Tuesday, August 23, 2022

छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग अंक 29: वेताल रानी घाटी

छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग अंक 29: वेताल रानी घाटी 

अद्भुत सौंदर्य लोमहर्षक कहानियां 

नमस्कार मित्रों 

अगस्त का महीना अनेक तीज त्योहारों एवं राष्ट्रीय पर्व के नाम रहा और इसका असर ये हुआ कि इस शृंखला की निरंतरता बाधित हुई। पिछले सप्ताहांत एक गुमनाम सी (मेरे लिए यह नाम नया था) मगर बेहद खूबसूरत घाटी को देखने का निमंत्रण प्राप्त हुआ, उद्देश्य था "बेताल रानी घाटी में इको पर्यटन की संभावनाएं तलाशना" । बहरहाल शनिवार की सुबह 6 बजे हम अपनी यात्रा पर थे और गूगल भाई के अनुसार यह स्थान रायपुर से  धमधा, गंडई व्हाया छुईखदान होते हुए कुल 118 किलोमीटर में स्थित था।  घोर आश्चर्य हुआ और अपनी घुमक्कड़ी पर प्रश्न चिन्ह भी लग गया कि इतनी शानदार जगह सिर्फ 3 घंटे के रास्ते में और मैं अब तक अनजान ? खैर भारी बारिश और तमाम अनिश्चितताओं के बाद भी हम सरपट अपने गंतव्य की ओर बढ़ चले।  लगभग 3 घंटे के सफर के बाद (जिसमें रास्ते में सुबह की चाय एवं स्वल्पाहार के लिए लिया गया विश्राम शामिल है)  हम गंडई से पेलीमेटा, बेलगांव होते हुए उस घाटी के छोर पर पहुँच चुके थे जहाँ से घाटी शुरुआत होनी थी। रास्ते में 2 निर्माणाधीन नालों ने कुछ देर के लिए ही सही हमें भयभीत कर दिया, परन्तु कहते हैं जहाँ चाह वहां राह।  हम घाटी में प्रकृति के सौंदर्य पर मंत्रमुग्ध आगे बढ़ते रहे। घाटी के तीक्ष्ण घुमावदार मोड़ पार करते हुए जैसे ही हम घाटी से शीर्ष पर पहुंचे हमें वहां एक ऊँचे टीलेनुमा स्थान से लोग घाटी की सुंदरता को निहारते, सेल्फी लेते दिखे।  हमने भी यात्रा को विराम देकर अवलोकन करने का निर्णय लिया।  आह... अप्रतिम... ऊपर से घाटी का मनोरम दृश्य सिर्फ आँख बंद कर महसूस किया जा सकता है वर्णन करना मुश्किल है।  हमने भी कुछ फोटोज लिए और आगे बढ़ गए 

अपनी यात्रा से विराम लेकर जब हम रात्रि विश्राम के लिए रुके तब हमारी मुलाकात विश्राम गृह में रुके एक सज्जन से हुयी।  चर्चा में उन्होंने बहुत संक्षिप्त में हमें बेताल रानी घाटी के नाम का रहस्य एवं एक लोमहर्षक घटना के बारे में बताया।  

घटना का मुख्य बिंदु प्रेम प्रसंग ही था।  

जनश्रुति के अनुसार धमधा के राजा हरिश्चंद्र ने इसी घाटी में अपनी अर्धांगिनी बेताल रानी को उनके अन्यत्र प्रेम प्रसंग होने की जानकारी मिलते ही मौत के घाट उतार दिया था। कहते हैं बेताल रानी के प्राचीन मंदिर में अब भी रानी का खंडित शरीर शिला रूप में विद्यमान है।  मौसम की बेरुखी और अनिश्चितता के कारण हमें  इस प्राचीन मंदिर का दर्शन लाभ नहीं मिला परन्तु शीघ्र ही यह अधूरी यात्रा पूर्ण की जाएगी 

अपनी यात्रा से विराम लेकर जब हम रात्रि विश्राम के लिए रुके तब हमारी मुलाकात विश्राम गृह में रुके एक सज्जन से हुयी।  चर्चा में उन्होंने बहुत संक्षिप्त में हमें बेताल रानी घाटी के नाम का रहस्य एवं एक लोमहर्षक घटना के बारे में बताया।  

