छत्तीसगढ़ के रंग देखिये मेरे संग: सियादेवी
नमस्कार मित्रों,
आप सबको रामनवमी की अनेक अनेक शुभकामनायें। आज के पावन पर्व पर छत्तीसगढ़ के भांजे, माता कौशल्या के पुत्र प्रभु श्रीराम से संबंधित कथा एवं उनके साक्ष्य से भक्तिमय पावन धरती के दर्शन से अधिक लाभ अन्य कहीं नहीं। यूँ तो छत्तीसगढ़ के कण कण में भगवान् श्रीराम हैं परन्तु
आज आपको लेकर चलता हूँ एक और दर्शनीय स्थल की यात्रा पर जिसका नाम माता सती एवं सीता के नाम पर क्षेत्र में प्रसिद्द है। सियादेवी जो बालोद जिले में गुरूर तहसील से धमतरी मार्ग में ग्राम सांकरा से दक्षिण की ओर 07 कि.मी. की दूरी पर ग्राम नारागांव देवस्थल में स्थित है। सघन वनक्षेत्रों से घिरे इस स्थल पर शिव, शक्ति एवं सौन्दर्य का अनोखा संगम देखने को मिलता है। यह स्थल अपने अप्रतिम प्राकृतिक सौन्दर्य से पर्यटकों का मन मोह लेती है। सियादेवी क्षेत्र में अध्यात्म एवं पर्यटन का अप्रतिम उदहारण है । बालोद जिले के एक मात्र जलप्रपात एवं गुफाओं के कारण यह स्थान स्थानीय पर्यटकों के मध्य अत्यंत लोकप्रिय है। इस पहाड़ी क्षेत्र से दो जल स्त्रोतों का उद्गम हुआ है। इन्हें क्रमशः दक्षिण-पूर्व से आने वाला झोलबाहरा और दक्षिण -पश्चिम से आने वाला तुमनाला के नाम से जाना जाता है। उद्गम स्थल से पतली धारा के रूप निकलकर चट्टानों पर टकराते हुए ये नीचे की ओर बढ़ते हैं तथा इनका संगम देखते ही बनता है। इसी स्थल पर देवादिदेव महादेव का पवित्र देवस्थल शोभायमान है। संगम स्थल से कल-कल करती जलधारा मात्रा 100 मी. की दूरी पर एक प्राकृतिक झरने के रूप परिवर्तित हो जाती है, इस झरने की ऊंचाई 50 फीट है, ऊंचाई से जलराशि का चट्टानों पर गिरकर कोहरे के रूप में परिवर्तित हो जाना अत्यंत मनोहारी दृश्य प्रस्तुत करता है।
पास ही स्थित बाल्मिकी आश्रम से बाल्मिकी जी इस दृश्य को निहारते हुए प्रतीत होते हैं।
इस देवस्थल के सम्बन्ध में मान्यता है कि त्रेतायुग में भगवान शंकर अपनी अर्धांगिनी माता सती के साथ कुंभज ऋषि के आश्रम से कथा सुनकर वापस अपने स्थान को लौट रहे थे, उसी समय श्री राम अपने छोटे भाई लक्ष्मण के साथ सीता के वियोग में भटकते हुए दण्डक वन में पहुंचे। शंकर जी ने भगवान् श्रीराम को नरलीला करते एवं सीता जी के वियोग में जंगलों में भटकते देख प्रभु श्रीराम को प्रणाम किया । भगवान शंकर का राम जी को प्रणाम करना सती माता को कुछ अटपटा सा लगा कि भोलेनाथ साधारण राजकुमारों को कैसे प्रणाम कर रहे हैं, जबकि वे स्वयं संसार के स्वामी है। सती जी ने भगवान शंकर के समक्ष अपनी शंका व्यक्त की। यब भगवान शंकर ने उनकी शंका का समाधान करते हुए कहा कि वे साधारण मनुष्य नहीं बल्कि परमात्मा है, परन्तु माता सती जी के शंका का समाधान नहीं हुआ और माता श्रीराम की परीक्षा लेने की जिद करने लगी।
सती जी ने श्रीराम की परीक्षा लेने के उद्देश्य से सीता का रूप धारण एवं श्रीराम के समक्ष गयीं । भगवान राम उन्हें पहचान गए और उन्हें प्रणाम करते हुए कहा कि “माता आपके इस प्रकार अकेली वन में भ्रमण करने का क्या प्रयोजन है, भगवान शिव जी कहां है? सती यह सुनकर संकोचवश घबरा जाती है, तब भगवान श्री राम यहां पर अपना अनंत रूप प्रकट करते है, इस प्रकार जहां सती ने सिया अर्थात माता सीता का देह धारण किया उस स्थान का नाम सियादेवी हो गया।
मिलते हैं एक और यात्रा पर
तब तक जय जोहार
चित्र: दुर्ग वनवृत्त से साभार



.jpeg)

.jpeg)






