Monday, December 26, 2022

छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग अंक 38 अतीत के गर्भ में छिपा रहस्य “ताला गाँव का पुरातत्व”

छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग अंक 38

अतीत के गर्भ में छिपा रहस्य “ताला गाँव का पुरातत्व”

नमस्कार मित्रों,

आज का अंक पूरी शृंखला में मेरे लिए अब तक का सबसे विशिष्ट अंक है। ईको पर्यटन, जलीय पर्यटन, ग्रामीण पर्यटन, धार्मिक पर्यटन एवं पुरातात्विक पर्यटन के क्षेत्र में तथ्यों की पड़ताल करते हुए इस यात्रा में प्रदेश के लगभग सभी जिलों की यात्रा हुई, कुछ चित्रों, तथ्यों एवं कहानियों के साथ लेख भी पूरा हुआ परन्तु इस सप्ताहांत हुई पुरातत्व ग्राम ताला गाँव की यात्रा में जो अनुभव हुए उन्हें शब्दों में आकार देना असंभव सा प्रतीत हो रहा है । अपनी जिज्ञासा शांत करने के मंतव्य से मैंने पुरातत्वविद आदरणीय श्री राहुल सिंह जी से संपर्क किया तथा उनसे मुझे ताला गाँव स्थित देवरानी जेठानी मंदिर तथा रूद्र शिव के उत्खनन एवं उनसे जुड़े तथ्यों की विस्तृत जानकारी मिली। 

आदरणीय श्री राहुल सिंह सर ने मुझे अपने ब्लॉग https://akaltara.blogspot.com/2022/01/blog-post_29.html का लिंक दिया जहाँ तालागांव पर बहुमूल्य जानकारी प्राप्त हुई। 

उत्सुकतावश मैंने आदरणीय श्री ललित शर्मा जी से संपर्क किया तथा उनके द्वारा संचालित dakshinkosaltoday.com पर उपलब्ध तालागांव पर आधारित सूचनाओं का अध्ययन किया। इन दोनों सन्दर्भों से प्राप्त जानकारी के अनुसार   

“बिलासपुर जिला मुख्यालय से लगभग 30 किलोमीटर दूर मनियारी नदी के तट पर तालागाँव नामक एक प्राचीन गाँव स्थित है। तालागाँव को आमेरी कप्पा के नाम से भी जाना जाता है। यहां 4-5वीं शताब्दी के 2 विशाल मंदिर जीर्ण शीर्ण  अवस्था में विद्यमान हैं, जिन्हें देवरानी-जेठानी मंदिर कहा जाता है। प्राप्त जानकारी के अनुसार शरभपुरी शासकों की दो रानियों ने देवरानी-जेठानी मंदिर का निर्माण करवाया जो भगवान शिव को समर्पित हैं । पूर्वाभिमुख देवरानी मंदिर एक छोटा मंदिर है जिसका निर्माण लाल बलुआ पत्थरों से किया गया है । मंदिर के अंदरूनी हिस्से में दीवारों पर आकर्षक कारीगरी है। देवरानी- जेठानी मंदिर अपनी सुंदर मूर्तियों, तथा यहाँ खुदाई से प्राप्त विश्व की सबसे दुर्लभ प्रतिमा के लिए विश्व भर में विख्यात है यहाँ प्राप्त दुर्लभ मूर्ति को “रूद्र शिव” के लिए जाना जाता है । इस दुर्लभ मूर्ति की ऊंचाई 9 फीट तथा चौड़ाई 4 फीट है तथा इसका वजन लगभग 2 टन है।  प्राप्त जानकारी के अनुसार ये दोनों मंदिर शैव तथा शक्ति के प्राचीनतम साधना स्थली हैं जहां शैव और शाक्त साधना का एकीकृत रूप दिखाई देता है। शिव की दस महाविद्याओं में से दो प्रमुख देवियों देवी तारा तथा देवी धूमावती यहाँ प्रतिस्थापित हैं ऐसा माना जाता है। जेठानी मंदिर के समीप ही स्थित जेठानी मंदिर भी भगवान शिव को समर्पित है, जिसके ज्यादातर भाग नष्ट हो चुके हैं। मंदिर के आसपास बिखरी प्रतिमाओं से अनके अतीत की भव्यता का सहज ही पता चलता है।

