Saturday, July 9, 2022

छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग अंक 23 : माता के मंदिरों से भालुओं का अलौकिक लगाव

 छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग: माता के मंदिरों से भालुओं का अलौकिक लगाव 


नमस्कार मित्रों 

छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग की 23वीं कड़ी में आज चर्चा करेंगे छत्तीसगढ़ के दो ऐसे देवी मंदिरों के सम्बन्ध में जिनका प्रकृति के साथ एक अलौकिक सम्बन्ध है। चहुँ ओर से वनाच्छादित छत्तीसगढ़ राज्य में देवियों के अनेक रूप हैं जिनमें स्थानीय लोगों की अगाध श्रद्धा है।  राज्य के ऐसे ही दो देवी मंदिर हैं जो वनक्षेत्रों में स्थित हैं जहाँ प्रतिदिन संध्या आरती के समय भालुओं का परिवार पहाड़ियों से उतरकर भक्तों के बीच शामिल हो जाता है। श्रद्धालु अपने बीच भालुओं को पाकर रोमांचित तथा उत्साहित हो जाते हैं।  पूरी तरह स्वछन्द ये वन्यजीव अत्यंत सहजता के साथ भक्तों के बीच न केवल उपस्थित रहते हैं बल्कि श्रद्धालुओं द्वारा दिए जाने वाले प्रसाद भी अत्यंत शालीनता के साथ ग्रहण करते हैं और माता की आरती के बाद वापस वनक्षेत्र में लौट जाते हैं। आइये संक्षिप्त में जानते हैं दोनों मंदिरों के बारे में

1.   मुंगई माता मंदिर:  माता का यह मंदिर राष्ट्रीय राजमार्ग 53 में रायपुर से 

लगभग 82 किलोमीटर तथा पटवा से 6 किलोमीटर पर बावनकेरा नामक गांव के समीप स्थित है। राष्ट्रीय राजमार्ग के समीप पहाड़ियों के बीच स्थित होने के कारण भरी मात्रा में प्रकृति प्रेमी यहाँ पहाड़ी की चोटी में चढ़कर आसपास के वनक्षेत्र के विहंगम दृश्य को अपने कैमरे में कैद करते हैं। मुंगई माता को माता दुर्गा का ही एक अवतार माना जाता है।

2. चंडी माता मंदिर, घुंचापाली, बागबहरा: माता का यह मंदिर रायपुर से लगभग 90 किलोमीटर तथा महामुन्द से 38 किलोमीटर दूर पहाड़ी पर स्थित है। मुंगई माता मंदिर की तरह यहाँ भी प्रतिदिन संध्या आरती के समय भालुओं का परिवार यहाँ आता है तथा भक्तों के बीच रहकर व प्रसाद ग्रहण कर वापस वनों में चला जाता है।  वर्तमान में यहाँ 4 भालुओं का परिवार आता है जिसमें एक मादा तथा 3 शावक हैं।  


तो मित्रों है न ये आश्चर्यजनक एवं अलौकिक ? आप सब भी इस खुबसूरत घटना के साक्षी बनने जरुर जाएँ।  हालाँकि भक्त जन यहाँ भालुओं को अपने हाथों से प्रसाद खिलते हैं परन्तु आप सबसे निवेदन है कि इन वनजीवों से सुरक्षित बनाये दुरी रखें ताकि कभी भी कोई  अप्रिय घटना न होने पाए। 


मिलते हैं अगले पड़ाव में तब तक घूमते रहिये, प्रसन्न रहिये 

आप सबको 

राम राम जय जोहार 



मुंगई माता, बावनकेरा 
चंडी माता मंदिर घुंचापाली 

मंदिर परिसर में भालू 

  

Saturday, July 2, 2022

छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग अंक 22 : स्वयंभू भगवान भूतेश्वर महादेव

छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग : स्वयंभू भगवन भूतेश्वर महादेव
एक अद्भुत शिवलिंग जिसका आकार प्रतिवर्ष बढ़ रहा है ।

नमस्कार मित्रों,
छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग की 22 वीं कड़ी में आज आपको एक ऐसे स्वयंभू भगवान भूतेश्वर महादेव (शिवलिंग) के दर्शन को लेकर चलता हूँ जिनके बारे में प्रसिद्द है कि इस स्वयंभू शिवलिंग का आकार प्रतिवर्ष बढ़ रहा है । राजधानी रायपुर से लगभग 91 किमी. दूर गरियाबंद जिला मुख्यालय से लगभग 3 किलोमीटर दूर एक छोटे से गाँव मरौदा में सघन वनों के मध्य यह स्वयंभू शिवलिंग स्थित है जिसे भूतेश्वर नाथ के नाम से जाना जाता है ।  

भूतेश्वर नाथ महादेव के पृष्ठ भाग में भगवान शिव की प्रतिमा विराजित है, जहाँ भगवान शिव, माता पार्वती, भगवान गणेश, भगवान कार्तिक, नंदी जी के साथ विराजमान है। शिवलिंग मे एक दरार होने के कारण इसे अर्धनारीश्वर के रूप मे पूजा जाता हैं। 

इस स्वयंभू शिवलिंग का बढ़ता हुआ आकार आज भी आश्चर्य एवं शोध का विषय है। स्थानीय लोगों की मानें तो शिवलिंग का आकार प्रतिवर्ष 5 से 6 इंच तक बढ़ रहा है। जानकारों के अनुसार पुरातत्व विभाग द्वारा प्रतिवर्ष इस शिवलिंग की जाँच की जाती है तथा शिवलिंग के बढ़ने की पुष्टि की गयी है।  स्थानीय लोगों में इस शिवलिंग से सम्बद्ध एक और किंवदंती प्रचलित है जिसके अनुसार शिवलिंग से समय समय पर गाय के रंभाने जैसी आवाज आती है इस आश्चर्यजनक घटना के कारण स्थानीय जन इसे भकुर्रा महादेव के नाम से भी जानते हैं ।

सावन के महीने में यहाँ भक्तों का विशाल मेला लगता है । सावन का महिना आने को है तो आप सभी अपने ईष्ट मित्रों सहित इस पवित्र स्वयंभू शिवलिंग के दर्शन अवश्य करें।

मिलते हैं अगली कड़ी में 
तब तक सभी को मेरा नमस्कार 
जय जोहार 

Copyright: Gyanendra Padey 
TheGyantalk.Blogspot.com 







Saturday, June 25, 2022

छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग अंक 21: माता कौशल्या मंदिर चन्द्रखुरी

छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग: माता कौशल्या मंदिर चन्द्रखुरी

नमस्कार मित्रों,

मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान् श्री राम का हमारे छत्तीसगढ़ राज्य से विशेष सम्बन्ध है यह बात हम सभी जानते हैं।  छत्तीसगढ़ राज्य के लोग भगवान श्रीराम को अपना भांजा मानते हैं क्योंकि माता कौशल्या जो कोशल क्षेत्र की बेटी एवं राजा दशरथ की पत्नी थीं, का जन्मस्थान राज्य की राजधानी से लगभग 27 किलोमीटर दूर चंद्रखुरी गाँव को माना जाता है। स्थानीय जानकारों एवं मान्यताओं के अनुसार माता कौशल्या के मंदिर का निर्माण 7वीं – 8वीं शताब्दी में सोमवंशी राजाओं द्वारा करवाया गया था, तथा कालांतर में मंदिर के क्षतिग्रस्त होने पर अनेकों बार पुनर्निर्मित किया गया । मंदिर के वर्तमान स्वरुप का निर्माण 1973 में कराया गया माना जाता है।

