छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग: माता के मंदिरों से भालुओं का अलौकिक लगाव
नमस्कार मित्रों
छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग की 23वीं कड़ी में आज चर्चा करेंगे छत्तीसगढ़ के दो ऐसे देवी मंदिरों के सम्बन्ध में जिनका प्रकृति के साथ एक अलौकिक सम्बन्ध है। चहुँ ओर से वनाच्छादित छत्तीसगढ़ राज्य में देवियों के अनेक रूप हैं जिनमें स्थानीय लोगों की अगाध श्रद्धा है। राज्य के ऐसे ही दो देवी मंदिर हैं जो वनक्षेत्रों में स्थित हैं जहाँ प्रतिदिन संध्या आरती के समय भालुओं का परिवार पहाड़ियों से उतरकर भक्तों के बीच शामिल हो जाता है। श्रद्धालु अपने बीच भालुओं को पाकर रोमांचित तथा उत्साहित हो जाते हैं। पूरी तरह स्वछन्द ये वन्यजीव अत्यंत सहजता के साथ भक्तों के बीच न केवल उपस्थित रहते हैं बल्कि श्रद्धालुओं द्वारा दिए जाने वाले प्रसाद भी अत्यंत शालीनता के साथ ग्रहण करते हैं और माता की आरती के बाद वापस वनक्षेत्र में लौट जाते हैं। आइये संक्षिप्त में जानते हैं दोनों मंदिरों के बारे में
1. मुंगई माता मंदिर: माता का यह मंदिर राष्ट्रीय राजमार्ग 53 में रायपुर से
लगभग 82 किलोमीटर तथा पटवा से 6 किलोमीटर पर बावनकेरा नामक गांव के समीप स्थित है। राष्ट्रीय राजमार्ग के समीप पहाड़ियों के बीच स्थित होने के कारण भरी मात्रा में प्रकृति प्रेमी यहाँ पहाड़ी की चोटी में चढ़कर आसपास के वनक्षेत्र के विहंगम दृश्य को अपने कैमरे में कैद करते हैं। मुंगई माता को माता दुर्गा का ही एक अवतार माना जाता है।
2. चंडी माता मंदिर, घुंचापाली, बागबहरा: माता का यह मंदिर रायपुर से लगभग 90 किलोमीटर तथा महामुन्द से 38 किलोमीटर दूर पहाड़ी पर स्थित है। मुंगई माता मंदिर की तरह यहाँ भी प्रतिदिन संध्या आरती के समय भालुओं का परिवार यहाँ आता है तथा भक्तों के बीच रहकर व प्रसाद ग्रहण कर वापस वनों में चला जाता है। वर्तमान में यहाँ 4 भालुओं का परिवार आता है जिसमें एक मादा तथा 3 शावक हैं।
तो मित्रों है न ये आश्चर्यजनक एवं अलौकिक ? आप सब भी इस खुबसूरत घटना के साक्षी बनने जरुर जाएँ। हालाँकि भक्त जन यहाँ भालुओं को अपने हाथों से प्रसाद खिलते हैं परन्तु आप सबसे निवेदन है कि इन वनजीवों से सुरक्षित बनाये दुरी रखें ताकि कभी भी कोई अप्रिय घटना न होने पाए।
मिलते हैं अगले पड़ाव में तब तक घूमते रहिये, प्रसन्न रहिये
आप सबको
राम राम जय जोहार