जनश्रुति के अनुसार धमधा के राजा हरिश्चंद्र ने इसी घाटी में अपनी अर्धांगिनी बेताल रानी को उनके अन्यत्र प्रेम प्रसंग होने की जानकारी मिलते ही मौत के घाट उतार दिया था। कहते हैं बेताल रानी के प्राचीन मंदिर में अब भी रानी का खंडित शरीर शिला रूप में विद्यमान है।  मौसम की बेरुखी और अनिश्चितता के कारण हमें  इस प्राचीन मंदिर का दर्शन लाभ नहीं मिला परन्तु शीघ्र ही यह अधूरी यात्रा पूर्ण की जाएगी  

तो मित्रों आप भी बारिश से बचकर, कुछ सप्ताह रूककर वेताल रानी घाटी की लॉन्ग ड्राइव पर जरूर जाएँ , और हाँ धमधा, गंडई व्हाया छुईखदान होते हुए जाएँ इस मार्ग पर सड़कें अच्छी हैं। 

मिलते हैं अगले पड़ाव में 

तब तक अपना ख्याल रखें और घूमने का प्लान जरूर बनाते रहें । 

सप्ताहांत में घुमक्कड़ी के स्थान चयन को लेकर संशय हो तो मेरे ब्लॉग पर जाकर अपनी पसंद की जगह चुन सकते हैं।  यह पूरी तरह निःशुल्क है। 

TheGyantalk.blogspot.com


जय जोहर       

      


          

गूगल के सौजन्य से घाटी का roadmap

हमारे सफ़र का हमसफ़र 

घाटी का विहंगम दृश्य 

घुमावदार सड़कें 






Thursday, August 18, 2022

STARTUP Lessons:

 सफल व्यवसाय की तैयारी 

वैश्विक महामारी से उबरते हुए समाज खासकर युवावर्ग के समक्ष रोजगार की एक भीषण समस्या है। केंद्र तथा राज्य सरकारों के भरसक प्रयास के बाद भी बेरोजगारी एक विशाल समस्या का रूप ले चुकी है। बढ़ती बेरोजगारी और महंगी होती गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ने मध्यम  वर्गीय परिवारों को एक चिरस्थाई घोर हताशा में ला खड़ा किया है। सरकार की विभिन्न योजनाओं और उनके क्रियान्वयन की जटिल प्रक्रियाओं ने जरूरतमंदों को ऐसे दोराहे पर ला खड़ा किया है जहाँ से या तो उन्हें सिर्फ अस्थाई रोजगार से संतुष्ट होना पड़ रहा है या फिर ऐसे रास्तों पर चलने की मज़बूरी होती है जहाँ भविष्य को भुलाकर सिर्फ एक एक दिन काटने पड़ते हैं। ऐसे में हम सबका दायित्व बनता है की हम इस भीषण विपत्तिकाल में हमारे युवाओं की मदद करें।  हर युवा के लिए ये संभव नहीं है कि वह स्वयं का व्यापार करे और यदि व्यापार शुरू कर ही लिया हो तो उसे आगे बढ़ा सके।  भारत में नए उद्योग स्थापना एवं उसके स्थायित्व का आंकड़ा बेहद चौंकाने वाला और निराशाजनक है।  एक सर्वेक्षण के मुताबिक देश में भारत में स्टार्टअप की सफलता का दर 0.10 प्रतिशत है अर्थात 10 में से 1 स्टार्टअप ही आगे बह पाता है बाकी 9 स्टार्टअप 4 से लेकर 12 महीने में बंद हो जाते हैं । 

बहरहाल निराशाओं के चाहे लाख कारण हों पर कहावत है कि "हारिये न हिम्मत बिसारिये न राम" इसलिए इस समस्या पर थोड़ा मंथन करते हैं और कोशिश करते है कि रास्ता सहज और सुगम हो परन्तु बिना मेहनत और लगन के कुछ भी संभव नहीं है ।  तो आइये देखते हैं कि आखिर क्या है समाधान?

