Sunday, April 24, 2022

छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग अंक 12: बारनवापारा अभ्यारण्य

 छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग: बारनवापारा अभ्यारण्य 

छत्तीसगढ़ राज्य का सबसे लोकप्रिय अभ्यारण्य ।

मित्रों आज आपको लेकर चलता हूँ प्रदेश के सबसे लोकप्रिय अभ्यारण्य बारनवापारा की सैर पर।   

राजधानी रायपुर से पूर्व दिशा में राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 53 जो पूर्व में राष्ट्रीय राजमार्ग 06 हुआ करता था , पर लगभग 100 किलोमीटर दूर  स्थित बारनवापारा अभ्यारण्य अनेक अर्थों में विशिष्ट है। 244 .66 वर्ग किलोमीटर में फैले इस अभ्यारण्य का नाम यहां स्थित 2 वन्य ग्रामों बार तथा नवापारा के नाम पर रखा गया है। बारनवापारा अभ्यारण्य चहुँओर से प्रागैतिहासिक एवं पूराकालीन धरोहरों, स्मारकों, धार्मिक महत्व के स्थलों से घिरा हुआ है। इनमें से प्रमुख कल्चुरिकालीन राजधानी सिरपुर का लक्ष्मण मंदिर, तीवरदेव विहार, गंधेश्वर महादेव, बुद्ध विहार, सुरंग टीला,  राम वनगमन पथ का पड़ाव महर्षि वाल्मीकि का आश्रम तुरतुरिया,  गोंड राजा सिंघा धुर्वा का सिंहासन एवं गुफा, नागार्जुन गुफा आदि प्रमुख हैं।     

जानकारों की मानें तो इस अभ्यारण्य में बाघ की अंतिम दहाड़ सन 2006 -07 में देवगढ़ घाट में तक सुनाई दी थी, फिर ना जाने क्या हुआ और अब बाघ की उपस्थिति एक किंवदंती बनकर रह गई। बारनवापारा अभ्यारण्य को करीब से देखते हुए कई बरस बीत गए, इस दौरान मुझे इसकी हालत परिवार के उस मुखिया के तरह लगती है जो अपने कुनबे की उम्मीदों का बोझ ढोते ढोते थक कर चूर हो जाता है पर उसके चेहरे पर कभी मायूसी नहीं आती। चाहे जितनी भी परेशानियां आएं पर बारनवापारा अभ्यारण्य आपका स्वागत बाहें फैलाकर करता है। ये आपको कभी निराश नहीं करता। 

जंगल सफारी के दौरान यहां आपको गौर अर्थात भारतीय बायसन के झुंड बेहद करीब से देखने को मिलेंगे। चित्तीदार हिरण, भालू, नीलगाय एवम भेड़िए यहां प्रमुखता से दिखाई देंगे। कभी इस अभ्यारण्य से विलुप्त हो चुके काले हिरणों को यहां पुनर्वासित किया गया है, वर्तमान में इन्हें अपने शावकों के साथ कुलांचें भरते देखना सुखद आश्चर्य था। वर्तमान में बारनवापारा में भारतीय तेंदुओं को अच्छी संख्या है यदि आपकी किस्मत ने साथ दिया तो आप तेंदुओं के साथ भी कुछ समय बिता सकते हैं। 


यह चिड़ियों की अनेक प्रजातियों का प्राकृतिक रहवास है जिनमें मोर, तोते, धनेश, हरिल, नवरंगा, जंगली मुर्गे, तीतर, बटेर, बगुले आदि प्रमुख हैं। 


बारनवापारा अभ्यारण्य अपने सुन्दर भू- भाग एवं जैव विविधता के कारण पर्यटकों के मध्य अत्यंत लोकप्रिय है।यहाँ पहुंचकर पर्यटक मंत्रमुग्ध हो जाते हैं। अभ्यारण्य के मध्य भाग से प्रवाहित होने वाली नदियों महानदी तथा बालमदेही से यहाँ जल आपूर्ति एवं प्रवाह लगभग वर्षभर बना रहता है। 

