छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग: कुनकुरी का महा गिरिजाघर
नमस्कार मित्रों,
छत्तीसगढ़ प्रदेश की अनेक विशेषताओं में एक विशेषता यह भी है कि हमारे प्रदेश में प्रत्येक धर्म के पूजा स्थल हैं जहाँ लोग सामान रूप से ईश्वर की प्रार्थना करने जाते हैं। प्रदेश में हिन्दू, बौद्ध, जैन, मुस्लिम, सिख एवं इसाई सभी धर्मों के धार्मिक पर्यटन स्थल हैं जहाँ विशिष्ट अवसरों पर श्रद्धालुओं का मेला लगता है। आइये चलते हैं ऐसे ही एक धार्मिक स्थल में जहाँ वर्ष में लाखों की संख्या में श्रद्धालु आते हैं।
जैसा कि पिछले अंकों में हमने देखा कि में जशपुर जिला अपनी समृद्ध जैव विविधता के साथ साथ नैसर्गिक तथा धार्मिक पर्यटन का केंद्र भी है। धर्मिक महत्त्व के इन स्थलों में एक नाम प्रमुखता से आता है कुनकुरी के चर्च का जिसे महागिरिजा घर भी कहा जाता है। कुनकुरी का यह चर्च जशपुर जिला मुख्यालय से लगभग 40 किलोमीटर दूर कुनकुरी शहर में स्थित है ।
इस चर्च की विशेषता यह है कि इस चर्च को एशिया का दूसरा सबसे बड़ा चर्च होने का गौरव प्राप्त है जिसमें लगभग 10000 से अधिक लोग एक साथ प्रार्थना कर सकते हैं। संभवतः यही कारण है की इसका नाम महागिरिजाघर भी है .
स्थानीय लोगों में इस महागिरिजाघर के प्रति अत्यंत श्रद्धा है, श्रद्धालु यहाँ प्रतिदिन प्रार्थना करने आते हैं। इस चर्च की वास्तुकला बेहद आकर्षक है, यही कारण है कि श्रद्धालु दूर दूर से इसकी एक झलक पाने के लिए खींचे चले आते हैं एवं इसकी बेजोड़ सुन्दरता को अपने कैमरे में कैद करके ले जाते हैं। बताया जाता है कि इस चर्च के विभिन्न अंगों को अलग अलग स्थानों से लाया गया है जैसे – चर्च के छत को उड़ीसा के राउरकेला से, खिडकियों में बने संस्कार झारखण्ड से , इस चर्च में लगे घंटी को केरल से और क्रॉस के उपर बने कबूतर जिसे पवित्र आत्मा का प्रतीक माना जाता है उसे छत्तीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र से लाया गया है।
इस पवित्र महागिरिजघर का कुनकुरी शहर के विकास में महत्वपूर्ण योगदान है। चर्च के निर्माण के बाद यहाँ लोयोला स्कूल तथा होलीक्रॉस अस्पताल का निर्माण हुआ एवं कुनकुरी जो पूर्व में एक छोटा सा गाँव था, धीरे धीरे आज कुनकुरी शहर बन चूका है।
तो मित्रों जब भी आप जशपुर क्षेत्र में घुमने जाएँ एक बार कुनकुरी का यह महा गिरिजाघर अवश्य देखें





















