक लाभ लेना चाहिए। प्रारम्भिक तैयारी के रूप में सरकार (केंद्र तथा राज्य) की योजनाओं के सम्बन्ध में नियमित रूप से अध्ययन करना चाहिए जिस से वक़्त आने पर अपनी जरुरी अर्हताओं एवं आवश्यकता के अनुसार विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत मिलने वाली वित्तीय सहायता के लिए आवेदन कर सकें।  
एक सफल उद्यमी बनने के लिए कोई भी एक फार्मूला नहीं होता, इसके लिए हमें सतत प्रयास एवं तैयारी करनी पड़ती है। आमतौर पर यह देखा गया है कि युवाओं को आवश्यक अर्हताओं के बाद भी शासन की योजनाओं का लाभ लेने में दिक्कत पेश आती है जिसका प्रमुख कारण आवश्यक दस्तावेजों का अभाव होता है जैसे पैन कार्ड, आधार कार्ड, इनकम टैक्स की फाइल, बैंक पासबुक का नहीं होना या अपडेटेड नहीं होना।  ड्राइविंग लाइसेंस या एड्रेस प्रूफ में सही पता (एड्रेस) न होना आदि।  इस समस्या से निपटने के लिए सभी युवाओं को चाहिए की अपना सभी उपरोक्त दस्तावेज दुरुस्त रखें तथा बैंकिंग तथा क्रेडिट रेटिंग के सम्बन्ध में आवश्यक जानकारियां प्राप्त करते रहें ताकि समय आने पर इसका सदुपयोग करते रहें।  निम्नांकित बिंदुओं पर अध्ययन करके युवा अपने भविष्य को सुनिश्चित कर सकते हैं।  
१. रूचि विकसित करें: अपनी रूचि के अनुसार स्वरोजगार की दिशा में गंभीरता से सोचते हुए विशेषज्ञों से परामर्श करके ही अंतिम निर्णय लेना चाहिए।   अपनी रूचि निरंतर विकसित  करनी चाहिए तथा रूचि के अनुसार आयोजित कार्यक्रमों में सम्मिलित जरूर होना चाहिए।   
२. सर्वेक्षण करें: स्वरोजगार अथवा रोजगार का चयन करते समय उसके दूरगामी परिणाम एवं चुनौतियों का अध्ययन करना भविष्य में आने वाले जोखिम एवं असफलता की संभावनाओं को कम  करता है अतः अपनी रूचि अनुसार स्वरोजगार स्थापना के लिए अपने आस पास सर्वेक्षण करें, अपने आस पास बच्चों, मित्रों, बुजुर्गों एवं समाज के प्रतिष्ठित व्यक्तियों से इस सम्बन्ध में बात करें। 
३. प्रशिक्षण लें: स्कूली शिक्षा के साथ सभी युवाओं (छात्रों) को वोकेशनल ट्रेनिंग के माध्यम से खुद को तकनिकी रूप में दक्ष करते रहना चाहिए।  जैसे कंप्यूटर से सम्बंधित प्रशिक्षण (सॉफ्टवेयर, हार्डवेयर, नेटवर्किंग, एकाउंटिंग आदि ), होटल मैनेजमेंट, फ़ूड प्रोसेसिंग, फैशन डिजाइनिंग, फोटोग्राफी आदि अनेक विधाओं का समय समय पर रूचि अनुसार प्रशिक्षण प्राप्त करना उपयोगी होता है। वोकेशनल ट्रेनिंग सेंटर्स से सॉफ्टस्किल जैसे कम्युनिकेशन स्किल, बॉडी लैंग्वेज, इमोशनल इंटेलिजेंस आदि पर प्रशिक्षण लेकर युवा खुद को बेहतर ढंग से तैयार कर सकते हैं।  
४ . अध्ययन करें:  प्रतिदिन नयी तकनीक के बारे में पढाई करते रहनी चाहिए।  गूगल तथा सोशल मीडिआ प्लेटफॉर्म पर ऐसे लोगों तथा ग्रुप से जुड़ें जो अधिक से अधिक नयी तकनीक तथा आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएं। 
५ .काम करें: छुट्टियों में अपनी रूचि के अनुरूप छोटे उपक्रमों में काम करना चाहिए जैसे फ़ूड प्लाजा, शॉपिंग मॉल, गैर सरकारी संगठन, होटल, ज्वेलरी शॉप, बुटीक तथा अन्य विशिष्ट संसथान (वकील सहायक, हॉस्पिटल में रिसेप्शनिस्ट आदि ) जिससे कुछ पारिश्रमिक मिले तथा अनुशासन, मेहनत और कमाई का महत्व पता चल सके। 
६  बचत करने की आदत डालें: हर अवसर में बड़ों से अथवा स्वयं के अर्जित पैसों का एक हिस्सा अपने बचत खाते  में नियमित रूप से जमा करते रहें।     
७. सकारात्मकता : वर्तमान में पूरी दुनिया में एक गंभीर बीमारी फ़ैल रही है जिसका नाम है नकारात्मकता।  अत्यधिक अपेक्षा और तुलना से युवा वर्ग एक नकारात्मक सोच के साथ हिंसक और आत्मघाती हो रहा है जिसका परिणाम विभिन्न किस्म के अपराध के रूप में देखा जा रहा है।  इस समस्या से निजात पाने के लिए युवाओं को चाहिए की सोच सकारात्मक रखें। मानसिक स्वास्थ्य के चाहिए की रोजाना योग एवं प्राणायाम करें तथा अपने अपने धर्म के अनुसार सामाजिक कार्यों में समय लगाएं।  

भविष्य की शुभकामनाओं के साथ
- ज्ञानेंद्र पांडेय 



No comments:

छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग अंक 43: छत्तीसगढ़ की पुण्य धरती राजिम

  छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग अंक 43: छत्तीसगढ़ की पुण्य धरती राजिम नमस्कार मित्रों, पवित्र “माघ” का मास चल रहा है, माघ का महीना हमार...