सर्दियों में अभ्यारण्य की सफारी का आनंद दुगुना हो जाता है जब सुबह की धूप के साथ वन्यजीवो का धमाचौकड़ी दिखाई देने लगती है। बारनवापारा अभ्यारण्य में रात्रि विश्राम का शानदार विकल्प है पर्यटन ग्राम।  यह वन विभाग की सहायता से स्थानीय लोगों द्वारा संचालित एक शानदार रिसोर्ट है जहाँ रुकने के लिए अनेकों विकल्प हैं।  बार ग्राम के मध्य चौराहे पर स्थित हेरिटेज हाउस में आपको पुराने राजा महाराजाओं के ठाट बाठ का अनुभव देता है जहाँ आप अग्रिम आरक्षण कर सपरिवार रुकने का आनंद ले सकते हैं।  


तो गर्मी  की छुट्टियों में घूम आइये बारनवापारा अभ्यारण्य ! फिर मिलते हैं यहाँ के कुछ और रोचक किस्सों के साथ  

जय जोहर    

हरियल Yellow Footed Green Pigeon 
 पर्यटन ग्राम विश्राम गृह 
सड़क पार करता हुआ भालू 
पक्षी विहार 

Tickell's blue Flycatcher


Sunday, April 17, 2022

छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग अंक 11: अचानकमार टाइगर रिज़र्व

 छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग: अचानकमार टाइगर रिज़र्व  

छत्तीसगढ़ में टाइगर रिज़र्व की बात हो और सबसे पहले अचानकमार टाइगर रिज़र्व का जिक्र ना हो ऐसा संभव नहीं है। एटीआर के नाम से प्रसिद्द अचानकमार टाइगर रिजर्व सतपुड़ा के एक क्षेत्र पर विशाल मैकल पहाड़ियों में 553.286 वर्ग किलोमीटर के विशाल क्षेत्र में फैला हुआ है। अचानकमार के सदाबहार सालवन इसको खास बनाते हैं। साल वृक्षों के अतिरिक्त यहाँ बांस, सागौन तथा अन्य वनस्पतियों की सघन उपस्थिति कहीं कहीं वर्षावनों का आभास कराती है।  अचानकमार अभ्यारण्य को सन 2009 में बाघों की संख्या के लिए टाइगर रिजर्व क्षेत्र घोषित किया गया। 

अचानकमार के रहस्यलोक को जानने से पूर्व टाइगर रिजर्व के कोर क्षेत्र में आने वाले गाँवों के बारे में जानना आवश्यक है क्योंकि इन गाँवों के नाम से लेकर इनसे जुड़े किस्से बेहद दिलचस्प हैं। अचानकमार रिज़र्व से जल्दा, कूबा, बहाऊड़, बांकल, बोकराकछार तथा सांभरधसान का आदि गावों का व्यवस्थापन पहले ही किया जा चुका है और वर्तमान में तिलाईडबरा, बिरारपानी तथा छिरहट्टा, अचानकमार, बिन्दावल तथा सारसडोल, छपरवा, लमनी, बम्हनी, कटामी, जाकड़बाधा, महामाई, डगनिया आदि गांव के विस्थापन की कार्रवाई चल रही है।

अचानकमार रिज़र्व की एक विशिष्टता और यह भी है कि सम्पूर्ण क्षेत्र पहाड़ियों में बंटा हुआ है इसलिए जिप्सी सफारी के दौरान आपको अधिक रोमांच का अनुभव होता है।  

अचानकमार टाइगर रिजर्व में बाघ, तेंदुआ, गौर या भारतीय बायसन , उड़न गिलहरी, जंगली सुअर, चिलीदार हिरण, भालू, लकड़बग्घा, सियार, चार सिंग वाले मृग, चिंकारा सहित 50 प्रकार के स्तनधारी जीव एवं 200 से भी अधिक विभिन्न प्रजीतियों के पक्षी देखे जा सकते हैं।


