Wednesday, December 14, 2022

छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग अंक 36: शिव मंदिर देउर, गंडई

छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग अंक: शिव मंदिर देउर, गंडई

 

नमस्कार मित्रों,

 

आज का अंक छत्तीसगढ़ राज्य में विद्यमान पुरातात्विक धरोहरों एवं साक्ष्यों पर आधारित है। आज हम चलते हैं राजधानी रायपुर से लगभग 90 किलोमीटर तथा जिला मुख्यालय राजनांदगांव से 70 किलोमीटर दूर स्थित शिव मंदिर देउर, गंडई।

 

यह प्राचीन शिव मंदिर गंडई नगर के अन्दर तालाब किनारे स्थित है। मंदिर की निर्माण शैली व स्थापत्य की दृष्टि से पुरातत्ववेत्ताओं द्वारा यह मन्दिर कलचुरी काल में 11वी 12वी शताब्दी में निर्मित माना गया है। इस शिव मंदिर को भोरमदेव मन्दिर के समकालीन माना जाता है जिसके कारण दोनों मंदिरों की मूर्तिकला में समानता देखने को मिलती है। नागर शैली में निर्मित इस मंदिर का स्थापत्य अत्यंत ही विशिष्ट एवं उच्च स्तरीय है। यह एकायतन शैली का एक पूर्वमुखी शिव मंदिर है जिसमे सम्मुख पश्चिमाभिमुख नंदी की सुन्दर प्रतिमा विद्यमान है।

 

मंदिर के प्रवेश द्वार पर द्वारपाल के रूप में मकर वाहिनी गंगा तथा कूर्म वाहिनी यमुना की अत्यंत सुंदर व सजीव मूर्तियाँ अंकित हैं। मंदिर की दीवारों पर योद्धाओं तथा नृत्यांगानाओं की प्रतिमाएं तथा कुछ मिथुन प्रतिमाएं अत्यंत महीन कारीगरी के साथ उकेरी गयी हैं । गर्भगृह के प्रवेश द्वार पर गणेश जी, शिव जी की अर्धनारीश्वर स्वरूप, तथा पांडवों को सपरिवार शिवजी की आराधना करते हुए दर्शाया गया है।

 

मंदिर अवलोकन करते समय बाहरी दीवार पर एक विशिष्ट एवं लघु प्रतिमा पर ध्यान गया जिसमें एक युवती शयन मुद्रा में लेटी हुई है जिसके बाएं हाथ की मुद्रा कानों के पास इस तरह दिखाई देती है मानो युवती मोबाइल पर बात कर रही हो । यह शोध का विषय है कि इस मुद्रा का वास्तविक अर्थ क्या है ।    

 

मित्रों छत्तीसगढ़ राज्य में पुरा सम्पदाएँ सर्वत्र बिखरी हुई हैं । यदि देश भर से पुरातत्व  वेत्ताओं एवं शोधकर्ताओं को निमंत्रित कर एक भव्य “अंतर्राष्ट्रीय संगोष्ठी” आयोजित की जाए तो हमारी पुरातन संस्कृति के सम्बन्ध में अवश्य ही अनेक दुर्लभ तथ्य सामने आएंगे तथा काल के गर्भ से अनेक अनमोल धरोहर बाहर आयेंगे ।

 

आज का यह विशिष्ट अंक आपको कैसा कमेंट में अवश्य बताएं। किसी भी प्रकार की त्रुटि सुधार अथवा जानकारी का ह्रदय से स्वागत है ।

 

मिलते है अगले अंक में

तब तक आप सबको जय जोहार, जय छत्तीसगढ़ 




No comments:

छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग अंक 43: छत्तीसगढ़ की पुण्य धरती राजिम

  छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग अंक 43: छत्तीसगढ़ की पुण्य धरती राजिम नमस्कार मित्रों, पवित्र “माघ” का मास चल रहा है, माघ का महीना हमार...