उत्खनन से प्राप्त अद्वितीय एवं रहस्यमय प्रतिमा रूद्र शिव की है जिसके नाम पर विद्वानों का एकमत नहीं है। रूद्र शिव की यह प्रतिमा मूर्तिशिल्प की दृष्टि से अद्भुत एवं अद्वितीय है, जानकरों के अनुसार इस प्रतिमा के स्वरुप का ना ही किसी भी शास्त्र में वर्णन मिलता है और ना ही कोई दूसरी प्रतिमा मिलती है . प्रतिमा के नख से सिख अनेक जीव बने हुए हैं। प्रतिमा के सिर पर नागनिर्मित कुंडलीकार पगड़ी है जो चार चक्रकार में गुंथी हुई है। आंखें अर्ध निर्लिप्त योगी जैसी हैं, भौंह में छिपकली के पिछले पैरों की आकृति है। नासिका में बिच्छू, होंठ मुछों में मछली, ठुड्डी पर केकड़े, कंधे पर मकर मुख तथा उंगलियां सर्प की मुखाकृति लिए हुए हैं। मूर्ति में मुख्य सिर के अतिरिक्त सात अन्य सिर शरीर के अन्य भागों में बने हैं। वक्षस्थल में दो सिर, उदर में एक सिर, जंघा में दो सिर तथा दो सिर घुटने में विद्यमान हैं। सभी सिरों की मुखाकृति एवं भाव भंगिमा अलग-अलग है। गले में सर्प कुंडलियों अलंकृत हैं तथा मूर्ति के हाथ व पैर के पंजे नष्ट हो चुके हैं।’ यह अभी भी एक रहस्य है कि इस मूर्ति को किसने और क्यों बनाया है।

मनियारी नदी के किनारे स्थित होने के कारण यह पुरातत्व एवं धार्मिक स्थल अत्यंत लोकप्रिय है, साप्ताहिक अवकाश अथवा त्योरों के समय यहाँ यहाँ पर्यटकों का ताँता लगा रहता है । इस स्थान पर पर्यटन के विकास की अनंत संभावनाएं हैं परन्तु चुनौतियां भी कम नहीं हैं ।  

आज अंक को विराम देते हुए आप सभी को राम राम, जय जोहार 

मिलते हैं इस अंक के दुसरे व अंतिम भाग के साथ

रूद्र शिव की प्रतिमा 

जेठानी मंदिर के अवशेष 

देवरानी मंदिर 


Friday, December 16, 2022

छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग अंक 37: चेंदरू पर्यावरण पार्क, नारायणपुर

 छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग अंक 37: चेंदरू पर्यावरण पार्क, नारायणपुर

नमस्कार मित्रों,

छत्तीसगढ़ राज्य के दक्षिणी छोर पर स्थित बस्तर अपनी सांस्कृतिक विविधताओं, परम्पराओं, खान पान तथा लोमहर्षक कहानियों के लिए पूरी दुनिया में जाना जाता है | आज भी बस्तर के प्रति लोगों के मन में एक अजीब सी उत्सुकता है, एक आकर्षण है जो हमेशा अपनी ओर खींचता है | बस्तर को करीब से देखना, समझना और अनुभव करना एक ऐसा अद्भुत और अकल्पनीय अनुभव है जिसे आप अपने जीवन पर्यंत नहीं भूलते | अबूझमाड़ के घनघोर जंगल में आदिवासियों की विभिन्न जनजातियां आज भी निवास करती हैं जो अपनी बहादुरी के लिए पूरे देश में प्रसिद्ध हैं |

आज मेरे साथ चलिए नारायणपुर स्थित “चेन्दरू पर्यावरण पार्क” जहाँ आपको इतिहास के पन्नों में लिपटी एक खुबसूरत कहानी मिलेगी | यह कहानी है छत्तीसगढ़ के “टाइगर बॉय” के नाम से पूरी दुनिया में प्रसिद्द चेन्दरू की |