विस्थापित गाँव जल्दा 

अचानकमार टाइगर रिज़र्व के भीतर एक विस्थापित गाँव है "जल्दा",  गर्मियों की शाम जल्दा का सौंदर्य देखने लायक होता है।  मैं जल्दा को स्थानीय और शौकिया वाइल्डलाइफ फोटोग्राफरों तथा वन्यजीव प्रेमियों का मसाई मारा कहता हूँ।  बढती गर्मी में अपनी प्यास बुझाने जब वन्यजीवों का झुंड एक छोटे से पोखर में चला आता है तो मानों मेला लग जाता है।  

हरेभरे विशाल वृक्षों की श्रुंखला युक्त पृष्टभूमि में चित्तिद्दार हिरन और गौर अथवा बायसन के झुण्ड विशाल मैदान में हरी घास चरने तथा पानी पीने में जब रम जाते  हैं तब उन्हें शांत भाव से करीब से निहारने और फोटोग्राफी करने का सुख अलौकिक होता है ।    

यह मेरे सबसे पसंदीदा स्थलों में एक है जहाँ गर्मियों की एक शाम बिताना लगभग तय होता है।  अचानकमार टाइगर रिज़र्व की सफारी के लिए आप अचानकमार के प्रवेश द्वार से जिप्सी सशुल्क ले सकते हैं तथा अचानकमार से बिलासपुर की ओर लगभग 10 किलोमीटर पर ग्राम शिवतराई में वन विभाग द्वारा संचालित बैगा रिसोर्ट है जहाँ आप सपरिवार रात्रि विश्राम कर सकते हैं। 

यदि आपने अभी तक अचानकमार का भ्रमण नहीं किया है तो एक बार अवश्य देखें। फिर आप हमेशा के लिए अचानकमार टाइगर रिज़र्व के होकर रह जायेंगे।    

जल्दा गाँव की एक शाम 

उड़न गिलहरी 
अचानकमार का शताब्दी द्वार





Sunday, April 10, 2022

छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग अंक 10: सियादेवी

 छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग: सियादेवी 

 नमस्कार मित्रों,

आप सबको रामनवमी की अनेक अनेक शुभकामनायें। आज के पावन पर्व पर छत्तीसगढ़ के भांजे, माता कौशल्या के पुत्र प्रभु श्रीराम से संबंधित कथा एवं उनके साक्ष्य से भक्तिमय पावन धरती के दर्शन से अधिक लाभ अन्य कहीं नहीं। यूँ तो छत्तीसगढ़ के कण कण में भगवान् श्रीराम हैं परन्तु   

आज आपको लेकर चलता हूँ एक और दर्शनीय स्थल की यात्रा पर जिसका नाम माता सती एवं सीता के नाम पर क्षेत्र में प्रसिद्द है।  सियादेवी जो बालोद जिले में गुरूर तहसील से धमतरी मार्ग में ग्राम सांकरा से दक्षिण की ओर 07 कि.मी. की दूरी पर ग्राम नारागांव देवस्थल में स्थित है।  सघन वनक्षेत्रों से घिरे इस स्थल पर शिव, शक्ति एवं सौन्दर्य का अनोखा संगम देखने को मिलता है। यह स्थल अपने अप्रतिम प्राकृतिक सौन्दर्य से पर्यटकों का मन मोह लेती है। सियादेवी  क्षेत्र में  अध्यात्म  एवं  पर्यटन का अप्रतिम उदहारण है । बालोद जिले के एक मात्र जलप्रपात एवं गुफाओं के कारण यह स्थान स्थानीय पर्यटकों के मध्य अत्यंत लोकप्रिय है।  इस पहाड़ी क्षेत्र से दो जल स्त्रोतों का उद्गम हुआ है। इन्हें क्रमशः दक्षिण-पूर्व से आने वाला झोलबाहरा और दक्षिण -पश्चिम से आने वाला तुमनाला  के नाम से जाना जाता है।  उद्गम स्थल से पतली  धारा के रूप निकलकर चट्टानों पर टकराते हुए ये नीचे की ओर बढ़ते हैं तथा इनका संगम देखते ही बनता है। इसी स्थल पर देवादिदेव महादेव का पवित्र देवस्थल शोभायमान है। संगम स्थल से कल-कल करती जलधारा मात्रा 100 मी. की दूरी पर एक प्राकृतिक झरने के रूप परिवर्तित हो जाती है, इस झरने की  ऊंचाई 50 फीट है, ऊंचाई से जलराशि का चट्टानों पर गिरकर कोहरे के रूप में परिवर्तित  हो  जाना अत्यंत मनोहारी दृश्य प्रस्तुत करता है। 