चंदखुरी गांव में जलसेन तालाब के मध्य में माता कौशल्या का प्राचीन मंदिर स्थित है जो कि पूरी दुनिया में माता कौशल्या का इकलौता मंदिर है।

वर्तमान में इस मंदिर परिसर में प्रदेश सरकार के द्वारा निर्माण किया जा रहा है। यहां भगवान श्रीराम की लगभग 100 फीट ऊंची भव्य मूर्ति स्थापित की गई है। यह मंदिर चहुंओर से विशाल तालाब से घिरा हुआ है। प्रदेश सरकार इसे धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित कर रही है। मंदिर प्रांगण में माता कौशल्या के अतिरिक्त अनेक देवी देवताओं की मूर्तियां स्थापित हैं। मंदिर प्रांगण के चारों ओर फैली विशाल जलराशि में समुद्र मंथन तथा शेष शैय्या पर विराजित भगवान विष्णु व माता लक्ष्मी की मूर्ति स्थापित है।

मित्रों आप सब भी सप्ताहांत में सपरिवार माता कौशल्या तथा रामलला के दर्शन को जरुर जाएँ एवं दर्शन लाभ लें । महाकवि संत श्री तुलसी दास जी ने कहा है:  

“एक घडी आधो घडी, आधो के पुनि आध, तुलसी चर्चा राम की कटही कोटि अपराध।    

 

मिलते हैं अगले पड़ाव की ओर

तब तक आप सबको जय जोहार, प्रणाम, राम राम  

 





Saturday, June 18, 2022

छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग अंक 20: कुनकुरी का महा गिरिजाघर

 छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग:  कुनकुरी का महा गिरिजाघर 

नमस्कार मित्रों,

छत्तीसगढ़ प्रदेश की अनेक विशेषताओं में एक विशेषता यह भी है कि हमारे प्रदेश में प्रत्येक धर्म के पूजा स्थल हैं जहाँ लोग सामान रूप से ईश्वर की प्रार्थना करने जाते हैं।  प्रदेश में हिन्दू, बौद्ध, जैन, मुस्लिम, सिख एवं इसाई सभी धर्मों के धार्मिक पर्यटन स्थल हैं जहाँ विशिष्ट अवसरों पर श्रद्धालुओं का मेला लगता है। आइये चलते हैं ऐसे ही एक धार्मिक स्थल में जहाँ वर्ष में लाखों की संख्या में श्रद्धालु आते हैं। 

जैसा कि  पिछले अंकों में हमने देखा कि में जशपुर जिला अपनी समृद्ध जैव विविधता के साथ साथ  नैसर्गिक तथा धार्मिक पर्यटन का केंद्र भी है। धर्मिक महत्त्व के इन स्थलों में एक नाम प्रमुखता से आता है कुनकुरी के चर्च का जिसे महागिरिजा घर भी कहा जाता है। कुनकुरी का यह चर्च जशपुर जिला मुख्यालय से लगभग 40 किलोमीटर दूर कुनकुरी शहर में स्थित है ।

इस चर्च की विशेषता यह है कि इस चर्च को एशिया का दूसरा सबसे बड़ा चर्च होने का गौरव प्राप्त है जिसमें लगभग 10000 से अधिक लोग एक साथ प्रार्थना कर सकते हैं। संभवतः यही कारण है की इसका नाम महागिरिजाघर भी है . 

स्थानीय लोगों में इस महागिरिजाघर  के प्रति अत्यंत श्रद्धा है, श्रद्धालु यहाँ प्रतिदिन प्रार्थना करने आते हैं। इस चर्च की वास्तुकला बेहद आकर्षक है, यही कारण है कि श्रद्धालु दूर दूर से इसकी एक झलक पाने के लिए खींचे चले आते हैं एवं इसकी बेजोड़ सुन्दरता को अपने कैमरे में कैद करके ले जाते हैं।  बताया जाता है कि  इस चर्च के विभिन्न अंगों को अलग अलग स्थानों से लाया गया है जैसे – चर्च के छत को उड़ीसा के राउरकेला से, खिडकियों में बने संस्कार झारखण्ड से , इस चर्च में लगे घंटी को केरल से और क्रॉस के उपर बने कबूतर जिसे पवित्र आत्मा का प्रतीक माना जाता है उसे छत्तीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र से लाया गया है। 