आइये सबसे पहले आपको “चेन्दरू और टेम्बू” की कहानी सुनाता हूँ |      

बस्तर के बीहड़ जंगलो के बीच एक गाँव “गढ़बेंगाल” जहाँ  पर चेंदरु मंडावी का जन्म हुआ था | चेन्दरू के पिता और दादा शिकारी थे तथा खेती किसानी करके अपना जीवन यापन करते थे | एक दिन चेन्दरू के पिता ने जंगल से बांस की टोकरी में रखकर बाघ का एक शावक लाकर दिया | इस घटना ने चेन्दरू के जीवन को पूरी तरह से बदलकर रख दिया | चेंदरू ने बाघ के नन्हे शावक का नाम “टेम्बू” रखा था | दोनो साथ – साथ खेलते, साथ ही खाते और सोते थे। चेन्दरू और “टेम्बू” की कहानी जंगल में आग की तरह फ़ैल गयी और देखते ही देखते सात समुंदर पार पहुँच गयी | दुनिया के कोने कोने से लोग चेंदरू और “टेम्बू” को देखने तथा उसकी तस्वीर कैमरे में कैद करने के लिए बस्तर आने लगे इस तरह बस्तर का चेंदरू पूरी दुनिया में “टाइगर बॉय” और “मोगली” के नाम से प्रसिद्ध हो गया.

स्वीडन के फिल्म डायरेक्टर आर्ने सक्सडॉर्फ ने तत्काल इस घटना का फायदा उठाया और चेंदरू पर फिल्म बनाने की सोची, आर्ने सक्सडॉर्फ पूरी तैयारी के साथ बस्तर आये और जब उन्होंने चेन्दरू और “टेम्बू” को साथ साथ खेलते देखा तो उनकी ख़ुशी का ठिकाना नहीं रहा | उन्होंने इन दोनों की दोस्ती से प्रेरित होकर “जंगल सागा” नामक फिल्म का निर्माण किया जिस का संगीत पंडित रवि शकंर शुक्ल ने दिया था | इस फिल्म को पुरे विश्व में सराहा गया तथा इसे अनेक पुरस्कारों से सम्मानित किया गया | आर्ने सक्सडॉर्फ की पत्नी ने इन दोनों की दोस्ती से प्रेरित होकर एक पुस्तक चेंदरु – द बॉय एंड द  टाइगर लिखी जो अत्यंत लोकप्रिय हुई | छत्तीसगढ़ 'टाइगर बॉय चेंदरू'. की मौत 78 साल की उम्र में साल 2013 में हो गई, लेकिन चेन्दरू और “टेम्बू” दोस्ती की कहानी आज भी जिन्दा है | जिला नारायणपुर में चेंदरू की याद में चेंदरू पर्यावरण पार्क का निर्माण किया गया है जहाँ उसकी बाघ के साथ खेलते हुए प्रतिमा स्थापित की गयी है | इसके अतिरिक्त एक घोटुल का निर्माण भी कराया गया है जो आदिवासियों का युवा गृह कहलाता हैं | यह पार्क नारायपुर शहर के समीप होने के कारण स्थानीय एवं बाहरी पर्यटक भी इस पार्क की जैव विविधता एवं सुन्दरता को देखने आते हैं |

मित्रों ये थी कहानी 'टाइगर बॉय' चेदरू की 

आप सब भी अपने बच्चों को ये कहानी जरुर सुनाएँ और समय मिले तो नारायणपुर स्थित चेंदरू पर्यावरण पार्क सपरिवार जरुर जाएँ |  

मिलते हैं किसी और कहानी के साथ तब तक आप सबको 

नमस्कार, जय जोहार  


'टाइगर बॉय' चेदरू


Wednesday, December 14, 2022

छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग अंक 36: शिव मंदिर देउर, गंडई

छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग अंक: शिव मंदिर देउर, गंडई

 

नमस्कार मित्रों,

 

आज का अंक छत्तीसगढ़ राज्य में विद्यमान पुरातात्विक धरोहरों एवं साक्ष्यों पर आधारित है। आज हम चलते हैं राजधानी रायपुर से लगभग 90 किलोमीटर तथा जिला मुख्यालय राजनांदगांव से 70 किलोमीटर दूर स्थित शिव मंदिर देउर, गंडई।