पास  ही  स्थित बाल्मिकी आश्रम से बाल्मिकी जी इस दृश्य को निहारते हुए प्रतीत होते हैं। 

इस देवस्थल के सम्बन्ध में मान्यता है कि त्रेतायुग में भगवान शंकर अपनी अर्धांगिनी माता सती के साथ कुंभज ऋषि के आश्रम से कथा सुनकर वापस अपने स्थान को लौट रहे थे, उसी समय श्री राम अपने छोटे भाई लक्ष्मण के साथ सीता के वियोग में भटकते हुए दण्डक वन में पहुंचे। शंकर जी ने  भगवान् श्रीराम को नरलीला करते एवं सीता जी के वियोग में जंगलों में भटकते देख प्रभु श्रीराम को प्रणाम किया । भगवान शंकर का राम जी को प्रणाम करना सती माता को कुछ अटपटा सा लगा कि भोलेनाथ साधारण राजकुमारों को कैसे प्रणाम कर रहे हैं, जबकि वे स्वयं संसार के स्वामी है। सती जी ने भगवान शंकर के समक्ष अपनी शंका व्यक्त की। यब भगवान शंकर ने उनकी शंका का समाधान करते हुए कहा कि वे साधारण मनुष्य नहीं बल्कि परमात्मा है, परन्तु माता सती जी के शंका का समाधान नहीं हुआ और माता श्रीराम की परीक्षा लेने की जिद करने लगी।

सती जी ने श्रीराम की परीक्षा लेने के उद्देश्य से सीता का रूप धारण एवं श्रीराम के समक्ष गयीं । भगवान राम उन्हें पहचान गए और उन्हें प्रणाम करते हुए कहा कि “माता आपके इस प्रकार अकेली वन में भ्रमण करने का क्या प्रयोजन है,   भगवान शिव जी कहां है? सती यह सुनकर संकोचवश घबरा जाती है, तब भगवान श्री राम यहां पर अपना अनंत रूप प्रकट करते है, इस प्रकार जहां सती ने सिया अर्थात माता  सीता का देह धारण किया उस स्थान का नाम सियादेवी हो गया।

मिलते हैं एक और यात्रा पर 

तब तक जय जोहार 

सियादेही जलप्रपात 
चित्र: दुर्ग वनवृत्त से साभार 



Saturday, April 2, 2022

छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग अंक 9: कोपाबेड़ा का शिव मंदिर एवं रुद्राक्ष का पेड़

छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग: कोपाबेड़ा का शिव मंदिर एवं रुद्राक्ष का पेड़ 

 नमस्कार मित्रों,

आज आपको लेकर चलता हूँ एक बेहद खास एवं पवित्र शिवलिंग की दर्शन यात्रा पर 

छत्तीसगढ़ की पुण्य धरा पुरातनकाल से तपस्वियों, ऋषियों तथा पुण्यात्माओं का वास रहा है। छत्तीसगढ़ के वनक्षेत्रों में आपको पग पग में ऐसे साक्ष्य मिलेंगे जिनसे आपको सुखद आश्चर्य के साथ इस धरा के प्रति अगाध श्रद्धा एवम प्रेम की अनुभूति होगी। 

विगत दिनों यायावरी धर्म का निर्वहन करते हुए गगनचुंबी साल वनों के मध्य बहती पहाड़ी नदियों एवम कंदराओं के सम्मुख सर्पाकार मार्ग से होकर हम पहुंचे ऐसे ही एक पुण्य क्षेत्र में जहां एक छोटा सा गांव है "कोपाबेड़ा"। कोंडागांव जिला मुख्यालय से लगभग 5 किलोमीटर दूर इस स्थान पर एक प्राचीन तथा स्वयंभू शिवलिंग विराजमान हैं। यहां एक पुराना आश्रम है जिसके प्रांगण में शिवलिंग तथा अन्य देवी देवताओं की मूर्तियां विराजमान हैं। 

