छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग अंक 38
अतीत के गर्भ
में छिपा रहस्य “ताला गाँव का पुरातत्व”
नमस्कार मित्रों,
आज का अंक पूरी शृंखला में मेरे लिए अब तक का सबसे विशिष्ट अंक है। ईको पर्यटन, जलीय पर्यटन, ग्रामीण पर्यटन, धार्मिक पर्यटन एवं पुरातात्विक पर्यटन के क्षेत्र में तथ्यों की पड़ताल करते हुए इस यात्रा में प्रदेश के लगभग सभी जिलों की यात्रा हुई, कुछ चित्रों, तथ्यों एवं कहानियों के साथ लेख भी पूरा हुआ परन्तु इस सप्ताहांत हुई पुरातत्व ग्राम ताला गाँव की यात्रा में जो अनुभव हुए उन्हें शब्दों में आकार देना असंभव सा प्रतीत हो रहा है । अपनी जिज्ञासा शांत करने के मंतव्य से मैंने पुरातत्वविद आदरणीय श्री राहुल सिंह जी से संपर्क किया तथा उनसे मुझे ताला गाँव स्थित देवरानी जेठानी मंदिर तथा रूद्र शिव के उत्खनन एवं उनसे जुड़े तथ्यों की विस्तृत जानकारी मिली।
आदरणीय श्री राहुल सिंह सर ने मुझे अपने ब्लॉग https://akaltara.blogspot.com/2022/01/blog-post_29.html का लिंक दिया जहाँ तालागांव पर बहुमूल्य जानकारी प्राप्त हुई।
उत्सुकतावश मैंने
आदरणीय श्री ललित शर्मा जी से संपर्क किया तथा उनके द्वारा संचालित dakshinkosaltoday.com पर उपलब्ध तालागांव पर आधारित सूचनाओं का अध्ययन किया। इन दोनों
सन्दर्भों से प्राप्त जानकारी के अनुसार
“बिलासपुर जिला मुख्यालय से लगभग 30 किलोमीटर दूर मनियारी नदी के तट पर तालागाँव नामक एक प्राचीन गाँव स्थित है। तालागाँव को आमेरी कप्पा के नाम से भी जाना जाता है। यहां 4-5वीं शताब्दी के 2 विशाल मंदिर जीर्ण शीर्ण अवस्था में विद्यमान हैं, जिन्हें देवरानी-जेठानी मंदिर कहा जाता है। प्राप्त जानकारी के अनुसार शरभपुरी शासकों की दो रानियों ने देवरानी-जेठानी मंदिर का निर्माण करवाया जो भगवान शिव को समर्पित हैं । पूर्वाभिमुख देवरानी मंदिर एक छोटा मंदिर है जिसका निर्माण लाल बलुआ पत्थरों से किया गया है । मंदिर के अंदरूनी हिस्से में दीवारों पर आकर्षक कारीगरी है। देवरानी- जेठानी मंदिर अपनी सुंदर मूर्तियों, तथा यहाँ खुदाई से प्राप्त विश्व की सबसे दुर्लभ प्रतिमा के लिए विश्व भर में विख्यात है यहाँ प्राप्त दुर्लभ मूर्ति को “रूद्र शिव” के लिए जाना जाता है । इस दुर्लभ मूर्ति की ऊंचाई 9 फीट तथा चौड़ाई 4 फीट है तथा इसका वजन लगभग 2 टन है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ये दोनों मंदिर शैव तथा शक्ति के प्राचीनतम साधना स्थली हैं जहां शैव और शाक्त साधना का एकीकृत रूप दिखाई देता है। शिव की दस महाविद्याओं में से दो प्रमुख देवियों देवी तारा तथा देवी धूमावती यहाँ प्रतिस्थापित हैं ऐसा माना जाता है। जेठानी मंदिर के समीप ही स्थित जेठानी मंदिर भी भगवान शिव को समर्पित है, जिसके ज्यादातर भाग नष्ट हो चुके हैं। मंदिर के आसपास बिखरी प्रतिमाओं से अनके अतीत की भव्यता का सहज ही पता चलता है।
उत्खनन से प्राप्त अद्वितीय एवं रहस्यमय प्रतिमा रूद्र शिव की है जिसके नाम पर विद्वानों का एकमत नहीं है। रूद्र शिव की यह प्रतिमा मूर्तिशिल्प की दृष्टि से अद्भुत एवं अद्वितीय है, जानकरों के अनुसार इस प्रतिमा के स्वरुप का ना ही किसी भी शास्त्र में वर्णन मिलता है और ना ही कोई दूसरी प्रतिमा मिलती है . प्रतिमा के नख से सिख अनेक जीव बने हुए हैं। प्रतिमा के सिर पर नागनिर्मित कुंडलीकार पगड़ी है जो चार चक्रकार में गुंथी हुई है। आंखें अर्ध निर्लिप्त योगी जैसी हैं, भौंह में छिपकली के पिछले पैरों की आकृति है। नासिका में बिच्छू, होंठ मुछों में मछली, ठुड्डी पर केकड़े, कंधे पर मकर मुख तथा उंगलियां सर्प की मुखाकृति लिए हुए हैं। मूर्ति में मुख्य सिर के अतिरिक्त सात अन्य सिर शरीर के अन्य भागों में बने हैं। वक्षस्थल में दो सिर, उदर में एक सिर, जंघा में दो सिर तथा दो सिर घुटने में विद्यमान हैं। सभी सिरों की मुखाकृति एवं भाव भंगिमा अलग-अलग है। गले में सर्प कुंडलियों अलंकृत हैं तथा मूर्ति के हाथ व पैर के पंजे नष्ट हो चुके हैं।’ यह अभी भी एक रहस्य है कि इस मूर्ति को किसने और क्यों बनाया है।
मनियारी नदी के किनारे स्थित होने के कारण यह पुरातत्व एवं धार्मिक स्थल अत्यंत लोकप्रिय है, साप्ताहिक अवकाश अथवा त्योरों के समय यहाँ यहाँ पर्यटकों का ताँता लगा रहता है । इस स्थान पर पर्यटन के विकास की अनंत संभावनाएं हैं परन्तु चुनौतियां भी कम नहीं हैं ।
आज अंक को विराम देते हुए आप सभी को राम राम, जय जोहार
मिलते हैं इस अंक के दुसरे व अंतिम भाग के साथ

