 

यह प्राचीन शिव मंदिर गंडई नगर के अन्दर तालाब किनारे स्थित है। मंदिर की निर्माण शैली व स्थापत्य की दृष्टि से पुरातत्ववेत्ताओं द्वारा यह मन्दिर कलचुरी काल में 11वी 12वी शताब्दी में निर्मित माना गया है। इस शिव मंदिर को भोरमदेव मन्दिर के समकालीन माना जाता है जिसके कारण दोनों मंदिरों की मूर्तिकला में समानता देखने को मिलती है। नागर शैली में निर्मित इस मंदिर का स्थापत्य अत्यंत ही विशिष्ट एवं उच्च स्तरीय है। यह एकायतन शैली का एक पूर्वमुखी शिव मंदिर है जिसमे सम्मुख पश्चिमाभिमुख नंदी की सुन्दर प्रतिमा विद्यमान है।

 

मंदिर के प्रवेश द्वार पर द्वारपाल के रूप में मकर वाहिनी गंगा तथा कूर्म वाहिनी यमुना की अत्यंत सुंदर व सजीव मूर्तियाँ अंकित हैं। मंदिर की दीवारों पर योद्धाओं तथा नृत्यांगानाओं की प्रतिमाएं तथा कुछ मिथुन प्रतिमाएं अत्यंत महीन कारीगरी के साथ उकेरी गयी हैं । गर्भगृह के प्रवेश द्वार पर गणेश जी, शिव जी की अर्धनारीश्वर स्वरूप, तथा पांडवों को सपरिवार शिवजी की आराधना करते हुए दर्शाया गया है।

 

मंदिर अवलोकन करते समय बाहरी दीवार पर एक विशिष्ट एवं लघु प्रतिमा पर ध्यान गया जिसमें एक युवती शयन मुद्रा में लेटी हुई है जिसके बाएं हाथ की मुद्रा कानों के पास इस तरह दिखाई देती है मानो युवती मोबाइल पर बात कर रही हो । यह शोध का विषय है कि इस मुद्रा का वास्तविक अर्थ क्या है ।    

 

मित्रों छत्तीसगढ़ राज्य में पुरा सम्पदाएँ सर्वत्र बिखरी हुई हैं । यदि देश भर से पुरातत्व  वेत्ताओं एवं शोधकर्ताओं को निमंत्रित कर एक भव्य “अंतर्राष्ट्रीय संगोष्ठी” आयोजित की जाए तो हमारी पुरातन संस्कृति के सम्बन्ध में अवश्य ही अनेक दुर्लभ तथ्य सामने आएंगे तथा काल के गर्भ से अनेक अनमोल धरोहर बाहर आयेंगे ।

 

आज का यह विशिष्ट अंक आपको कैसा कमेंट में अवश्य बताएं। किसी भी प्रकार की त्रुटि सुधार अथवा जानकारी का ह्रदय से स्वागत है ।

 

मिलते है अगले अंक में

तब तक आप सबको जय जोहार, जय छत्तीसगढ़ 




Thursday, December 8, 2022

छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग अंक 35 : महर्षि वाल्मीकि आश्रम तुरतुरिया

 छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग : महर्षि वाल्मीकि आश्रम तुरतुरिया

 

छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग : महर्षि वाल्मीकि आश्रम तुरतुरिया

नमस्कार मित्रों,

लगभग 2 माह के अंतराल के पश्चात् इस शृंखला की 35 वीं कड़ी लेकर उपस्थित हुआ हूँ। इस दौरान इस शृंखला को शीघ्रता से आगे बढाने का निर्णय लिया गया है। अब से इसका प्रकाशन सप्ताह में 3 बार किया जायेगा।    

तो चलिए आज आपको लेकर चलता हूँ बलौदाबाजार जिले के प्रसिद्द पर्यटन स्थलों में से एक "तुरतुरिया"। चहुँ ओर वनक्षेत्रों से घिरा यह धार्मिक स्थल राजधानी रायपुर से 84 किमी एवं बलौदाबाजार जिला मुख्यालय से 29 किमी दूर बारनवापारा अभ्यारण्य के समीप स्थित है।