स्थानीय सूत्रों से ज्ञात हुआ कि सन 1943 में ऋषिकेश से स्वामी शिवानंद जी महाराज अपने कुछ शिष्यों सहित यहां विराजे तथा यहां अपना तपोवन बनाया। कालांतर में उनके उत्तराधिकारी स्वामी श्री चिदानंद जी तथा पश्चात स्वामी श्री शिवराम बाबा जी ने इस स्थान पर अपनी साधना  की। 

यह प्रकृति की गोद में बसा अत्यंत ही सुरम्य स्थान है। यहां बैठकर हमें असीम शांति तथा दैवीय शक्तियों से सान्निध्य का  अलौकिक अनुभव प्राप्त हुआ। 

आश्रम की समीप ही लगे वृक्षों के मध्य हमें एक फलदार वृक्ष दिखाई दिया जिसमें आम की तरह छोटे छोटे फल दिखाई दिए, कौतूहलवश मैने प्रांगण में गिरे कुछ फलों का अवलोकन किया एवम वहां उपस्थित पुजारी जी से उन फलों के संबंध में जानना चाहा। यह जानकर अत्यंत आश्चर्य एवम प्रसन्नता हुई कि वह रुद्राक्ष का वृक्ष एवम फल है। 

पुजारी जी ने बताया कि यह रुद्राक्ष का वृक्ष स्वामी शिवानंद जी महाराज द्वारा लगाया गया था जो प्रतिवर्ष फल देता है। समय की मर्यादा को ध्यान में रखते हुए हम वापस लौट आये, परन्तु मन में एक संकल्प के साथ कि हम शीघ्र ही यहाँ आयेंगें और एक रात कैंप लगाकर शिव की पूजा अर्चना करेंगे l 

मिलते हैं अगले अंक में 

तब तक जय जोहार 

रुद्राक्ष का फल एवं रुद्राक्ष 

रुद्राक्ष का पेड़ 

पवित्र शिवलिंग 


आश्रम 

आश्रम के संस्थापक स्वामी श्री शिवानंद जी महाराज, उनके उत्तराधिकारी स्वामी श्री चिदानंद जी तथा स्वामी श्री शिवराम बाबा जी का चित्र 




Saturday, March 26, 2022

छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग अंक 8: बस्तर की प्राचीन राजधानी बड़े डोंगर की मां दंतेश्वरी:

छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग       

बस्तर की प्राचीन राजधानी बड़े डोंगर की मां दंतेश्वरी:

देवलोक बड़े डोंगर को बस्तर की प्राचीन एवं प्रथम राजधानी माना जाता है। स्थानीय इतिहासकारों एवं जानकारों के अनुसार बस्तर की देवी मां दंतेश्वरी का निवास मुख्य रूप से दंतेवाड़ा का मंदिर है तथा इससे पहले बस्तर की राजधानी बुद्दोनगर में माई जी का मुख्य उत्सव इसी मंदिर से संचालित होता था ऐसा माना जाता हैl

इस स्थान से जुड़ी अनेक किंवदंतियों में से एक के अनुसार वारंगल के शासक अन्नमदेव ने इस क्षेत्र में आकर नागवंशी शासकों को युद्ध में परास्त किया तथा बड़े डोंगर स्थित बड़े से पत्थर में बैठकर अपना राज्यभिषेक कराया जिसे अब गादी पथना (राजगद्दी का पत्थर) के नाम से जाना जाता है।  मान्यता है कि यहाँ माता जगदम्बा महिषासुर मर्दिनी ने महिषासुर नामक राक्षस का वध किया था इसलिए यह स्थान स्थानीय लोगों के मध्य भैंसादोंद डोंगरी के नाम से भी प्रसिद्द है। 