इस पवित्र महागिरिजघर का कुनकुरी शहर के विकास में महत्वपूर्ण योगदान है। चर्च के निर्माण के बाद यहाँ लोयोला स्कूल तथा होलीक्रॉस अस्पताल का निर्माण हुआ एवं कुनकुरी जो पूर्व में एक छोटा सा गाँव था, धीरे धीरे आज कुनकुरी शहर बन चूका है।

तो मित्रों जब भी आप जशपुर क्षेत्र में घुमने जाएँ एक बार कुनकुरी का यह महा गिरिजाघर अवश्य देखें 

कुनकुरी का महागिरिजाघर 



Saturday, June 11, 2022

छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग अंक 19: मयाली नेचर कैंप और विश्व का सबसे विशाल शिवलिंग

छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग :मयाली नेचर कैंप और विश्व का सबसे विशाल शिवलिंग

नमस्कार मित्रों, 

छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग के अब तक के अंकों में आपने प्रदेश के अनेक अद्भुत एवं प्राकृतिक रूप से सुन्दर स्थानों का मेरे साथ भ्रमण किया जिनमें ईको पर्यटन स्थल, जंगल, झरने, पुराकालीन अवशेष, धार्मिक मान्यताओं से जुडी किंवदंतियाँ, भित्तिचित्र तथा रोचक कहानियां शामिल हैं । मित्रों, आगामी अंकों में भी यह क्रम जारी रहेगा, यदि आप किसी स्थान विशेष के सम्बन्ध में जानकारी देना चाहते हैं या जानना चाहते हैं तो टिप्पणी में अवश्य लिखें ताकि उन स्थानों को श्रृंखला में शामिल किया जा सके ।
आइये चलते हैं अपने अगले पड़ाव की ओर..
प्रदेश में अब मानसून दस्तक देने को है और गर्मी की छुट्टियों के कुछ दिन शेष बचे हैं ऐसे में मैं आपको एक ऐसी जगह लेकर चलता हूँ जहाँ आप परिवार के साथ आराम से गुणवत्तायुक्त समय (Quality Time) बिता सकते हैं । जशपुर जिले के कुनकुरी से लगभग 12 किलोमीटर पर देवबोरा नामक स्थान में मयाली जलाशय स्थित है जिसके तट पर स्थित है मयाली नेचर कैंप ।
जलाशय के तट पर स्थित होने के कारण यहाँ अत्यंत ही मनोरम दृश्य दिखाई देता है । जलाशय की विशाल जलराशि तथा पृष्टभूमि में दूर तक फैले हरित वन अलौकिक शांति का अनुभव प्रदान करते हैं । मयाली नेचर कैंप में रात्रि विश्राम के लिए कैंप की व्यवस्था है जहाँ आप आराम से परिवार के संग रह सकते हैं । यहाँ आपको बोटिंग, कैम्पिंग, ट्रैकिंग सहित स्थाई समितियों द्वारा परोसे जाने वाले स्वादिष्ट भोजन का आनंद भी मिलेगा। बच्चों के लिए यहाँ एक सुन्दर उद्यान बनाया गया है जहाँ विविध प्रकार के झूले लगाये गए हैं । मयाली नेचर कैंप प्रदेश में हो रहे ईको पर्यटन केन्द्रों के विस्तार एवं विकास का एक शानदार उदाहरण है ।
मयाली नेचर कैंप से बहार निकलते ही कुछ दूरी पर सड़क की बायीं ओर आपको विशाल मधेश्वर पर्वत रूपी विश्व के सबसे विशाल शिवलिंग के दर्शन होंगे । यह एक 300 मीटर ऊँचा पर्वत है जिसकी आकृति शिवलिंग के सामान होने के कारण स्थानीय लोगों की इस विशाल शिवलिंग में अगाध श्रद्धा है तथा इसे विश्व का सबसे बड़ा शिवलिंग होने का गौरव प्राप्त है। यहाँ सावन माह में शिवभक्तों का विशाल मेला लगता है । यह स्थान कुनकुरी से 12 किलोमीटर दूर स्थित है ।
मिलते हैं अगले अंक में तब तक
जय जोहार