इस पावन भूमि के सम्बन्ध में यह मान्यता है कि यहाँ त्रेतायुग में महर्षि वाल्मीकि का आश्रम था जहाँ माता सीता ने अपने पुत्रों लव तथा कुश को जन्म दिया। इस स्थल को राम वनगमन पथ के एक विशिष्ट पड़ाव के रूप में मान्यता प्राप्त है। तुरतुरिया में बौध्द, वैष्णव एवं तथा शैव धर्म से संबंधित शिलालेख एवं प्रस्तर प्रतिमाएं जीर्ण शीर्ण अवस्थाओं में आज भी विद्यमान हैं जिससे इस स्थान के सांस्कृतिक केंद्र होने का प्रमाण मिलता है। .

यहाँ स्थित गोमुख से एक प्राकृतिक जलधारा निरंतर प्रवाहित हो रही है जिसके अनवरत प्रवाह से तुर-तुर की ध्वनि निकलती है संभवतः इसी कारण इस भूमि का नाम "तुरतुरिया" हुआ। स्थानीय श्रद्धालुगण इसे सुरसुरी गंगा से नाम से भी सम्बोधित करते हैं। कुंड से निकलकर यह जलधारा बालमदेही नदी से मिलती है। बालमदेही नदी इस क्षेत्र की एक बड़ी नदी है, इस नदी के नामकरण के पीछे भी एक अत्यंत ही रोचक कथा है । मान्यता है कि  माता सीता के वरदान स्वरुप इस नदी में पूरी श्रद्धा से स्नान करने पर कुंआरी कन्याओं को शीघ्र ही योग्य वर (बालम अर्थात वर) की प्राप्ति (देही अर्थात देने वाली) होती है । यहाँ प्रतिवर्ष पौष माह की पूर्णिमा को तीन दिवसीय मेला लगता है जहाँ बड़ी संख्या में श्रध्दालु यहां आते हैं। प्राकृतिक, धार्मिक एवं पुरातात्विक स्थल होने के कारण यह स्थल “इको पर्यटन” के लिए एक शानदार विकल्प है जिसका समुचित विकास कर स्थानीय स्तर पर युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार प्रदान किया जा सकता है।

मिलते हैं अगले पड़ाव में 

तब तक आप सभी मित्रों को जय जोहार 

  

गोमुख से निकलने वाली सुरसुरी गंगा 

तुरतुरिया का प्रवेश द्वार 

Monday, October 10, 2022

छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग अंक 34: कुमेली घाट जलप्रपात

छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग अंक 34: कुमेली घाट जलप्रपात :

नमस्कार दोस्तों, 

थोड़ी व्यस्तता और थोड़ी अस्वस्थता के कारण पिछले सप्ताह का अंक जारी नहीं ही सका, इस बीच कुछ मित्रों का सन्देश प्राप्त हुआ जिससे एक नयी उर्जा का संचार हुआ अब वापस लौटते हैं अपनी यात्रा में।  

प्रदेश से मानसून की विदाई हो रही है और बारिश का मौसम अपने अंतिम चरण में है, ऐसे में आइये आपको ले चलता हूँ सूरजपुर जिले के कुमेली घाट जलप्रपात की ओर।    

छत्तीसगढ़ के दक्षिण पूर्व में स्थित सूरजपुर जिले की प्राकृतिक सुन्दरता से हम सभी भलीभांति परिचित हैं। जिले में अनेक ऐसे नैसर्गिक स्थल हैं जो हमें बार बार अपनी ओर आकर्षित करते हैं। गगनचुम्बी साल वन, दूर तक फैली हरी भरी पहाड़ियां  यहाँ बहने वाली शुद्ध -शीतल वायु, कलकल बहती नदियाँ और पहाड़ियों से गिरते जलप्रपात मानो हॉलीवुड फिल्म जुरासिक पार्क का दृश्य उपस्थित करते हैं।  ऐसा ही एक खुबसूरत जलप्रपात है कुमेली घाट। यह जलप्रपात सूरजपुर से  कटघोरा मार्ग पर 27 किलोमीटर दूर स्थित है जो लगभग 120 फीट ऊंचाई से गिरता है। संकरे चट्टानों के बीच विशाल जलराशि गरजते हुए जब नीचे गिरती है तब इसकी सुन्दरता देखते ही बनती है। यहाँ बलुआ चट्टानों के मध्य ढलान पर 18 फीट ऊँचा और 3 मीटर चौड़ा एक विशाल शिलाखंड अद्भुत संतुलन के साथ अडिग खड़ा है जो दर्शनीय है । 

