छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग : ओनाकोना का भव्य शिव मंदिर
नमस्कार मित्रों
आज आपको छत्तीसगढ़ के एक ऐसे अनोखे स्थान की सैर पर ले चलता हूँ जहाँ आपको समुद्र तट पर उठ रही लहरों का जैसे शोर सुनाई देगा और दक्षिण भारत के खुबसूरत मंदिरों की तरह एक भव्य, खुबसूरत एवं अनोखा मंदिर दिखाई देगा।
यह स्थान राष्ट्रीय राजमार्ग 30 में रायपुर से बस्तर मार्ग पर राजधानी रायपुर से लगभग 90 किलोमीटर तथा धमतरी से 35 किलोमीटर दक्षिण में घने वनक्षेत्र में स्थित है। बरसात की एक सुबह हम ऐसे ही किसी कहानी की खोज में निकल पड़े तो संयोग से इस स्थान का ध्यान आया । इस स्थान का नाम तथा यहाँ स्थित मंदिर से जुड़े किस्से भी बहुत दिलचस्प हैं। इस छोटे से गाँव का नाम है ओनाकोना जिसका अर्थ है कोने में बसा हुआ गुमनाम गाँव है। कुछ स्थानीय लोगों के अनुसार यह गाँव बहुत पुराना है पर राष्ट्रीय राजमार्ग से इतने पास होने के बावजूद यह शहर से दूर किसी पुराकालीन गाँव जैसा लगता है। यह धमतरी स्थित गंगरेल जलाशय के दुसरे छोर पर डूबान क्षेत्र में स्थित टापू की तरह है अतः मंदिर के आसपास यहा जलाशय में वर्ष भर पानी रहता है | विशाल जलराशि के किनारे बना ओनाकोना का शिवमंदिर पर्यटकों के लिए कौतुहल का विषय है। स्थानीय लोगों ने हमें बताया कि इस मंदिर का निर्माण धमतरी के एक व्यापारी तीरथ राज फुटान के द्वारा नासिक स्थित श्री त्रयंबकेश्वर ज्योतिर्लिंग धाम की तर्ज पर कराया जा रहा है तथा वर्तमान में इस मंदिर का निर्माण कार्य चल रहा है | इस मंदिर को ताम्रकेश्वर शिव मंदिर मंदिर भी कहा जाता है , यहा की मूर्ति कला अत्यंत खूबसूरत है |
शाम के समय जब हम यहाँ पहुंचे तो स्थानीय मछुआरों के द्वारा पर्यटकों को नौका विहार कराया जा रहा है ।भव्य मंदिर अपने विराट स्वरुप में हमारे सामने खड़ा था । प्रकृति की गोद में बसे इस गुमनाम सी जगह पर आकर हमें असीम शांति का अनुभव प्राप्त हुआ । आसमान में बादल छाने लगे थे और घाट पर छोटी बड़ी लहरें टकरा रही थी जिससे श्री जगन्नाथ पूरी के तट पर होने का एहसास हो रहा था । हवाएं तेज चलने लगीं और बादल उमड़ घुमड़ कर गहराने लगे । घर लौटने से पहले हमने उस खुबसूरत जगह के ढेर सारे चित्र लिए और पास की टपरी में अदरक वाली चाय पीकर वापस लौट गए । बारिश शुरू हो चुकी थी और हमारी कार जंगल की हरियाली के बीच आगे बढ़ने लगी । हम चलते चलते उस स्थान पर ईको पर्यटन की अनंत संभावनाओं पर चर्चा करने लगे । मुझे विश्वास है कि आने वाले दिनों में इस स्थान का नाम छत्तीसगढ़ के ग्रामीण पर्यटन के क्षेत्र में अग्रणी रहेगा ।
मिलते हैं अगले अंक में
तब तक जय जोहार




No comments:
Post a Comment