मधेश्वर शिवलिंग 


मयाली नेचर कैंप के ईको कैंप 


मयाली जलाशय का विहंगम दृश्य 
 

Friday, June 3, 2022

छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग अंक 18: सारुडीह चाय बागान और सोगड़ा आश्रम जशपुर

छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग

सारुडीह चाय बागान और सोगड़ा आश्रम  जशपुर 

नमस्कार मित्रों,

छत्तीसगढ़ राज्य के  उत्तर-पूर्व में स्थित, जशपुर जिला अपने घने वनों  एवं जैव विविधता के कारण प्रदेश भर में प्रसिद्द है। जिले के उत्तरी क्षेत्र में पहाड़ियों की एक लंबी श्रृंखला है, जहाँ स्थित सदाबहार हरित वनों से आच्छादित घाटियों का नैसर्गिक सौन्दर्य मन मोह लेती हैं। छोटा नागपुर पठार के पश्चिमी क्षेत्र में स्थित जशपुर का नाम पहले यशपुर पश्चात् जगदीशपुर था, वर्तमान में इसे जशपुर के नाम से जाना जाता है। जशपुर जिले में ईको पर्यटन की दृष्टि से अनेक ऐसे स्थान है जिन्हें देखने की इच्छा प्रत्येक प्रकृति प्रेमी को अवश्य होगी। आइये चलते हैं जशपुर जिले के कुछ ऐसे ही खुबसूरत स्थानों की सैर पर जहाँ आप एक बार अवश्य जाना चाहेंगे। शुरुआत करते हैं जशपुर से 10 किलोमीटर दूर प्रसिद्ध अघोर संत अवधूत भगवान राम द्वारा स्थापित सोगड़ा आश्रम से । 

सोगड़ा आश्रम की स्थापना  

सोगड़ा आश्रम की स्थापना के सम्बन्ध में कोई प्रमाणिक तथ्य उपलब्ध नहीं है परन्तु कहा जाता है कि सन 1960 आदि शक्ति मां सर्वेश्वरी की स्थापना सोगड़ा आश्रम में की गई, स्थापना होने के बाद अवधूत भगवान राम बाबा ने ट्रस्ट की स्थापना की और इसके माध्यम से वन प्रांत में निवासरत गरीब लोगों की सेवा में जुट गए। धीरे धीरे आश्रम के अनुयायियों तथा श्रद्धालुओं में वृद्धि होती गयी तथा अनेक साधक आश्रम में साधनारत रहने लगे । क्षेत्र में आश्रम के द्वारा जनहित के अनेक कार्य किये जा रहे हैं । आश्रम द्वारा सन 2010 में एक एकड़ भूमि  में चाय की खेती का सफल प्रयोग किया गया तथा वर्तमान में आश्रम द्वारा 8 एकड़ में चाय की खेती की जा रही है । जशपुर जिले में चाय की सफलतापूर्वक खेती कर जिले को एक नयी पहचान देने का श्रेय आश्रम को ही जाता है ।  