हालाँकि यह स्थानीय लोगों में एक बेहद लोकप्रिय जल प्रपात है, तथापि भौगोलिक स्थिति तथा संरचना के लिहाज से यह स्थान जोखिम भरा है। चट्टानों के बीच सीधी खाई है जहाँ सेल्फी लेने के फेर में कुछ दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं।  हालाँकि प्रशासन अब इस स्थान में प्रय्तकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर है।  

यहाँ जिला प्रशासन द्वारा पर्यटकों की सुविधा के लिए चबूतरा निर्माण, सीढ़ी तथा रेलिंग, घाट के चारो ओर सुरक्षा रेलिंग, पार्किंग आदि की व्यवस्था कराइ जा रही है।

तो मित्रों आप सभी कुमेली घाट जरुर देखें परन्तु अपने तथा अपने बच्चों की सुरक्षा हेतु सुरक्षित दुरी बनाये रखें।  कहते हैं न कि जान है तो जहान है। 

आप सब सुरक्षित रहें, घूमते रहें और अपने अनुभव साझा करते रहें।

मिलते हैं अगले पड़ाव में तब तक 

नमस्कार 

जय जोहार 









      

Monday, September 26, 2022

छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग अंक 33: भटगांव की ग्राम देवी माता हिंगलाज

 छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग: भटगांव की ग्राम देवी माता हिंगलाज 


मानव ने अपने विकास क्रम में सबसे पहले प्रकृति की शक्ति को स्वीकार तथा उसके विभिन्न रूपों की उपासना करना प्रारंभ किया या कह सकते हैं कि आदिकाल से ही मानव द्वारा प्रकृति की उपासना की परंपरा चली आ रही है। आदिमानवों द्वारा अलग अलग समूहों में रहते हुए अदृश्य तथा सर्वशक्तिमान प्रकृति के प्रतिनिधियों के विविध स्वरूपों की पूजा अर्चना का क्रम प्रारंभ हुआ जिन्हें कालांतर में ग्राम देवी अथवा ग्राम देवता के नाम से जाना गया। आदिमानवों के प्रत्येक दल, समूह अथवा कबीले के एक आराध्य हुआ करते थे (कहीं कहीं अभी भी अस्तित्व में हैं) जो समूह की अनेक विपत्तियों से रक्षा करते हैं ।

ग्राम देवी देवताओं की परिकल्पना कदाचित संकट के समय में ग्राम समाज की रक्षा करने तथा सभी सामाजिक कार्यों के निर्विघ्न संपन्न करने की मनोकामना के आधार पर की गयी। विभिन्न क्षेत्रों में ग्राम देवताओं का अस्तित्व विभिन्न प्रायोजन हेतु माना जा सकता है जैसे महामारी  से रक्षा के लिए, दुर्भिछ या अकाल से रक्षा के लिए, अच्छी फसल के लिए, संतान प्राप्ति के लिए, अनुकूल वर वधु की प्राप्ति के लिए आदि। 

ग्राम देवी-देवताओं के साथ विशिष्ट रीति रिवाजों, मान्यताओं एवं टोटकों का भी गहरा सम्बन्ध रहा है जो कालांतर में एक अलिखित संविधान की तरह संस्कृति का एक अभिन्न हिस्सा बन गए।छत्तीसगढ़ के कुछ प्रसिद्द ग्राम  देवताओं में ठाकुरदेव, बाना देवता, बुढादेव, बरम बावा आदि शामिल हैं तथा ग्राम देवियों में जेरा दाई, बंजारी माता, मौली माता आदि प्रमुख हैं।  

