छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग: रामझरना
छत्तीसगढ़ के प्राकृतिक तथा धार्मिक पर्यटन स्थलों में रायगढ़ जिले के "राम झरना" का नाम प्रमुखता से आता है । रायगढ़ शहर से लगभग 20 किलोमीटर दूर खरसिया ब्लॉक में यह लोकप्रिय पर्यटन स्थल स्थित है । सघन वनक्षेत्र में स्थित यह प्राकृतिक जलस्रोत है जहाँ से निरंतर जलधारा लगातार बह रही है, यह लगभग डेढ़ किलोमीटर क्षेत्र में फैला हुआ है। यह प्राकृतिक झरना क्षेत्र के प्रकृति प्रेमियों तथा धर्मावलम्बियों के लिए एक विशिष्ट स्थान है। जैसा कि नाम से विदित है, यह स्थान का सम्बन्ध भगवान श्री राम के वनवास काल से भी सम्बद्ध है। वाल्मीकि रामायण के अनुसार भगवान श्री राम ने अपने 14 वर्षों के वनवास में दस वर्ष दंडकारण्य अर्थात छत्तीसगढ़ में बिताया था। स्थानीय लोगों की मान्यता है कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान् श्री राम, अनुज लक्ष्मण तथा अर्धांगनी माता सीता सहित इस स्थान पर पधारे थे , वनवासकाल के दौरान एक बार जब माता सीता को प्यास लगी, तब भगवान श्री राम ने धरती माता से अनुमति लेकर अपना एक तीर चलाया, श्रीराम के तीर से बिंधकर धरती से निर्मल जलधारा फूट पड़ी जिससे माता सीता ने अपनी प्यास बुझाई। तब से यहाँ निर्मल जलधारा लगातार प्रवाहित हो रही है और इस पवित्र स्थल का नाम भगवान श्री राम की याद में राम झरना हुआ।
स्थानीय लोग तीज त्योहारों तथा विशिष्ट तिथियों में यहाँ परिवार सहित पिकनिक मनाने आते रहते हैं l
श्रद्धालुओं का का मानना है इस कुंड का पानी पीने अनेक शारीरिक रोगों से मुक्ति मिलती है। स्थानीय तथा देश के अन्य प्रदेशों से श्रद्धालु यहाँ आते है एवं पवित्र जलग्रहण करते हैं तथा अपने साथ भी ले जाते हैं। वर्तमान में यह स्थल वन विभाग के संरक्षण में है तथा इसे ईको पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है।
मिलते हैं अगले पड़ाव में
तब तक सभी मित्रों को जय जोहार
















.jpeg)

.jpeg)