सारुडीह चाय बागान  

"मित्रों, आपने असम, केरल, दार्जिलिंग और पश्चिम बंगाल के हरे भरे चाय बागानों के बारे में सुना और देखा होगा और कभी ना कभी उन खुबसूरत बागानों को अपने कैमरे में कैद करने की, मित्रों संग सेल्फी लेने की इच्छा भी हुई होगी । चाय के हरे भरे दूर तक फैले बागान, समीप ही लगे टेंट, चाय की चुस्कियां और मनपसंद किताबें..यदि आपको यह सब अपने ही प्रदेश में उपलब्ध हो तो ?जी हाँ ! आज आपको ले चलता हूँ एक ऐसे ही स्वप्न लोक में  जहाँ आपको न सिर्फ असीम शांति का अनुभव मिलेगा बल्कि आपको ताज़ी चाय की सौंधी खुशबु भी मिलेगी ।"  अब आपको ये अनुभव लेने कहीं और नहीं जाना पड़ेगा , बल्कि ये शानदार अनुभव आपको छत्तीसगढ़ राज्य के सारुडीह चाय बागान में  मिलेगा ।"  आइये थोडा विस्तार से जानते हैं:  

जशपुर जिले का सारूडीह गाँव अपने हरे भरे चाय बागान के कारण देश भर में प्रसिद्द हो रहा है । लगभग 20 एकड़ में फैले चाय बागान को विकसित करने का श्रेय स्थानीय महिला स्व सहायता समूह तथा वन विभाग को जाता है ।विशेषज्ञों के अनुसार जशपुर जिले का मौसम एवं वातावरण चाय की खेती के लिये अनुकूल है तथा यहाँ होने वाले चाय की गुणवत्ता दार्जिलिंग के चाय से अच्छी है । सारुडीह चाय बागान जशपुर शहर के समीप होने के कारण यहाँ रोजाना पर्यटकों का ताँता लगा रहता है। अवकाश के दिनों में जहाँ पर्यटकों की भीड़ सुबह से ही देखी जा रही है। तो आप भी एक बार इन खुबसूरत बागानों में जरुर आइये ।

मिलते हैं किसी ऐसे ही खुबसूरत पड़ाव में... तब तक 

जय जोहार  


सारुडीह चाय बागान  



Friday, May 27, 2022

छत्तीसगढ़ के रंग देखिए मेरे संग अंक 17: कोतेबीरा जलप्रपात

छत्तीसगढ़ के रंग देखिए मेरे संग : कोतेबीरा जलप्रपात एवं शिव धाम

नमस्कार मित्रों, 

छत्तीसगढ़ के रंग देखिए मेरे संग की यात्रा में जैसे जैसे हम आगे बढ़ रहे हैं, हमें छत्तीसगढ़ के विविध रूपों के दर्शन हो रहे हैं l कहीं प्राचीन धार्मिक मान्यताएं हैं तो कहीं पुराकालीन साक्ष्य l कहीं अचंभित करने वाले किस्से कहानियां है तो कहीं रंग बिरंगी परम्पराएँ l अपनी यात्रा के अगले पड़ाव में हम कौतुहलवश आगे बढ़ते हैं और पहुँच जाते हैं छत्तीसगढ़ के उत्तरी क्षेत्र में स्थित जशपुर जिले के "नागलोक" के नाम से प्रसिद्द ग्राम तपकरा से लगभग 10 किलोमीटर दूर स्थित "कोतेबीरा जलप्रपात एवं शिव धाम" में l 

किंवदंती के अनुसार द्वापर युग में पांडवों ने अपने अज्ञातवास के समय यहाँ कुछ समय व्यतीत किया थाl उन्होंने स्नानादि के लिए नदी की पूजा अर्चना कर उनकी अनुमति से कुछ चट्टानों को नदी के मध्य रखकर अस्थाई रूप से पानी की धार की रोका ताकि सभी स्नान आदि कर सकें, इसके साक्ष्य के रूप में वहां नदी के आसपास तथा मध्य भाग में अनेक विशाल चट्टान फैले हुए हैं तथा मध्य भाग में सुन्दर जलप्रपात अनवरत प्रवाहित हैl        