ऐसे ही एक मेरे पैतृक गाँव भटगांव की ग्राम देवी हैं जेरा दाई या जेवरा दाई जिन्हें माता हिंगलाज का स्वरुप माना जाता है। माता का मंदिर भटगांव नगर से लगभग तीन किलोमीटर दूर दक्षिण में देवसागर नामक स्थान पर एक पठार में कदम्ब के पेड़ के नीचे स्थित है, आश्चर्य का विषय है कि इस पथरीले पठार में दूर दूर तक कोई पेड़ नहीं है केवल माता के मंदिर में एक पेड़ है जो हमेशा हरा भरा रहता है।  यहाँ प्रतिवर्ष चैत्र पूर्णिमा के दिन एक दिवसीय भव्य मेला लगता है । धरनीहीन महिलाएं (जो जमीन पर लेट कर जमीन नापते हुए) माता के दर्शनार्थ जाती हैं एवं पूर्णिमा के पूर्व रात्रि में मंदिर परिसर में पहुंच कर जमीन पर ही लेटे रहती हैं, अगली सुबह सूर्योदय से पूर्व भटगांव के जमींदार परिवार द्वारा माता की पूजा के पश्चात् श्रद्धालु महिलाओं को हल्दी मिश्रित पानी का छीटा देकर उठाया जाता है फिर धरनीहीन महिलाओं द्वारा देवी की विधि विधान से पूजा अर्चना की जाती है। माना जाता है कि माता की इस प्रकार उपासना करने से निःसंतान माताओं सूनी गोद भर जाती है तथा आगामी वर्ष माताएं अपने नवजात शिशु के साथ माता का दर्शन करने एवं आशीर्वाद लेने आती हैं। 

यहाँ माता की स्थापना के सम्बन्ध में अनेक मान्यताएं एवं किंवदँतियाँ प्रसिद्द हैं जिसके अनुसार 

"एक बार सारंगढ़ के राजा द्वारा देवी की मूर्ति को रात्रि के समय अपने राज्य ले जाने का प्रयास किया जा रहा था तभी भटगांव के जमींदार को माता ने स्वप्न में आकर इसकी जानकारी दी तब जमींदार क्षेत्र के कुछ ग्रामीणों के साथ देवसागर पहुंचे जहां उन्होंने देखा कि सारंगढ़ के राजा द्वारा माता हिंगलाज की मूर्ति को ले जाने का प्रयास किया जा रहा है। भटगांव जमींदार तथा ग्रामीणों के विरोध के बाद राजा देवी की मूर्ति वहीँ छोड़ वापस अपने राज्य सारंगढ़ चले गए। तब जमींदार ने वहां माता की स्थापना की तथा तब से यहाँ प्रतिवर्ष मेले का आयोजन जमींदार परिवार द्वारा किया जाता है।  स्थानीय लोगों के मध्य यह मेला "चैतराई मेले" के नाम से प्रसिद्द है। श्रद्धालुओं की मान्यता है कि चैत्र पूर्णिमा की रात माता अपने दल बल सहित भ्रमण को निकलती हैं जिन्हें साधारण इंसान को देखने की पुर्णतः मनाही है, यही कारण है कि लाखों की संख्या में उपस्थित श्रद्धालु साँझ होते ही लौट जाते हैं और रात्रि 8 बजे के बाद यह स्थान पूरी तरह सुनसान हो जाता है। अंचल में माता के भक्तों की संख्या दिनों दिन बढती जा रही है । सर्दियों में इस क्षेत्र के वनक्षेत्रों में स्थानीय लोग बड़ी संख्या में पिकनिक मनाने जाते हैं । इस पुरे क्षेत्र में ईको पर्यटन की अनंत संभावनाएं हैं ।

मित्रों आप भी माता के दर्शन को सपरिवार जाएँ एवं स्थानीय लोगों के मध्य बैठकर माता के चमत्कार के किस्से जरुर सुनें । 

मिलते हैं अगले पड़ाव में 

तब तक जय जोहार 





  