बड़े डोंगर स्थित के पुराकालीन विशाल चट्टानों में चिन्हित माता के रथ में प्रयुक्त रस्सियों के निशान किसी आश्चर्य से कम नहीं है l ऐसा प्रतीत होता है कि जब माता महिषासुर मर्दिनी ने रथ पर आरूढ़ होकर महिषासुर के वध के लिए प्रस्थान किया तब असंख्य सेवकों ने माता के रथ को खींचा था जिससे पत्थरों पर निशान प्रकट हो गए l इन्हीं पत्थरों पर कहीं सिंह के पंजे,  माता के दो नेत्र तथा दो नन्हें क़दमों के निशान हैं मानो माता जगतजननी जगदम्बा ने यहाँ अपने कोमल पग धरे हों। बड़े डोंगर में श्री कृष्णजन्माष्टमी तथा वर्ष के दोनों प्रकट नवरात्रों के अवसर पर श्रद्धालुओं का भव्य मेला लगता है, देवलोक बड़े डोंगर में राज्य के लोगों में अगाध श्रद्धा है ।   

यह देवलोक फरसगांव से मात्र 16 किमी दूर पहाड़ियों से पर स्थित है l बड़े डोंगर को तालाबों की पवित्र नगरी भी कहा जाता है क्योंकि यहाँ 147 तालाब पाए जाते थे जिनके प्रमाण आज भी विद्यमान हैं l

मित्रों यदि आप भी इस देवलोक पर माता के चिन्हों का दर्शन लाभ लेना चाहते हैं तो आगामी 2 अप्रेल से प्रारंभ हो रहे चैत्र नवरात्र में सपरिवार जाकर दर्शन लाभ अवश्य लें l बस्तर के गौरवशाली इतिहास को समीप से जानने एवं समझने का एक ही तरीका है कि हम वहां जाएँ और उसकी दिव्यता का स्वयं अनुभव करें l

विगत वर्ष मुझे यहाँ जाने का तथा श्री घनश्याम सिंह नाग जी से मिलने का सौभाग्य प्राप्त हुआ l इस अवसर पर उन्होंने अपनी लिखी किताब “देवलोक बड़े डोंगर” की एक प्रति भी मुझे भेंट स्वरुप दिया l बस्तर की इस यात्रा में मेरे पथ प्रदर्शक, भ्राता तथा घुमक्कड़ी गुरु आदरणीय श्री ललित शर्मा जी का मार्गदर्शन सतत मिलता रहा l  

मिलते हैं अगले अंक में छत्तीसगढ़ की पवन धरा के कुछ और आश्चर्य से भरे तथ्यों, किस्से कहानियों के साथ

तब तक जय जोहार     

चट्टान पर अंकित माता के नेत्र 

आदरणीय श्री घनश्याम नाग जी से सौजन्य भेंट 
चट्टान पर अंकित सिंह के पंजे के निशान 

देवलोक बड़े डोंगर के शिखर पर 

चट्टान में अंकित माता के कदमों के निशान  

माता के रथ की रस्सी के निशान 


Monday, March 21, 2022

छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग अंक 7: प्रागैतिहासिक नगरी कांकेर का गढ़िया पहाड़

 छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग: प्रागैतिहासिक नगरी कांकेर का गढ़िया पहाड़  

नमस्कार मित्रों,

पिछले अंक में आपने प्रागैतिहासिक काल से ऋषियों की शरण स्थली कांकेर के सम्बन्ध तथा कांकेर में स्थित गढ़िया पहाड़ के अलग अलग स्थानों को जाना।  आइये जानते हैं कुछ और रोचक बातें जो आपको निश्चित रूप से कांकेर तथा गढ़िया पहाड़ देखने को विवश करेंगी।   

टूरी हटरी 

गढ़िया पहाड़ या किले का हृदय स्थल टूरी हटरी ही है। यह स्थल दैनिक/साप्ताहिक  बाजार,  मेला - मडई  आदि के लिए उपयुक्त था जिसके साक्ष्य मिट्टी के बर्तन व ईंट-तथा खपरैल के अवशेषों के रूप में आज भी यहां मिलते हैं। यहाँ पहाड़ी पर स्थित किले की आवश्यकता के लिए बाजार लगता था जिसे सिर्फ लड़कियां अथवा महिलाएं  ही संचालित करती थीं यही कारण है कि इसका नाम टूरी हटरी पड़ा (छत्तीसगढ़ी में टुरी अर्थात लड़की एवं हटरी अर्थात बाजार)