स्थानीय लोक कथाओं के अनुसार यहाँ आसपास के क्षेत्र में एक राजा थे जिनके पास अपार धन सम्पदा थी तथा स्वर्ण मुद्राओं से भरे अनेक पात्र थे l दुश्मनों एवं राक्षस लुटेरों से बचने के लिए राजा ने अपनी समस्त स्वर्ण मुद्राएँ नदी के बीच स्थित चट्टानों से घिरे टापू में रेत के टीलों के नीचे छुपाकर रख दिया तथा उनके ऊपर बड़े बड़े चट्टान रख दिए l राजा ने सुरक्षा की दृष्टि से वहां दो बहादुर वीरों को तैनात किया तथा अपना राज काज करने लगे l स्वर्ण मुद्राओं का आभास होने पर एक दिन नदी ने राजकुमारी का रूप धरा और टापू में आ गयीं, उन्होंने तब स्वर्ण मुद्राओं की सुरक्षा में तैनात वीरों को देखा और उनसे पूछा कि क्या किसी ने स्वर्ण मुद्राओं की रखवाली के लिए मुझसे आज्ञा ली थी ? मुझे हर पूर्णिमा को एक स्वर्ण मुद्राएँ चाहिए तभी इस स्वर्ण भण्डार की सुरक्षा करुँगी ? यह सुनकर दोनों बहादुर सिपाहियों ने राजकुमारी का रूप धरे नदी को सुकुमारी समझ उनका उपहास उड़ाया और उन्हें वहां से शीघ्र ही लौट जाने को कहा l इस अपमान से व्यथित नदी ने शाप दिया जिसके परिणामस्वरूप दोनों वीर वहां से लापता हो गए तथा स्वर्ण मुद्राएँ धीरे धीरे नदी के जल में घुलकर बहने लगी l 

कुछ दिनों बाद राजा अपनी स्वर्ण मुद्राओं को देखने की मंशा से अपनी सेना सहित वहां पधारे और दोनों वीर सिपाहियों को वहां न पाकर उन्हें पुकारने लगे तथा पूछने लगे कोते बीरा अर्थात वीर कहाँ गए, वीर कहाँ गए? इसी घटना के कारण इस स्थान का नाम कोतेबीरा हुआ l  

राजा की आवाज सुनकर नदी ने पुनः राजकुमारी का रूप धरा और सामने आकर राजा को सारा किस्सा कह सुनाया l राजा अत्यंत दुखी हुए एवं उन्होंने नदी से क्षमा याचना की और अपने स्वर्ण मुद्राओं की मांग करने लगे, राजकुमारी ने एक पात्र में अपना जल भरकर दिया और कहा "हे राजन आप मेरा जल ले जाकर अपने महल में रखो, यह स्वर्ण मिश्रित जल है, रोज सुबह इस पात्र में जल के नीचे एकत्रित स्वर्ण कण आपको प्राप्त होगा और आप का राज पाठ चलता रहेगा", इतना कहकर राजकुमारी नदी में विलीन हो गयीं l 

माना जाता है कि इस घटना के पश्चात आज तक ईब नदी के जल से स्वर्ण कण का मिलना निरंतर जारी है, अर्थात नदी के शाप से आज भी स्वर्ण मुद्राएँ जल में मिश्रित होकर निरंतर बह रही हैं l  

तो मित्रों है न हमारा छत्तीसगढ़ अद्भुत! 

मिलते हैं अगले अंक में 

तब तक जय जोहार     

कोतेबीरा शिवधाम 
ईब नदी का विहंगम दृश्य
  
जलप्रपात: कोतेबीरा 
अस्ताचलगामी दिवाकर और ईब नदी  

छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग अंक 43: छत्तीसगढ़ की पुण्य धरती राजिम

  छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग अंक 43: छत्तीसगढ़ की पुण्य धरती राजिम नमस्कार मित्रों, पवित्र “माघ” का मास चल रहा है, माघ का महीना हमार...