छत्तीसगढ़ के रंग देखिए मेरे संग : कोतेबीरा जलप्रपात एवं शिव धाम
नमस्कार मित्रों,
छत्तीसगढ़ के रंग देखिए मेरे संग की यात्रा में जैसे जैसे हम आगे बढ़ रहे हैं, हमें छत्तीसगढ़ के विविध रूपों के दर्शन हो रहे हैं l कहीं प्राचीन धार्मिक मान्यताएं हैं तो कहीं पुराकालीन साक्ष्य l कहीं अचंभित करने वाले किस्से कहानियां है तो कहीं रंग बिरंगी परम्पराएँ l अपनी यात्रा के अगले पड़ाव में हम कौतुहलवश आगे बढ़ते हैं और पहुँच जाते हैं छत्तीसगढ़ के उत्तरी क्षेत्र में स्थित जशपुर जिले के "नागलोक" के नाम से प्रसिद्द ग्राम तपकरा से लगभग 10 किलोमीटर दूर स्थित "कोतेबीरा जलप्रपात एवं शिव धाम" में l
किंवदंती के अनुसार द्वापर युग में पांडवों ने अपने अज्ञातवास के समय यहाँ कुछ समय व्यतीत किया थाl उन्होंने स्नानादि के लिए नदी की पूजा अर्चना कर उनकी अनुमति से कुछ चट्टानों को नदी के मध्य रखकर अस्थाई रूप से पानी की धार की रोका ताकि सभी स्नान आदि कर सकें, इसके साक्ष्य के रूप में वहां नदी के आसपास तथा मध्य भाग में अनेक विशाल चट्टान फैले हुए हैं तथा मध्य भाग में सुन्दर जलप्रपात अनवरत प्रवाहित हैl
स्थानीय लोक कथाओं के अनुसार यहाँ आसपास के क्षेत्र में एक राजा थे जिनके पास अपार धन सम्पदा थी तथा स्वर्ण मुद्राओं से भरे अनेक पात्र थे l दुश्मनों एवं राक्षस लुटेरों से बचने के लिए राजा ने अपनी समस्त स्वर्ण मुद्राएँ नदी के बीच स्थित चट्टानों से घिरे टापू में रेत के टीलों के नीचे छुपाकर रख दिया तथा उनके ऊपर बड़े बड़े चट्टान रख दिए l राजा ने सुरक्षा की दृष्टि से वहां दो बहादुर वीरों को तैनात किया तथा अपना राज काज करने लगे l स्वर्ण मुद्राओं का आभास होने पर एक दिन नदी ने राजकुमारी का रूप धरा और टापू में आ गयीं, उन्होंने तब स्वर्ण मुद्राओं की सुरक्षा में तैनात वीरों को देखा और उनसे पूछा कि क्या किसी ने स्वर्ण मुद्राओं की रखवाली के लिए मुझसे आज्ञा ली थी ? मुझे हर पूर्णिमा को एक स्वर्ण मुद्राएँ चाहिए तभी इस स्वर्ण भण्डार की सुरक्षा करुँगी ? यह सुनकर दोनों बहादुर सिपाहियों ने राजकुमारी का रूप धरे नदी को सुकुमारी समझ उनका उपहास उड़ाया और उन्हें वहां से शीघ्र ही लौट जाने को कहा l इस अपमान से व्यथित नदी ने शाप दिया जिसके परिणामस्वरूप दोनों वीर वहां से लापता हो गए तथा स्वर्ण मुद्राएँ धीरे धीरे नदी के जल में घुलकर बहने लगी l
कुछ दिनों बाद राजा अपनी स्वर्ण मुद्राओं को देखने की मंशा से अपनी सेना सहित वहां पधारे और दोनों वीर सिपाहियों को वहां न पाकर उन्हें पुकारने लगे तथा पूछने लगे कोते बीरा अर्थात वीर कहाँ गए, वीर कहाँ गए? इसी घटना के कारण इस स्थान का नाम कोतेबीरा हुआ l
राजा की आवाज सुनकर नदी ने पुनः राजकुमारी का रूप धरा और सामने आकर राजा को सारा किस्सा कह सुनाया l राजा अत्यंत दुखी हुए एवं उन्होंने नदी से क्षमा याचना की और अपने स्वर्ण मुद्राओं की मांग करने लगे, राजकुमारी ने एक पात्र में अपना जल भरकर दिया और कहा "हे राजन आप मेरा जल ले जाकर अपने महल में रखो, यह स्वर्ण मिश्रित जल है, रोज सुबह इस पात्र में जल के नीचे एकत्रित स्वर्ण कण आपको प्राप्त होगा और आप का राज पाठ चलता रहेगा", इतना कहकर राजकुमारी नदी में विलीन हो गयीं l
माना जाता है कि इस घटना के पश्चात आज तक ईब नदी के जल से स्वर्ण कण का मिलना निरंतर जारी है, अर्थात नदी के शाप से आज भी स्वर्ण मुद्राएँ जल में मिश्रित होकर निरंतर बह रही हैं l
तो मित्रों है न हमारा छत्तीसगढ़ अद्भुत!
मिलते हैं अगले अंक में
तब तक जय जोहार




No comments:
Post a Comment