फांसी पत्थर 

माना जाता है कि किले के इस स्थान से मृत्यु दंड प्राप्त अपराधियों को पत्थर के नीचे खाई में राजा के सैनिकों द्वारा फेंक दिया जाता था। कहा जाता है कि एक बार एक कैदी ने अपने साथ एक सिपाही को भी नीचे खींच लिया। इसके बाद से अपराधियों के हाथ बांधकर उन्हें दूर से बांस से धकेला जाने लगा। 

जोगी गुफा

पहाड़ी के ऊपर जाने के लिए एक कच्चा मार्ग बना हुआ है जहाँ एक विशाल गुफा स्थित है। कहा जाता हैं कि उस गुफा में एक सिद्ध जोगी तपस्या करते थे, जिनका शरीर काफी विशाल था। वहां उनकी विशाल खड़ऊ आज भी मौजूद है। इस कारण इसे जोगी गुफा कहा जाता है।

छुरी पगार

यह भी एक रहस्यमय गुफा है जो सोनई रूपई तालाब के पास ही स्थित है।  इस गुफा में जाने का मार्ग अत्यंत सकरा है तथा गुफा में प्रवेश करने के बाद विशाल स्थान है यहां सैकड़ों की संख्या में लोग बैठ सकते हैं। गुफा के मार्ग में छुरी के समान तेज धारदार पत्थर हैं। इसी कारण इसे छुरी गुफा कहा जाता है। माना जाता है कि किले में दुश्मनों द्वारा हमला होने की स्थिति में राजा अपने सैनिकों सहित इसी गुफा में शरण लेते थे ।


मिलते हैं अगले अंक में छत्तीसगढ़ के किसी और खुबसूरत स्थान पर कुछ और दिलचस्प कहानियों के साथ
तब तक 
जय जोहार 

-ज्ञानेंद्र पाण्डेय 

गढ़िया पहाड़ स्थित नया वाच टावर: इसे 2021 में बनाया गया 

गढ़िया पहाड़ स्थित पुराना वाच टावर 


Saturday, March 12, 2022

छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग अंक 6: प्रागैतिहासिक काल के रहस्य की साक्षी कंक ऋषि की नगरी कांकेर

प्रागैतिहासिक काल के रहस्यों की साक्षी कंक ऋषि की नगरी कांकेर 

इतिहास वेत्ताओं तथा स्थानीय जानकारों के अनुसार कांकेर नगर प्राचीनकाल से ऋषियों की शरणस्थली था।  कांकेर को कंक, लोमश, अंगीरा एवं श्रृंगी ऋषि की तपोभूमि माना जाता है।  कांकेर पर आधिपत्य को लेकर समय समय में अनेक संघर्ष हुए यही कारण है कि कांकेर का इतिहास अनेक संघर्षों का साक्षी रहा। संक्षिप्त में अध्ययन से यह ज्ञात होता है कि लगभग छठी शताब्दी पूर्व यहाँ बौद्ध धर्म का प्रभाव रहा।  106 ई. में यह सातवाहन राजवंश के अधीन था उसके बाद कांकेर राज्य नाग, वाकाटक, नल वंश आदि के आधिपत्य में रहा।  कालांतर में यहाँ सोमवंशीय राजाओं फिर मराठों उसके पश्चात्त अंग्रेजों का राज था।  

कांकेर की भौगोलिक स्थिति और प्राप्त प्रमाणों से यह किसी रहस्यलोक जैसा जान पड़ता है, जिसके सम्बन्ध में खोज तथा अध्ययन की आवश्यकता है।  