जब भी हमने किसी स्वरोजगार स्थापना के सम्बन्ध में चर्चा की है तो सबसे पहले यही सवाल आता है कि क्या करें ?? कौन सा व्यवसाय करें ?? लागत कितनी होगी ?? और अंत में यह चर्चा "देखते हैं" या "कोशिश करते हैं" जैसे शब्द के साथ और हताशाजनक भाव में दम तोड़ देती है।  इस स्थिति से कुछ हद तक राहत पाने के लिए आप मेरे  3 - P मॉडल का अध्ययन कर सकते है।  कुछ दिनों की मेहनत से संभव है कि आप किसी अच्छे बिजनेस मॉडल पर काम करने लगें ।  

पीपीपी मॉडल
नए अविष्कारों के बारे में एक कहावत है कि "आवश्यकता ही अविष्कार की जननी है" इसी पर मनन करते हुए मैंने स्वरोजगार के लिए पीपीपी मॉडल की परिकल्पना की है जिसका अर्थ Pain, Pride & Passion   आइये इसे समझें 
१. Pain अर्थात तकलीफ: अपने आस पास लोगों को देखें, उनकी दिनचर्या पर गौर करें और उनकी तकलीफों को समझने की कोशिश करें।  हो सकता है आपको इस तरह अपने नए व्यवसाय के लिए कोई अच्छा आईडिया मिल जाये।  उदाहरण के तौर पर जब किसी ने लोगों को नंगे पैर चलते देखा होगा और उसकी तकलीफ तथा जोखिम को महसूस किया होगा तब उसने जरूर चप्पल जैसी किसी चीज की परिकल्पना की होगी जो आगे चलकर एक बहुत बड़े उद्योग का आधार बना।  इसी तरह प्रतिदिन आप लोगों की परेशानियों का हल ढूँढ़के अपने व्यवसाय का नींव रख सकते हैं।  आगे बढ़ते हैं दुसरे P की ओर.. 

२. Pride अर्थात गौरव:  हर व्यक्ति किसी न किसी तरह से कभी न कभी प्राइड या गौरव महसूस करना चाहता है। यहाँ समस्या का समाधान बनी चप्पल अब गौरव की बात हो गयी।  नए नए ब्रांड के जूते, चप्पलें और न जाने कितने आकार प्रकार और ढंग के बनने लगे जो युवाओं के लिए एक स्टेटस सिम्बल हो गए।  फलां कंपनी का जूता पहनना गर्व की बात हो गयी और आप जानते हैं कि आवश्यकता न होते हुए भी इसका बाजार कितना बड़ा है।  मोरल ऑफ़ द स्टोरी ये है  की एक आईडिया वाकई आपकी दुनिया बदल सकता है।  

३. तीसरा और सबसे सुखद पहलु होता है Passion या जूनून: धीरे धीरे ब्रांडेड जूते गौरव की बात से आगे निकलकर लोगों का जूनून बन गए।  जूते चप्पलों की दुनिया में भूचाल सा आ गया, तरह तरह के जूते और चप्पलें संकलन  किये जाने लगे हैं। शादी पार्टी के अलग, फोटोग्राफी के लिए जंगल जाने के लिए अलग, स्कूल का अलग और ऑफिस का भी.....   हर पोशाक और हर अवसर पर अलग।  

इक छोटा सा कदम आज हजारों करोड़ों की इंडस्ट्री में बदल गया ।

इस तरह किसी एक समस्या का समाधान यदि आपने खोज लिया तो आप इतिहास में उस खोज के जनक माने जायेंगे और रातों रात सफलता की कहानी सात समंदर पार जा फैलेगी।  
तो अब से आप ये कभी मत सोचें कि क्या करें? बल्कि लोगों की समस्याओं, तकलीफों के लिए हल ढूंढिए और खुश रहिये  

मिलते हैं अगले अंक में  

फोटो: गूगल से साभार 


Thursday, August 11, 2022

छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग अंक 28: देवीपुर की महामाया, सूरजपुर

छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग अंक 28: देवीपुर की महामाया, सूरजपुर