Sunday, September 18, 2022

छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग अंक 32: धर्म एवं पुरातत्व का संगम तरीघाट

छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग: धर्म एवं पुरातत्व का संगम तरीघाट

नमस्कार मित्रों 

आज की कड़ी में आइये चलते हैं छत्तीसगढ़ के एक ऐसे स्थल की ओर जहाँ खारुन नदी के तट पर स्थित तरीघाट नामक स्थान में माता महामाया के सान्निध्य में इतिहास के बिखरे हुए साक्ष्य आज भी अपनी कहानी कहते हुए प्रतीत होते हैं। दुर्ग जिले के पाटन विकासखंड में स्थित तरीघाट अपनी पुरासम्पदा एवं धार्मिक मान्यताओं के कारण क्षेत्र में प्रसिद्द है।  

राजधानी रायपुर से लगभग 28 किलोमीटर दूर स्थित महामाया मंदिर तरीघाट पहुँचने पर हमारी मुलाकात कुछ सेवादारों से हुई, उन्होंने हमें माता के मंदिर की महिमा एवं इतिहास के सम्बन्ध में संक्षिप्त जानकारी दी क्योंकि मंदिर प्रांगण में आगामी 26 सितम्बर से प्रारम्भ हो रहे शारदीय नवरात्र के भव्य आयोजन की तैयारियां हो रही थी। 

सेवादारों से चर्चा तथा माता के मंदिर में लगी पट्टिका से हमें जो जानकारी मिली वह कुछ इस प्रकार है: " मंदिर में एक ही स्थान पर स्वयंभू त्रिमूर्ति  महामाया, महालक्ष्मी, महासरस्वती विराजमान हैं। साक्ष्यों के अनुसार इस मंदिर का निर्माण कल्चुरी शासकों द्वारा लगभग 4000 वर्ष पूर्व कराया गया था। माता महामाया का मंदिर तरीघाट की ऐतिहासिक धरोहर है, इस मंदिर को बनाते इसमे चुना, गुड़ और काले पत्थरों का उपयोग किया गया है, काले पत्थर को देखने से पता चलता है कि इस पत्थर को अन्यत्र से लाकर मंदिर निर्माण में प्रयोग किया गया है।  मंदिर प्रांगण में नागराज की मूर्ति बनी हुई है, कहा जाता है कि नागराज इस स्थल की सुरक्षा करते हैं।  इस सम्बन्ध में एक मान्यता है कि विशिष्ट अवसरों पर आज भी नागदेवता मंदिर के पुजारी एवं भक्तों को दर्शन देते हैं।      

तरीघाट का पुरातत्व: माता महामाया के मंदिर के समीप ही पुरातत्व के प्रमाण बिखरे हुए हैं, स्थानीय लोगों द्वारा इसे जगतपाल का टीला कहा जाता है ।  प्राप्त दस्तावेजों एवं जानकारी के आधार पर यहाँ खुदाई के दौरान अलग अलग कालखंड के सिक्के तथा अन्य साक्ष्य प्राप्त हुए हैं जिससे पता चलता है कि यह एक व्यवस्थित एवं समृद्ध  व्यापारिक केंद्र हुआ करता था जो कालांतर में प्राकृतिक आपदाओं से नष्ट हो गया। 

हमें यहाँ आकर तरीघाट के पुरातत्व तथा ऐतिहासिक महत्व से सम्बंधित अनेक महत्वपूर्ण तथ्यों का पता चला।  यह स्थान पूरा सम्पदा तथा धार्मिक आस्था का अनूठा संगम है।  भविष्य में यहाँ शोध एवं पर्यटन की अनंत संभावनाएं हैं।  


मित्रों आपको आज का अंक कैसा लगा, टिपण्णी में जरूर बताएं 

मिलते हैं अगले पड़ाव में तब तक 

जय जोहर          









छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग अंक 43: छत्तीसगढ़ की पुण्य धरती राजिम

  छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग अंक 43: छत्तीसगढ़ की पुण्य धरती राजिम नमस्कार मित्रों, पवित्र “माघ” का मास चल रहा है, माघ का महीना हमार...