आइये मेरे संग और जानिए कांकेर के बारे में 

गढ़िया पहाड़  

   पहाड़ियों से घिरे कांकेर के दक्षिण में गढ़िया पहाड़ नामक पहाड़ अपने ऐतिहासिक साक्ष्यों एवं लोमहर्षक किंवदंतियों के कारण अत्यंत प्रसिद्ध है। यह स्थान पूर्व में सोम, कण्डरा तथा चंद्रवंशी राजाओं का गढ़ अर्थात किला रहा है। प्राकृतिक रूप से अभेद्य गढ़ (किला) होने के कारण इसका नाम गढ़िया पहाड़ पड़ा। प्रारम्भ में इस गढ़ तक पहुँचने के लिए वर्तमान के भंडारीपारा एवं ग्राम गढ़पिछवाड़ी की ओर से कच्चा मार्ग था। 1952 के पश्चात् इस पहाड़ पर चढ़ने के लिए एक नए मार्ग की खोज हुई, यह मार्ग राजापारा स्थित बालाजी मंदिर की बायीं ओर से ऊपर की ओर जाता है।

गढ़िया पहाड़ स्थित विशिष्ट  स्थलों में सिंहद्वार, टुरी हटरी, मृत्युदंड स्थल, होलिका दहन स्थल, जोगी गुफा, खजाना पत्थर, छुरी पगार, सोनई - रुपई तालाब आदि प्रमुख है।  वर्तमान में गढ़िया पहाड़ में महाशिवरात्रि तथा नवरात्रि पर्व पर श्रद्धालुओं का मेला लगता है, लोग दूर दूर से इस अभेद्य किले का इतिहास तथा प्राकृतिक सौंदर्य को देखने आते हैं। वन विभाग द्वारा गढ़िया पहाड़ के कुछ स्थलों पर पूरा उत्खनन का कार्य किया जा रहा है जिसमें प्रागैतिहासिक काल के साक्ष्य मूर्तियां एवं मुद्राएं प्रमुख रूप से प्राप्त हुईं है।   

गढ़िया पहाड़ स्थित खजाना पत्थर 
"पहाड़ में एक स्थान पर जहाँ राजा का महल होना माना जाता है, एक विशाल ऊंचा पत्थर है जो देखने में किसी सुरक्षित आलमारी जैसा प्रतीत होता है जिसमें पत्थर का ही दरवाजा बना हुआ है। किंवदती है कि इस पत्थर के नीचे राजा अपना खजाना छुपा कर रखता था इसीलिए इसका नाम खजाना पत्थर हैं।"

सोनई रुपई तालाब 

गढ़िया पहाड़ में दो तालाब है जिसकी कहानी अत्यंत ही रोचक है।  जनश्रुति के अनुसार करीब 700 वर्ष पूर्व गढ़िया पहाड़ पर धर्मदेव नामक एक राजा हुआ करता था, राजा ने अपनी दो बेटियों सोनई तथा रुपई के नाम पर इन तालाबों का निर्माण कराया।  दोनों बहनें इन तालाबों के किनारे खेला करती थीं परन्तु एक दिन दुर्भाग्यवश दोनों बहनों की तालाब में डूबकर मृत्यु हो गयी। माना जाता है कि सोनई-रुपई की आत्माएं अब भी इस तालाब की रक्षा करती हैं।  पहाड़ पर होने के बाद भी इन दोनों तालाबों का पानी कभी नहीं सूखता तथा इस तालाब की विशेषता यह है कि सुबह और शाम के वक्त इसका आधा पानी सोने और आधा चांदी की तरह चमकता है, इस तरह पानी का सोने-चांदी की तरह चमकना सोनई-रुपई के यहां मौजूद होने के प्रमाण के रूप में देखा जाता है।

सोनई रुपई तालाब 


 

गढ़िया पहाड़ स्थित वाच टावर से कांकेर नगर का विहंगम दृश्य 

मिलते हैं अगले अंक में गढ़िया पहाड़ की कुछ और दिलचस्प कहानियों के साथ
तब तक 
जय जोहार 
  



       

छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग अंक 43: छत्तीसगढ़ की पुण्य धरती राजिम

  छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग अंक 43: छत्तीसगढ़ की पुण्य धरती राजिम नमस्कार मित्रों, पवित्र “माघ” का मास चल रहा है, माघ का महीना हमार...