छत्तीसगढ़ के उत्तरी - पूर्वी भाग में स्थित सूरजपुर जिला अपने प्राकृतिक सौन्दर्य, प्राचीन धार्मिक स्थलों एवं खुबसूरत जलप्रपातों के लिए प्रसिद्ध है। लगभग प्रत्येक क्षेत्र में स्थित धार्मिक आस्था के केन्द्रों से साथ कोई न कोई कथा जुडी होती है।  बिना मान्यताओं एवं किंवदंतियों के इन धार्मिक स्थानों के सम्बन्ध में जानना ऐसा ही है जैसे बिना आस्था के ईश्वर की आराधना करना।  आज हम बात करेंगे एक ऐसे ही प्राचीन मंदिर के सम्बन्ध में जो सूरजपुर जिला मुख्यालय से 4 किलोमीटर दूर स्थित है। महामाया माता का यह ऐतिहासिक मंदिर समूचे क्षेत्र में श्रद्धालुओं के मध्य अगाध आस्था का प्रतीक है। माना जाता है कि यहाँ माता महामाया की आधी मूर्ति स्थापित है। किंवदंतियों के अनुसार अंबिकापुर राज के राजा ने माता की मूर्ति को अपने यहं ले जाने का प्रयत्न किया और अपने दल बल के साथ चल पड़े परन्तु देवी माँ की एक शर्त थी कि जहाँ सूर्योदय होगा माता वहीँ विराजमान हो जाएँगी।  बीहड़ जंगलों से होकर राजा का कारवां रात भर बिना रुके चलता रहा और इसी वनक्षेत्र में जब सूर्योदय हुआ माता स्वयं स्थापित हो गयीं। सूरज के उदित होने के कारण इस क्षेत्र का नाम सूरजपुर हुआ तथा पूजा स्थल माता के नाम से देवीपुर के रूप में प्रसिद्द हुआ।  मंदिर में प्रवेश करते ही विशाल परिसर है जहाँ माता की मंदिर स्थापित है साथ ही अनेक लोक देवताओं की मूर्तियाँ रखी हुई हैं। मंदिर के सामने एक विशाल तालाब स्थित है जहाँ जिला प्रशासन द्वारा सौंदर्यीकरण का कार्य किया गया है।   यहाँ एक मनोकामना वृक्ष, बजरंग बलि महाराज का विग्रह तथा शंकर जी का शिवलिंग एवं भैरव जी की प्रतिमा भी स्थापित है।  पशुबलि की परंपरा के कारण माना जाता है कि यह पूजा स्थल प्राचीन काल में तंत्र साधना केंद्र रहा होगा। परिसर में कुछ देर बैठकर हमें असीम शांति का अनुभव हुआ।  हम वहां उपस्थित पंडित जी से मंदिर की अनेक अलौकिक कथाओं के बारे में सुनते रहे फिर जब अस्ताचल की ओर बढे हमने भी माता का आशीर्वाद लिया और लौट गए।      

अब आप सब से मुलाकात होगी किसी और धार्मिक या प्राकृतिक दर्शनीय स्थल के विवरण के साथ तब तक 

जय जोहार 


इस शृंखला के सभी अंकों को एक साथ पढने के लिए लॉग इन करें। 

Thegyantalk.blogspot.com  

 देवीपुर की महामाया, सूरजपुर


मनोकामना वृक्ष 
माता महामाया की प्राचीन मूर्ति 





Monday, August 8, 2022

PHOTO STORY 03: PRAYAGRAJ


PHOTO STORY: PRAYAGRAJ

 


Anand Bhawan Museum 


Planetarium





Ganga Aarti


Camel DressedUp


St. Thomas Syrian Orthodox Church, PrayagRaj 

 

