गुरू घासीदास जी की
तपोस्थली छाता पहाड़ एवं जैतखाम
नमस्कार मित्रों,
आज आपको छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध धार्मिक स्थल की यात्रा पर ले चलता हूँ तो आइये चलते हैं सतनाम पंथ के प्रर्वतक गुरू घासीदास जी की तपोस्थली छाता पहाड़ जो स्थित है बलौदाबाजार जिले के ग्राम गिरौदपूरी में । यह राज्य के सबसे प्रसिद्द दर्शनीय स्थलों में एक है जहाँ लोगों की अपार धार्मिक आस्था है। यहाँ प्रतिवर्ष गुरू घासीदास जी की जयन्ती 18 दिसंबर को भव्य मेले का आयोजन किया जाता है। कहा जाता है कि गुरू घासीदास जी ने अपना अधिकांश जीवन गिरौदपूरी के घने जंगलों में तपस्यारत होकर बिताया एवं लोगो को सत्य एवं एकता के मार्ग पर चलने का सन्देश दिया। यह स्थल चहुँओर सघन वनों से घिरा हुआ है l
यहाँ स्थित छाता पहाड़ के बारे में कहा जाता हैं, कि पहाड़ के नीचे स्थित छोटी सी गुफा में बैठकर ही गुरू घासीदास ने कठिन तपस्या की जहाँ बाबा के बैठने का स्थान आज भी सुरक्षित है। गिरौधपूरी में बाबा घासीदास के स्मारक जैतखाम का निर्माण शासन द्वारा कराया गया है l इस भव्य जैतखाम का निर्माण 2008 से 2012 तक चला। सन 2015 में तत्कालीन मुख्यमंत्री डॉ रमण सिंह द्वारा जैतखाम का लोकार्पण किया गया। इस स्वेत स्तंभ का वास्तुशिल्प इतना शानदार है कि यह दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर देता है। यह आधुनिक इंजीनियरिंग का यह नायाब उदाहरण है, इसे भूकंप रोधी और अग्निरोधी बनाया गया है। जैतखाम को बनाने में सात स्तम्भ का उपयोग किया गया है। सूर्यास्त के समय जैतखाम की भव्यता देखते ही बनती है। हरे भरे पहाडि़यों के मध्य गगनचुंबी जैतखाम दूर से रियो डि जेनेरो स्थित Christ the Redeemer की तरह खूबसूरत एवं भव्य दिखाई देता है। पवित्र जैतखाम में विश्व शांति का संदेश देने के लिए श्वेत पताका फहराया जाता है l इसकी ऊंचाई लगभग 77 मीटर है जो क़ुतुब मीनार (72. 5 मीटर) से अधिक है।
जैतखाम को शांति के विशाल प्रतीक के रूप में माना जाता है। इस स्तंभ को सतनाम धर्म के लोगों द्वारा विशेष रूप से पूजा जाता है। माना जाता है कि गुरु घासीदास का जन्म 18 दिसंबर 1756 को गिरौदपुरी में हुआ था। गुरु घासीदास जी सतनाम धर्म के दिव्य पुरुष थे इनके जन्मदिन के शुभ अवसर पर प्रतिवर्ष गुरु घासीदास जयंती मनाई जाती है तथा यहाँ भव्य मेले का आयोजन किया जाता है। एक अनुमान के मुताबिक यहां एक वर्ष में विभिन्न राज्यों से लगभग 3 -5 लाख दर्शनार्थी आते हैं।
आप भी सपरिवार एक बार इस शानदार धार्मिक स्थल का दर्शन लाभ अवश्य लें l
मिलते हैं किसी और रोचक स्थल के विवरण के साथ तब तक आप सबको
जय जोहर










.jpeg)

.jpeg)