छत्तीसगढ़ के रंग देखिए मेरे संग अंक 27 : देवगढ़ का शिव मंदिर

 छत्तीसगढ़ के रंग देखिए मेरे संग: देवगढ़ का शिव मंदिर

नमस्कार मित्रों,
पिछली यात्रा में हम केंदई जलप्रपात से निकल कर आगे बढ़ने लगे तो मार्ग में संस्कृति एवम पुरातत्व विभाग का प्राचीन शिव मंदिर का बोर्ड दिखाई दिया। देवगढ़ नामक यह स्थान सूरजपुर से लगभग 16 किलोमीटर पर स्थित है। किंवदंती के अनुसार देवगढ़ जमदग्नि ऋषि की साधना स्थली थी तथा इसी स्थान पर ऋषि जमदग्नि एवम राजा सहस्त्रार्जन के मध्य भीषण युद्ध हुआ था।
यहां भगवान परशुराम का आश्रम भी था । यहां से बहने वाली रेंड नदी का नाम माता रेणुका के नाम पर पड़ा ऐसा माना जाता है। यहां स्थित मंदिर के गर्भगृह में एकमुखी शिवलिंग स्थापित हैं जिन्हें एकलिंग भी कहा जाता है । इस शिवलिंग के मध्यभाग पर शक्ति स्वरूपा माता पार्वती जी नारी रूप में अंकित हैं। इस शिवलिंग को शास्त्रो में अर्द्ध नारीश्वर की उपाधि दी गई है तथा इसे गौरी शंकर भी कहते
इसके अतिरिक्त यहां नदी देवी, भगवान सूर्य, उमा-महेश्वर एवं मुखलिंग आदि भी प्राप्त हुए हैं। संस्कृति तथा पुरातत्व विभाग के सूचना फलक पर दी गई जानकारी के अनुसार यह मंदिर 11वीं 12वीं सदी के मध्य निर्मित है।
मंदिर परिसर में एक प्राचीन वट वृक्ष है जो शायद 200 वर्ष पुराना है (जैसा कि यहां पंडित जी ने बताया)
यहां मंदिर परिसर के चहुंओर अनेक मूर्तियां खुले आसमान के नीचे बिखरी हुई हैं जिसके अध्ययन एवम शोध की आवश्यकता है।
कुछ मूर्तियों की तस्वीरें साझा कर रहा हूं, जिन्हें भी इनके संबंध में जानकारी हो कृपया सहृदयता पूर्वक साझा करें।
मिलते हैं अगले अंक में
जब तक जय जोहार






मंदिर परिसर में स्थित लोक देवताओं के अवशेष

देवगढ के मंदिर परिसर में स्थित अक्षय वट


शिवलिंग पर अंकित शक्तिस्वरूपा माता पर्वती की मुखाकृति

देवगढ़ स्थित एकलिंग का प्राचीन मंदिर

Sunday, July 31, 2022

छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग अंक 26: केंदई जलप्रपात

केंदई जलप्रपात: बारिश के मौसम में प्रकृति प्रेमियों के लिए एक शानदार जलप्रपात   

नमस्कार मित्रों,

छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक सुन्दरता वर्षा ऋतु में अपने चरम पर होती है, हरे भरे वनक्षेत्र, कल कल करती नदियाँ एवं मन मोह लेने वाले जलप्रपात प्रकृति प्रेमियों को सहज ही अपनी ओर आकर्षित करते हैं । आज आपको ले चलते हैं कोरबा जिले के एक बहुत ही खुबसूरत  "केंदई जलप्रपात" की सैर पर ।

छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में स्थित पर्यटन स्थलों की चर्चा हो और तो सबसे पहला नाम जो जहन में आता है वह है केंदई जलप्रपात का, यह जलप्रपात जिले का सबसे खूबसूरत जलप्रपात है। 

केंदई वॉटरफॉल जिला मुख्यालय से लगभग 90 किलोमीटर दूर बिलासपुर-अंबिकापुर राज्य राजमार्ग 130  पर केंदई ग्राम में स्थित है। इस झरने के समीप ही स्‍वामी सदानंद जी का आश्रम स्थित हैं जहाँ श्रद्धालुओं के लिए रुकने की व्यवस्था है । यहाँ सुरक्षा की दृष्टि से शासन द्वारा वाच टावर, फेसिंग तथा सीढियों का निर्माण किया गया है। लगभग 75 फीट की ऊंचाई से गिरने वाले इस जलप्रपात को सीढियों से उतरकर इसके भव्य रूप को निहारना एक अलौकिक अनुभव प्रदान करता है । जलप्रपात की गरजती जलधारा और चट्टानों से टकराकर उड़ते जलकण किसी परिकथा की परिकल्पना का रूप साकार करते हैं । 

बिलासपुर से केंदई फॉल की दुरी 133 किलोमीटर तथा राजधानी रायपुर से 248 किलोमीटर पर स्थित है। तो इस सप्ताहांत आप भी जाइये और प्रकृति से निकटता का अनुभव लीजिये । 







Sunday, July 24, 2022

छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग अंक 25: ओनाकोना का भव्य शिव मंदिर

छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग : ओनाकोना का भव्य शिव मंदिर 

नमस्कार मित्रों 

आज आपको छत्तीसगढ़ के एक ऐसे अनोखे स्थान की सैर पर ले चलता हूँ जहाँ आपको समुद्र तट पर उठ रही लहरों का जैसे शोर सुनाई देगा और दक्षिण भारत के खुबसूरत मंदिरों की तरह एक भव्य, खुबसूरत एवं अनोखा मंदिर दिखाई देगा। 

यह स्थान राष्ट्रीय राजमार्ग 30 में रायपुर से बस्तर मार्ग पर राजधानी रायपुर से लगभग 90 किलोमीटर तथा धमतरी से 35 किलोमीटर दक्षिण में घने वनक्षेत्र में स्थित है। बरसात की एक सुबह हम ऐसे ही किसी कहानी की खोज में निकल पड़े तो संयोग से इस स्थान का ध्यान आया । इस स्थान का नाम तथा यहाँ स्थित मंदिर से जुड़े किस्से भी बहुत दिलचस्प हैं। इस छोटे से गाँव का नाम है ओनाकोना जिसका अर्थ है कोने में बसा हुआ गुमनाम गाँव है।  कुछ स्थानीय लोगों के अनुसार यह गाँव बहुत पुराना है पर राष्ट्रीय राजमार्ग से इतने पास होने के बावजूद यह शहर से दूर किसी पुराकालीन गाँव जैसा लगता है।  यह धमतरी स्थित गंगरेल जलाशय के दुसरे छोर पर डूबान क्षेत्र में स्थित टापू की तरह है अतः मंदिर के आसपास यहा जलाशय में वर्ष भर पानी रहता है |  विशाल जलराशि के किनारे बना ओनाकोना का शिवमंदिर पर्यटकों के लिए कौतुहल का विषय है। स्थानीय लोगों ने हमें बताया कि इस मंदिर का निर्माण धमतरी के एक व्यापारी तीरथ राज फुटान के द्वारा नासिक स्थित श्री त्रयंबकेश्वर ज्योतिर्लिंग धाम की तर्ज पर कराया जा रहा है तथा वर्तमान में इस मंदिर का निर्माण कार्य चल रहा है | इस मंदिर को ताम्रकेश्वर शिव मंदिर मंदिर भी कहा जाता है , यहा की मूर्ति कला अत्यंत खूबसूरत है |

शाम के समय जब हम यहाँ पहुंचे तो स्थानीय मछुआरों के द्वारा पर्यटकों को नौका विहार कराया जा रहा है ।भव्य मंदिर अपने विराट स्वरुप में हमारे सामने खड़ा था । प्रकृति की गोद में बसे इस गुमनाम सी जगह पर आकर हमें  असीम शांति का अनुभव प्राप्त हुआ । आसमान में बादल छाने लगे थे और घाट पर छोटी बड़ी लहरें टकरा रही थी जिससे श्री जगन्नाथ पूरी के तट पर होने का एहसास हो रहा था । हवाएं तेज चलने लगीं और बादल उमड़ घुमड़ कर गहराने लगे ।  घर लौटने से पहले हमने उस खुबसूरत जगह के ढेर सारे चित्र लिए और पास की टपरी में अदरक वाली चाय पीकर वापस लौट गए । बारिश शुरू हो चुकी थी और हमारी कार जंगल की हरियाली के बीच आगे बढ़ने लगी । हम चलते चलते उस स्थान पर ईको पर्यटन की अनंत संभावनाओं पर चर्चा करने लगे । मुझे विश्वास है कि आने वाले दिनों में इस स्थान का नाम छत्तीसगढ़ के ग्रामीण पर्यटन के क्षेत्र में अग्रणी रहेगा ।

मिलते हैं अगले अंक में 

तब तक जय जोहार 


नौका विहार 

भगवन शिव का निर्माणाधीन मंदिर

गगनचुम्बी शिखर 


तट पर खड़ी नौकाएं 

छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग अंक 43: छत्तीसगढ़ की पुण्य धरती राजिम

  छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग अंक 43: छत्तीसगढ़ की पुण्य धरती राजिम नमस्कार मित्रों, पवित्र “माघ” का मास चल रहा है, माघ का महीना हमार...